विद्या बालन बनेंगी इंदिरा गांधी?

विद्या बालन

इमेज स्रोत, RAINDROP

कई फ्लॉप फ़िल्मों के बाद अभिनेत्री विद्या बालन अपनी नई फिल्म 'हमारी अधूरी कहानी' को मिले रिस्पॉन्स से ख़ुश हैं.

बीबीसी से बातचीत में उन्होंने कहा, "फ़िल्म फ्लॉप होती है तो बुरा लगता है. घनचक्कर फ्लॉप होने के बाद मेरा दिल ही टूट गया था. पर जब शादी के साइड इफ़ेक्ट फ्लॉप हुई तो कम तक़लीफ़ हुई और जब बॉबी जासूस भी नहीं चली तो और कम तक़लीफ़ हुई क्योंकि दो फ्लॉप को मैं झेल चुकी थी."

वो आगे बताती हैं, "मैंने इन फ़िल्मों को अपने सिस्टम से परिवारवालों के सामने रो-रो के निकाल दिया ताकि ये मुझे पर्सनली तक़लीफ़ ना दे."

'हमारी अधूरी कहानी' से विद्या बहुत ख़ुश हैं. वो कहती हैं, "समीक्षकों को फ़िल्म भले न पसंद आई हो लेकिन लोगों के जो रिएक्शन आ रहे हैं उससे मैं बहुत संतुष्ट हूँ."

इंदिरा गांधी की बायोपिक

इंदिरा गांधी

इमेज स्रोत, SHAMSHER BAHADUR DURGA. PANJAB DIGITAL LIBRARY

बॉलीवुड में बायोपिक के मौसम में विद्या बालन को भी कई ऑफर मिले हैं.

सुचित्रा सेन की बायोपिक करने से उन्होंने इनकार कर दिया और इसका वो कारण भी बताती हैं.

विद्या के मुताबिक़, "फ़िल्म बंगाली में बन रही है और राइमा सेन के होते हुए ये किरदार कोई बेहतर नहीं कर सकता."

विद्या बालन को भारत की पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के बायोपिक का ऑफ़र भी मिला है, लेकिन अभी उन्होंने कुछ तय नहीं किया है.

वो कहती हैं, "जिस तरह से ये फ़िल्म बननी चाहिए क्या वो बन पाएगी? क्योंकि इंदिरा गांधी बहुत ही सम्मानीय राजनीतिक व्यक्तित्व हैं, इसलिए हमें बहुत सीमाओं के साथ काम करना पड़ेगा. फिलहाल मुझे पता नहीं कि मैं वो करूंगी या नहीं."

विद्या की तमन्ना

विद्या बालन और रणबीर कपूर

'डर्टी पिक्चर' और 'कहानी' जैसी हिट फ़िल्में देने वालीं विद्या बालन अब कपूर खानदान के स्टार अभिनेता रणबीर कपूर के साथ काम करना चाहती हैं.

उन्होंने कहा, "मैं रणबीर कपूर के साथ काम करना चाहूंगी. वो एक बेहतरीन अभिनेता हैं."

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> करें. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>