लाइव, डोनाल्ड ट्रंप के संबोधन के फ़ौरन बाद तेल की क़ीमतों में बढ़ोतरी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के व्हाइट हाउस में संबोधन के बाद वैश्विक तेल क़ीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है. उनका यह संबोधन ईरान में जारी युद्ध को लेकर था.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह

  1. डोनाल्ड ट्रंप के संबोधन के फ़ौरन बाद तेल की क़ीमतों में बढ़ोतरी

    तेल भंडार

    इमेज स्रोत, Jason Alden/Bloomberg via Getty

    इमेज कैप्शन, ट्रंप का संबोधन ख़त्म होने के बाद तेल की क़ीमतें बढ़ती जा रही हैं (सांकेतिक तस्वीर)

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के व्हाइट हाउस में संबोधन के बाद वैश्विक तेल क़ीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है. उनका यह संबोधन ईरान में जारी युद्ध को लेकर था.

    बीबीसी संवाददाता पीटर हॉकिन्स के मुताबिक़, जब ट्रंप ने अपना संबोधन शुरू किया, उससे पहले बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड की क़ीमत क़रीब 100 डॉलर प्रति बैरल पर थी. लेकिन भाषण के दौरान इसमें उतार-चढ़ाव आया.

    लेकिन अब संबोधन ख़त्म होने के बाद क़ीमतें बढ़ती जा रही हैं और फ़िलहाल क़रीब 4% बढ़कर 105.38 डॉलर पर पहुंच गई है.

    ऐसा माना जा रहा था कि ट्रंप होर्मुज़ स्ट्रेट को लेकर कुछ एलान कर सकते हैं. लेकिन इससे जुड़ा कोई अपडेट नहीं आने पर तेल की क़ीमतों में बढ़ोतरी देखी जा रही है.

    होर्मुज़ वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए बेहद अहम है, क्योंकि दुनिया का लगभग 20% ऊर्जा व्यापार इसी संकरे समुद्री रास्ते से होता है.

    28 फ़रवरी को युद्ध शुरू होने के बाद से यह मार्ग लगभग बंद है, क्योंकि ईरान ने अमेरिकी और इसराइली हवाई हमलों के जवाब में इस रास्ते से गुजरने वाले जहाज़ों पर हमला करने की धमकी दी है.

  2. इंडोनेशिया में 7.4 तीव्रता का भूकंप, सुनामी की चेतावनी

    तेरनाते

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, भूकंप का केंद्र तेरनाते से लगभग 120 किलोमीटर दूर था

    इंडोनेशिया में गुरुवार सुबह 7.4 तीव्रता का एक तेज़ भूकंप आया, जिसके बाद सुनामी की चेतावनी जारी की गई है.

    अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे के अनुसार, भूकंप की शुरुआती तीव्रता 7.8 दर्ज की गई थी. यह स्थानीय समय के मुताबिक़ सुबह 06:48 बजे मोलुक्का सागर में आया.

    भूकंप का केंद्र तेरनाते शहर से लगभग 120 किलोमीटर दूर था, जो एक छोटा लेकिन घनी आबादी वाला द्वीप है और जिसकी आबादी दो लाख से अधिक है.

    हवाई स्थित सुनामी वार्निंग सिस्टम ने कहा कि भूकंप के केंद्र से एक हज़ार किलोमीटर के दायरे में इंडोनेशिया, फ़िलीपींस और मलेशिया के तटीय इलाक़ों में लहरें उठने की संभावना है.

  3. राष्ट्रपति ट्रंप का 'ईरान पर एक महत्वपूर्ण अपडेट' को लेकर कुछ ही देर में संबोधन

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Brendan SMIALOWSKI / AFP via Getty

    इमेज कैप्शन, ईरान ने ट्रंप के युद्धविराम की मांग वाली ख़बरों को "ग़लत और बेबुनियाद" बताया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कुछ ही समय में "ईरान पर एक महत्वपूर्ण अपडेट" के साथ जनता को संबोधित करने वाले हैं.

    माना जा रहा है कि वह इस संबोधन में अमेरिकी सैन्य सफलताओं को दोहराएंगे और जनता को आश्वस्त करेंगे कि ईरान में चल रहा अभियान आने वाले हफ़्तों में कम या समाप्त हो जाएगा.

    इस संबोधन से पहले, बुधवार को ईरान युद्ध से जुड़े घटनाक्रम पर एक नज़र डालते हैं.

    अमेरिकी सेंट्रल कमांड का कहना है कि युद्ध के एक महीने बाद ईरान में 12,300 से ज़्यादा टारगेट्स पर हमला किया गया है. उसका कहना है कि इन हमलों में ईरानी जहाज़ों, सैन्य कमांड केंद्रों और बैलिस्टिक मिसाइल ठिकानों को "नुक़सान पहुंचाया या नष्ट कर दिया" गया है.

    खाड़ी देशों पर ईरानी हमले जारी हैं. संयुक्त अरब अमीरात और क़तर ने मिसाइल और ड्रोन हमलों का जवाब दिया है, जबकि ब्रिटिश सैनिकों का कहना है कि उन्होंने जॉर्डन, बहरीन और साइप्रस सहित कई देशों के हवाई क्षेत्र में ईरान के 10 ड्रोन गिराए हैं.

    ईरानी अधिकारियों का कहना है कि युद्धविराम की मांग वाली ख़बरें "ग़लत और बेबुनियाद" हैं. ट्रंप के भाषण से पहले, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने अमेरिकियों के नाम एक खुला पत्र जारी किया, जिसमें उन्होंने इस युद्ध को अपने देश पर "क़ब्ज़ा और हमला" बताया.

    साथ ही उन्होंने कहा कि अमेरिका, यूरोप और खाड़ी के अरब पड़ोसी देशों के आम लोगों के प्रति ईरान की कोई दुर्भावना नहीं है.

    यूरोप में ट्रंप की उन टिप्पणियों के बाद चिंता बढ़ रही है, जिनमें उन्होंने संकेत दिया था कि अगर सहयोगी देश अमेरिकी सेना के साथ शामिल होने के उनके अनुरोध को नहीं मानते हैं तो अमेरिका नेटो सैन्य गठबंधन से बाहर हो सकता है.

  4. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.