डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, 'ईरान परमाणु हथियार बनाने के बिल्कुल क़रीब जा चुका था'

इमेज स्रोत, Alex Brandon-Pool/Getty Images
व्हाइट हाउस में ईरान युद्ध के बारे में बोलते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, "ईरान की नेवी ख़त्म हो गई. उनकी एयरफ़ोर्स तबाह हो गई. उनके ज़्यादातर नेता मर चुके हैं."
ट्रंप ने ये भी कहा कि ईरान पर हमला बेहद ज़रूरी था क्योंकि वो न्यूक्लियर विपन (परमाणु हथियार) बनाने के बेहद क़रीब पहुंच चुका था.
ट्रंप ने दावा किया कि युद्ध का मक़सद पूरा होने के क़रीब है.
उन्होंने कहा, "हम इसराइल को और मिडिल ईस्ट के अपने बाक़ी सहयोगियों जैसे सऊदी अरब, बहरीन, क़तर, क़ुवैत और यूएई को उनके सहयोग के लिए शुक्रिया अदा करते हैं."
उन्होंने कहा कि बिना किसी उकसावे के ईरान ने इन देशों पर हमला किया इससे साबित होता है कि वो इस इलाक़े के लिए कितना बड़ा ख़तरा है.
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह यह संबोधन इसलिए दे रहे हैं ताकि लोगों को समझा सकें कि "एपिक फ्यूरी" अमेरिका और दुनिया की सुरक्षा के लिए क्यों ज़रूरी है. अमेरिका ने ईरान के ख़िलाफ़ अपनी सैन्य कार्रवाई को 'एपिक फ्यूरी' नाम दिया है.
ट्रंप ने कहा कि पिछले 47 वर्षों में ईरान या उसके समर्थित समूहों ने कई चरमपंथी हमले और अन्य कार्रवाइयां कीं. उन्होंने ईरान की सत्ता को 'हत्यारी' बताया. उन्होंने हाल ही में देश में हुए विरोध प्रदर्शनों पर कार्रवाई का भी उल्लेख किया, जिसमें हजारों नागरिक मारे गए थे.
उन्होंने कहा कि ऐसे नेताओं को परमाणु हथियार हासिल करने की अनुमति नहीं दी जा सकती. "मैं ऐसा कभी नहीं होने दूंगा."
































