सोशल: सऊदी अरब की महिलाओं के लिए कार कंपनियों ने बनाए ख़ास विज्ञापन

इमेज स्रोत, Twitter

हमें हमेशा से यही सुनने को मिलता था कि सऊदी अरब में औरतों का गाड़ी चलाना मना है. आखिरकार वो मौका भी आया जब इंतज़ार की घड़ी ख़त्म हुई.

26 सितंबर, 2017 को ऐतिहासिक फ़ैसला हुआ जिसमें महिलाओं को भी गाड़ी चलाने का हक दिया गया. हालांकि ये आदेश अगले साल जून से लागू होगा लेकिन औरतों और सामाजिक कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है.

साथ ही खुशी है ऑटोमोबाइल यानी कार बनाने वाली कंपनियों में. इनका उत्साह इनके नए विज्ञापनों में साफ देखा जा सकता है.

जानी-मानी ऑटोमोबाइल कंपनियां अब सऊदी अरब की महिलाओं को ध्यान में रखकर नए-नए विज्ञापन ला रही हैं. जर्मन ऑटोमेकर फॉक्सवॉगन वैगन ने अपना खूबसूरत ऐड ट्विटर पर शेयर किया है.

इमेज स्रोत, Twitter

तस्वीर में काले बैकग्राउंड में किसी महिला के मेंहदी वाले दो हाथ ड्राइविंग करने की स्टाइल में दिखते हैं. साथ में लिखा है 'माय टर्न', यानी ये मेरी बारी है. तस्वीर का कैप्शन है,''अब आपकी बारी है. ड्राइवर की सीट पर आइए.''

इसे हैशटैग #SaudiWomenDriving और #SaudiWomenCanDrive लिखकर पोस्ट किया गया है.

लैंड रोवर ने भी अपना नया ऐड कैंपेन शेयर किया है. इन्होंने सोशल मीडिया पर एक जीआईएफ़ (GIF) पोस्ट किया है.

इमेज स्रोत, Twitter

इसमें लेडीज बैग दिखाया गया है जिसमें वो सभी चीजें हैं जो आम तौर पर किसी लड़की के बैग में होती हैं. मसलन, लिपस्टिक, घड़ी, सनग्लासेज, मेकअप का सामान और परफ़्यूम. छोटी-छोटी इन चीजों में एक और छोटी लेकिन बेहद अहम चीज आकर मिल जाती है और वो है कार की चाभी.

साथ में लिखा,''तुम्हारा इंतज़ार है.'' इस विज्ञापन के ज़रिए कंपनी शायद ये मेसेज देना चाहती है कि महिलाओं को गाड़ी की चाबी हाथ में आने का इंतज़ार है.

कैडिलेक ने एक तस्वीर के जरिए महिलाओँ तक अपना संदेश पहुंचाने की कोशश की है. तस्वीर में कार के भीतर एक महिला को बैठे दिखाया गया है.

इमेज स्रोत, Twitter

साथ में लिखा है,''उन्हें दिखा दीजिए कि दुनिया को आगे ले जाने का क्या मतलब होता है.''

निसान ने एक सांकेतिक तस्वीर का इस्तेमाल कर इस फ़ैसले का स्वागत किया है. उन्होंने जो तस्वीर पोस्ट की है उसमें गाड़ी की एक नंबर प्लेट दिखाई गई है.

इमेज स्रोत, Twitter

गांड़ी का नंबर है- 2018 GRL. दरअसल महिलाओँ को गाड़ी चलाने का अधिकार देने वाला फ़ैसला 2018 से लागू होगा. कंपनी ने इसे सेलीब्रेट किया है.

एक अन्य कंपनी ने अपने ट्विटर हैंडल से तस्वीर पोस्ट की है जिसमें एक महिला अपना नेलआर्ट दिखा रही है जिसमें कार और दिल का सिंबल बना हुआ है.

इमेज स्रोत, Twitter

इससे पहले तक सऊदी अरब ही अकेला ऐसा देश था जहां औरतों को ड्राइव करने की इजाजत नहीं थी.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)