समुद्र के गर्भ से निकलेंगी धातु

समुद्र तल खुदाई

इमेज स्रोत, nautilas minerals

समुद्र के नीचे गहराई में दुनिया की पहली खान खोदने की योजना साकार रूप लेने के करीब पहुँच गई है.

एक कनाडाई खदान कंपनी ने पापुआ न्यू गिनी के साथ समुद्र के तल में खुदाई शुरू करने संबंधी समझौते को अंतिम रूप दिया है.

इस विवादास्पद योजना के तहत तांबा के अयस्क, सोना और अन्य कीमती धातुओं को 1500 मीटर की गहराई से निकाला जाएगा.

हालाँकि पर्यावरण संरक्षण अभियान चलाने वालों का कहना है समुद्र की तल में खुदाई विनाशकारी साबित होगी. यह समुद्री जीवन को नुकसान पहुँचाएगा.

'नौटीलस मिनरल' नाम की कंपनी की 1990 से पापुआ न्यू गिनी क्षेत्र के समुद्र तल के नीचे मौजूद खनिज पर नज़र है लेकिन सरकार के साथ लंबे विवाद के बाद यह योजना ठप पड़ गयी थी.

विवाद

खुदाई अभियान की शर्तों को लेकर दोनों पक्षों में विवाद था.

अब पूरे हुए समझौते के तहत, पापुआ न्यू गिनी खुदाई अभियान में करीब 7 अरब 27 करोड़ की लागत लगाएगी और खदान में 15 फीसदी की हिस्सेदारी लेगी.

नौटीलस मिनरल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी माइक जॉनस्टन ने बीबीसी न्यूज़ को कहा, " इसमें बहुत समय लगा है लेकिन हर कोई बहुत ख़ुश है. इस योजना को हमेशा बहुत समर्थन मिलता रहा है और यह बहुत अपील करने वाला है कि इससे महत्वपूर्ण मात्रा में इस क्षेत्र में राजस्व पैदा होगा जिसकी आम तौर पर होने की उम्मीद नहीं होगी. "

समुद्र तल

इमेज स्रोत, nautilas minerals

खुदाई का क्षेत्र समुद्र तल के ऊपर जलीय ऊष्मा वाला वह क्षेत्र होगा जहाँ गर्म अम्लीय पानी निकलता है और उसे अपेक्षाकृत अधिक ठंडा और क्षारीय समुद्री जल का सामना करना पड़ता है. इससे उस क्षेत्र में खनिज की अधिक मात्रा निर्माण होता है.

उन्नत तकनीक

इसके परिणामस्वरूप ज़मीन की सतह की तुलना में समुद्र तल सोना और तांबा जैसे खनिज के मामले में ज़्यादा समृद्ध होता है.

दशकों से खुदाई की यह योजना इंजीनियरिंग और अधिक लागत की वज़ह से खटाई में पड़ी हुई थी.

लेकिन ऐसे वक़्त में जब कीमती धातुओं की मांग की वज़ह से इन धातुओं की वैश्विक कीमत बढ़ी हुई है, तेल और गैस की खुदाई के सिलसिले में नई तकनीक का विकास हुआ है.

खुदाई के लिए रोबोटिक मशीनों का विकास भी हो चुका है.

खुदाई की योजना के तहत समुद्र तल की ऊपरी सतह को तोड़ने की योजना है ताकि धातु अयस्क गारे के रूप में ऊपर आ जाए.

चूंकि समुद्र की सतह से धातु अयस्क निकालने की यह पहली कोशिश होगी इसलिए इस पूरे अभियान और इसके नतीजों को लेकर कंपनी गंभीर है.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> कर सकते हैं. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)</bold>