डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के पुलों और बिजली संयंत्रों पर हमले की दी धमकी
इमेज स्रोत, Alex Wong/Getty
इमेज कैप्शन, अमेरिका ने गुरुवार को ईरान के कराज में एक निर्माणाधीन पुल पर हमला किया था (फ़ाइल फ़ोटो)
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने
कहा है कि उनकी सेना ने "ईरान में जो कुछ बचा है, उसे तबाह करना अभी शुरू भी नहीं किया है".
कुछ देर पहले एक ट्रुथ सोशल पोस्ट
में ट्रंप ने अमेरिकी सेना की तारीफ़ करते हुए उसे "दुनिया की सबसे महान और
सबसे ताक़तवर" बताया और कहा कि अगला निशाना "पुल और फिर बिजली
संयंत्र" होंगे.
ट्रंप का यह बयान तेहरान के पश्चिम
में स्थित शहर कराज में निर्माणाधीन एक पुल पर हुए हवाई हमले के बाद आया है,
जिसमें आठ लोगों की मौत हुई और क़रीब 100 लोग
घायल हुए.
ट्रंप ने आगे कहा, "नई रिजीम की लीडरशिप जानती है कि क्या करना है,
और उसे जल्दी करना है."
सौरभ भारद्वाज ने केजरीवाल की गिरफ़्तारी के वक़्त राघव चड्ढा पर 'छिपने' का आरोप लगाया
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, सौरभ भारद्वाज ने राघव चड्ढा पर संसद में 'सॉफ़्ट पीआर करने' का आरोप लगाया (फ़ाइल फ़ोटो)
आम आदमी पार्टी की ओर से राज्यसभा
में पार्टी के डिप्टी लीडर की ज़िम्मेदारी राघव चड्ढा की जगह अशोक कुमार मित्तल को
सौंपे जाने के बाद से आरोपों का दौर जारी है.
शुक्रवार को राघव चड्ढा ने एक वीडियो
जारी कर आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को कहा है कि उनके
राज्यसभा में 'बोलने पर रोक लगा दी जाए'.
उन्होंने कहा, "ख़ामोश करवाया गया हूँ, हारा नहीं हूँ."
इसके बाद दिल्ली में आम आदमी पार्टी
के अध्यक्ष और पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने राघव चड्ढा पर गंभीर आरोप लगाए हैं.
उन्होंने अरविंद केजरीवाल की गिरफ़्तारी के वक़्त राघव चड्ढा के 'देश में नहीं होने' और 'छिपने' का आरोप लगाया.
सौरभ भारद्वाज ने कहा, "अरविंद केजरीवाल जी को बतौर मुख्यमंत्री सरकार ने एक झूठे मुक़दमे में गिरफ़्तार किया, आप उस समय भी देश में नहीं थे. आप कहीं जाकर छिप गए."
इसके अलावा सौरभ भारद्वाज ने राघव चड्ढा पर संसद में 'सॉफ़्ट पीआर करने' का आरोप लगाते हुए कहा, "संसद में
एक छोटी पार्टी के पास बहुत ही सीमित समय होता है और उसमें अगर कोई समोसों की बात
उठा रहा है तो उससे ज़रूरी है कि देश के बड़े मुद्दों की बात उठाए."
उन्होंने कहा, "अभी सारी विपक्षी पार्टियों ने मुख्य चुनाव
आयुक्त के महाभियोग के लिए प्रस्ताव लाना चाहा, आपने उस पर हस्ताक्षर करने से मना कर दिया. जब भी कोई मुद्दा हो,
जिसको लेकर विपक्ष वॉकआउट करता है, आप वॉकआउट नहीं करते."
"पिछले कई अरसे से मैंने देखा कि आपने
कोई भी मुद्दा सदन में नहीं उठाया, जिसमें
आपने प्रधानमंत्री या भारतीय जनता पार्टी की सरकार से सवाल किया हो. ऐसे डर के
राजनीति कैसे चलेगी?"
सौरभ भारद्वाज ने आगे कहा,
"हम लोगों को पंजाब के मुद्दे उठाने
हैं, जहाँ से आप चुनकर आते हैं. आप वे
मुद्दे भी उठाने से घबराते हैं. गुजरात में पार्टी के क़रीब 160 कार्यकर्ताओं पर
झूठे मुक़दमे के तहत एफ़आईआर दर्ज की गई, कइयों को
गिरफ़्तार किया गया. आप उस पर भी चुप रहे."
पाकिस्तान में पेट्रोल 450 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंचा, डीज़ल के रेट में भी ज़रबदस्त बढ़ोतरी
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, क़ीमत में बढ़ोतरी के एलान से पहले पाकिस्तान के पेट्रोल पंपों में भारी भीड़ देखी गई
बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, पाकिस्तान में पेट्रोल और डीज़ल की क़ीमतों में
भारी बढ़ोतरी की गई है. नई क़ीमतें गुरुवार-शुक्रवार की आधी रात से लागू हो गई
हैं.
गुरुवार रात पेट्रोलियम मंत्री अली
परवेज़ मलिक और वित्त मंत्री मोहम्मद औरंगज़ेब ने एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में बताया
कि पेट्रोल की क़ीमत 137.23 रुपये प्रति लीटर और डीज़ल की क़ीमत 184.49 रुपये
प्रति लीटर बढ़ाई जाएगी.
इसके बाद से अब पाकिस्तान में
पेट्रोल की क़ीमत प्रति लीटर 458.41 पाकिस्तानी रुपये और डीज़ल की क़ीमत प्रति
लीटर 520.35 पाकिस्तानी रुपये तक पहुंच गई है.
यानी भारतीय रुपये के लिहाज़ से,
पाकिस्तान में पेट्रोल क़रीब 152 रुपये प्रति
लीटर और डीज़ल क़रीब 173 रुपये प्रति लीटर की क़ीमत से बिक रहा है.
(नोट: एक भारतीय रुपया पाकिस्तान के
तीन रुपये के बराबर है)
ईरान युद्ध शुरू होने के बाद से
पाकिस्तान सरकार ने पिछले एक महीने में दूसरी बार पेट्रोलियम उत्पादों की क़ीमतों
में बढ़ोतरी की है. इससे पहले, चार
मार्च को पेट्रोल और डीज़ल की क़ीमतों में 55-55 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी.
होर्मुज़ पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में आपात बैठक, इस प्रस्ताव पर होगी वोटिंग
इमेज स्रोत, Spencer Platt/Getty
इमेज कैप्शन, (फ़ाइल फ़ोटो)
होर्मुज़ स्ट्रेट को लेकर संयुक्त
राष्ट्र की सुरक्षा परिषद में शुक्रवार को आपात बैठक बुलाई गई है. इसका उद्देश्य
स्ट्रेट से जुड़े एक प्रस्ताव पर वोटिंग कराना है.
संयुक्त राष्ट्र की ओर से दी गई
आधिकारिक जानकारी में बताया गया कि 'होर्मुज़
स्ट्रेट और उसके आसपास कमर्शियल शिपिंग की सुरक्षा के लिए एक प्रस्ताव' पर सुरक्षा परिषद की आपात बैठक में वोटिंग होनी
है.
28 फ़रवरी को ईरान पर अमेरिका और
इसराइल के हमले के बाद से होर्मुज़ से गुजरने वाले जहाजों में भारी कमी आई है. यह
स्ट्रेट लगभग बंद है, जिसकी वजह से ऊर्जा क़ीमतों में
बढ़ोतरी हुई है.
हालांकि, ईरान ने इस संकरे समुद्री रास्ते से भारत, चीन और पाकिस्तान जैसे कुछ चुनिंदा देशों के कुछ जहाज़ों को निकलने की
अनुमति दी है.
होर्मुज़ के रास्ते दुनिया का 20
फ़ीसदी ऊर्जा व्यापार होता है.
राघव चड्ढा ने राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के डिप्टी लीडर के पद से हटाए जाने पर क्या कहा
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, राघव चड्ढा राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के डिप्टी लीडर थे (फ़ाइल फ़ोटो)
आम आदमी पार्टी (आप) ने राज्यसभा में
पार्टी के डिप्टी लीडर की ज़िम्मेदारी राघव चड्ढा की जगह अशोक कुमार मित्तल को दे
दी है.
इसके बाद शुक्रवार को राघव चड्ढा ने
एक वीडियो जारी कर इस फ़ैसले पर सवाल उठाते हुए कहा, "ख़ामोश करवाया गया हूँ, हारा
नहीं हूँ."
उन्होंने कहा, "मुझे जब-जब संसद में बोलने का मौक़ा मिलता है,
मैं जनता के मुद्दे उठाता हूँ और शायद ऐसे मुद्दे
उठाता हूं जिसे आमतौर पर संसद में नहीं उठाया जाता. लेकिन क्या जनता के मुद्दे उठाना, जनता की समस्याओं पर बात करना कोई
अपराध है?"
राघव चड्ढा ने आरोप लगाया कि आम आदमी
पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को कहा है कि उनके राज्यसभा में 'बोलने पर रोक लगा दी जाए'.
उन्होंने कहा, "मेरे बोलने पर कोई रोक क्यों लगाना चाहेगा?"
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद ने
आगे कहा, "मैंने जो मुद्दे उठाए, उससे आम आदमी का तो फ़ायदा हुआ. लेकिन आम आदमी
पार्टी का क्या नुक़सान हुआ. भला कोई मुझे बोलने से कोई क्यों रोकना चाहेगा? कोई मेरी आवाज़ को क्यों बंद करना चाहेगा?"
आम आदमी पार्टी की ओर से इस बदलाव पर
कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है.
गुरुवार को न्यूज़ एजेंसी एएनआई से
बातचीत में अशोक कुमार मित्तल ने कहा था, "राज्यसभा या लोकसभा में पार्टी के जो लीडर या डिप्टी लीडर होते हैं,
समय-समय पर उनका बदलाव होता रहता है. राघव जी से
पहले एनडी गुप्ता जी डिप्टी लीडर थे, आज मैं
बना हूँ, कल कोई और आएगा."
उन्होंने कहा, "हमारी पार्टी लोकतांत्रिक पार्टी है और वह
समय-समय पर पार्टी के लोगों को ट्रेनिंग भी देना चाहती है और सभी की प्रतिभा को
उभारने की कोशिश भी करती है. इसी कड़ी में पार्टी ने यह फ़ैसला लिया है ताकि मैं
यह ज़िम्मेदारी निभाऊँ और और सीख सकूँ."
उन्होंने कहा कि पार्टी में सब ठीक
है.
ईरानी पुल पर हमले के बाद 'जंग का समर्थन करने वाले' ईरानी लोग बीबीसी से क्या बोले, ग़ोंचेह हबीबीआज़ाद, बीबीसी पर्शियन
इमेज स्रोत, Majid Saeedi/Getty
इमेज कैप्शन, तेहरान में हुए हवाई हमले में तबाह हुई एक रिहाइशी इमारत (27 मार्च की तस्वीर)
ईरान के एक पुल पर अमेरिकी हमले के
बाद मैंने ईरानी लोगों से बातचीत की है.
इंटरनेट बंद होने के बीच ईरान के
अंदर लोगों से संपर्क करना अब भी बहुत मुश्किल है, लेकिन कुछ लोग स्टारलिंक जैसे सैटेलाइट इंटरनेट और अन्य तरीक़ों से
जुड़ने में कामयाब हुए हैं, हालांकि
इसकी क़ीमत काफ़ी ज़्यादा है.
ईरान में स्टारलिंक का इस्तेमाल करना या उसे
रखना दो साल तक की जेल की सज़ा दिला सकता है.
जिन लोगों से मैंने ईरान के अंदर
बात की, वे मौजूदा सत्ता के ख़िलाफ़ हैं.
मैंने तेहरान में रहने वाली 20 साल
की एक महिला से कराज में एक पुल पर हुए हमले के बारे में उनकी भावनाएं जाननी चाही.
वॉइस मैसेज के बीच में ही वह रोने लगीं.
उन्होंने कहा, "मैं बेबस महसूस कर रही हूँ. (ट्रंप) बेशर्मी से
हमारे पुल पर हमले के बारे में पोस्ट कर रहे हैं. मुझे नहीं पता यह कहाँ तक जाएगा.
कोई उनके ख़िलाफ़ खड़ा क्यों नहीं हो रहा है. वह सच में हमें पाषाण युग में वापस
ले जा रहे हैं."
तेहरान में रहने वाले 20 साल के एक
शख़्स ने कहा, "हम एक बर्बाद देश बन जाएंगे. मुझे इस
बात का ज़्यादा दुख और निराशा है कि मैं ऐसी स्थिति में हूँ जहाँ मैं ईरान को
बर्बाद होते देख रहा हूँ और कुछ नहीं कर पा रहा हूँ. मेरा देश हर दिन और ज़्यादा
तबाह हो रहा है."
कराज में पुल पर हुए हमले ने एक
स्थानीय निवासी को चिंतित कर दिया है. 20 साल के इस शख़्स ने ख़ुद को "युद्ध
का समर्थक" बताया.
उन्होंने कहा, "वह पुल शहर में ट्रैफ़िक कम कर सकता था… उसे नष्ट
कर दिया गया. इस हमले ने मुझे चिंता में डाल दिया है. मुझे नहीं पता उन्होंने इसे
क्यों निशाना बनाया."
तेहरान में रहने वाली 40 साल की एक
महिला ने कहा, "मुझे सच में हैरानी हुई कि उन्होंने
एक पुल पर हमला किया… लेकिन मुझे लगता है इसके पीछे कोई वजह होगी."
इस महिला ने भी ख़ुद को "युद्ध
समर्थक" बताया.
इमेज स्रोत, X/@araghchi
जिस ईरानी पुल पर हमला हुआ उसके बारे
में जानिए
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने
गुरुवार को ईरान के बी1 ब्रिज पर हमले की घोषणा की. यह ब्रिज हाल ही में बना,
जो कराज शहर को राजधानी तेहरान से जोड़ता था.
बी1 ब्रिज अभी यातायात के लिए खुला
नहीं था. इसे मध्य-पूर्व के सबसे ऊंचे पुलों में से एक बताया गया है.
ईरान के सरकारी मीडिया की एक रिपोर्ट
के अनुसार, इसकी लंबाई 1050 मीटर है और इसमें
136 मीटर ऊंचे खंभे हैं.
हमले के समय यह पुल निर्माणाधीन था
और ईरानी सरकारी मीडिया ने बताया कि इस हमले में आठ लोगों की मौत हुई और कई अन्य
घायल हुए.
ईरान युद्ध: अमेरिका हर रोज़ कितने पैसे ख़र्च कर रहा है?, बीबीसी वैरिफ़ाई
इमेज स्रोत, Alex Brandon-Pool/Getty
इमेज कैप्शन, अमेरिका अब तक ईरान युद्ध में लाखों करोड़ों डॉलर ख़र्च कर चुका है
ईरान से युद्ध अमेरिका के लिए भारी
ख़र्च लेकर आया है.
अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के
मुताबिक़, पिछले महीने युद्ध के छह दिन बाद
पेंटागन ने अमेरिकी सांसदों को बताया था कि इस युद्ध पर अब तक 11.3 अरब डॉलर ख़र्च हो चुके हैं.
रिपोर्ट्स में कहा गया कि जंग में
सैकड़ों टॉमहॉक मिसाइलें इस्तेमाल की गईं और हर एक टॉमहॉक मिसाइल की क़ीमत 35 लाख डॉलर (क़रीब 32 करोड़ रुपये) के क़रीब है.
जैसे-जैसे युद्ध लंबा खिंचता गया,
अमेरिका के लिए रोज़ाना का ख़र्च अलग-अलग रहा है.
अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि
ईरान के कमज़ोर होते डिफ़ेंस सिस्टम के कारण ख़र्च में कमी आई है. लेकिन
विशेषज्ञों का अनुमान है कि यह संघर्ष अब भी हर दिन क़रीब 385 मिलियन डॉलर (क़रीब
3500 करोड़ रुपये से अधिक) का ख़र्च ला रहा है.
अमेरिकी रक्षा विभाग का यह भी कहना
है कि ईरानी ड्रोन और मिसाइल हमलों में 90% की कमी आई है.
आर्टेमिस-2: अंतरिक्ष यान पृथ्वी की कक्षा से चाँद की ओर रवाना, क्रू ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, Bill Ingalls/NASA/Getty
इमेज कैप्शन, आर्टेमिस 2 मिशन लॉन्च से पहले चारों अंतरिक्ष यात्री
आर्टेमिस 2 मिशन ने एक अहम इंजन बर्न
पूरा कर लिया है, जो ओरायन अंतरिक्ष यान की चाँद की ओर
यात्रा को आगे बढ़ाएगा.
ट्रांसलूनर इंजेक्शन बर्न 19:49
ईडीटी (भारतीय समयानुसार शुक्रवार सुबह 5:19 बजे) पर शुरू हुआ और क़रीब छह मिनट तक
चला.
कनाडाई अंतरिक्ष यात्री जेरेमी
हैनसेन ने बर्न पूरा होने के बाद अपने पहले संदेश में कहा, "मानवता ने एक बार फिर दिखाया है कि हम क्या कर
सकते हैं."
उन्होंने कहा, "भविष्य के लिए आपकी उम्मीदें ही हमें अब चाँद के
चारों ओर जाने की इस यात्रा में आगे बढ़ा रही हैं."
हैनसेन ने नासा के लाइव स्ट्रीम पर
कहा, "यहाँ ऊपर चाँद की ओर जाते हुए हम सब
अच्छा महसूस कर रहे हैं."
नासा ने बताया कि यह पूरी प्रक्रिया
"बिना किसी अड़चन के" पूरी हुई और कहा कि सभी अंतरिक्ष यात्री
"बहुत अच्छा कर रहे हैं".
बीबीसी के विज्ञान संवाददाता के
अनुसार, अंतरिक्ष यान ने यह बर्न पृथ्वी की
कक्षा के सबसे निचले पॉइंट पर शुरू किया.
इस मिशन के दौरान कोई भी चाँद पर
नहीं उतरेगा. ओरायन कैप्सूल सिर्फ़ उसके चारों ओर चक्कर लगाएगा.
डोनाल्ड ट्रंप ने अटॉर्नी जनरल पैम बॉन्डी को पद से हटाया, एना फ़ेगी और बर्न्ड डिबशमैन जूनियर, व्हाइट हाउस से
इमेज स्रोत, Reuters
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने
अटॉर्नी जनरल पैम बॉन्डी को उनके पद से हटा दिया है. बॉन्डी लंबे समय से ट्रंप की
सहयोगी और उनके प्रशासन की मज़बूत समर्थक रही हैं.
अमेरिका में अटॉर्नी जनरल देश का
शीर्ष क़ानून प्रवर्तन अधिकारी होता है.
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में
पैम बॉन्डी की तारीफ़ की और कहा कि वह प्राइवेट सेक्टर में एक नई भूमिका में नज़र
आएंगी.
न्याय विभाग में बॉन्डी के कार्यकाल
के दौरान अक्सर जेफ़री एप्सटीन से जुड़ी फ़ाइलों को जारी करने और यौन अपराधी एपस्टीन की जांच
को लेकर विवाद हावी रहा.
हाल के हफ़्तों में ट्रंप प्रशासन की
वह दूसरी अधिकारी हैं जिन्हें पद से हटाया गया है. इससे पहले मार्च में क्रिस्टी
नोएम को होमलैंड सिक्योरिटी प्रमुख के पद से हटा दिया गया था. बॉन्डी के पूर्व
डिप्टी टॉड ब्लैंच उनकी जगह लेंगे.
बॉन्डी ने कहा कि वह अपना काम ब्लैंच
को सौंपने के लिए "लगातार काम करेंगी". उन्होंने कहा कि यह पद उनके जीवन
का "सम्मान" रहा है.
उन्होंने यह भी कहा कि प्राइवेट सेक्टर में अपनी नई भूमिका में भी वह "राष्ट्रपति ट्रंप और इस प्रशासन के लिए लड़ाई
जारी रखेंगी". हालांकि, उन्होंने
यह नहीं बताया कि प्राइवेट सेक्टर में उनकी नई भूमिका क्या होगी.
डोनाल्ड ट्रंप के ईरान के 'सबसे बड़े पुल' पर हमले के दावे पर ईरानी विदेश मंत्री की कड़ी प्रतिक्रिया
इमेज स्रोत, X/@araghchi
इमेज कैप्शन, ईरान के विदेश मंत्री ने यह तस्वीर साझा की है
अमेरिका ने ईरान के 'सबसे बड़े पुल' पर हमला किया है. इसकी जानकारी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने
दी.
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक वीडियो भी साझा किया है, जिसमें विस्फोट की जगह से काला धुआँ
उठता दिख रहा है.
उन्होंने कहा, "ईरान का सबसे बड़ा पुल ढहाकर गिरा दिया गया है,
अब इसका फिर कभी इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा."
इसके साथ ही अमेरिकी राष्ट्रपति ने
ईरान को फिर से चेतावनी दी है. उन्होंने कहा, "यह ईरान के लिए समझौता करने का समय है, इससे पहले कि बहुत देर हो जाए और वहाँ कुछ भी न बचे, जो कि अब भी एक महान देश बन सकता है."
ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास
अराग़ची ने इस हमले की पुष्टि की है और नागरिक इन्फ़्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाए
जाने पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है.
अराग़ची ने कहा, "अधूरे बने पुलों समेत नागरिक इन्फ़्रास्ट्रक्चर
पर हमले ईरानियों को सरेंडर करने के लिए मजबूर नहीं करेंगे. यह केवल अव्यवस्था में
फंसे एक दुश्मन की हार और नैतिक पतन को दिखाता है."
उन्होंने कहा, "हर पुल और इमारत को फिर से पहले से ज़्यादा
मज़बूती के साथ बनाया जाएगा. जो कभी रिकवर नहीं हो पाएगा, वह है अमेरिका की साख को हुआ नुक़सान."
नमस्कार!
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर
आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम
ख़बरें पहुंचाऊंगा.
कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के
लिए यहां क्लिक करें.
हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों
को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.