मध्य प्रदेश: बारिश और बाढ़ से 22 लोगों की मौत

इमेज स्रोत, EPA
मध्य प्रदेश के ज़्यादातर ज़िलों में भारी बारिश की वजह से कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई है और 9 लोग लापता हैं जिनकी तलाश जारी है.
रविवार को राजधानी भोपाल में बारिश रुकी रही और कई निचले इलाक़ों से बाढ़ का पानी कम हो गया, लेकिन मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को बारिश हो सकती है.
प्रदेश के रायसेन, सिहोर, हरदा, होशंगाबाद, बैतूल और सागर जिले में तेज़ बारिश दर्ज की गई है.
भारी बारिश की वजह से नर्मदा, पार्वती, चंबल और केन जैसी नदियां उफान पर हैं.

इमेज स्रोत, SHUREH NIYAZI
बाक़ी प्रदेश के मुक़ाबले राजधानी भोपाल में कम बारिश हुई है, लेकिन जितनी बारिश हुई है, वह 1973 के बाद सबसे अधिक है. भोपाल में बारिश की वजह से चार लोगों की मौत की ख़बर है.
भारी बारिश और बाढ़ की वजह से कई इलाक़ों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया गया है. प्रदेश शासन के मुताबिक़ 68 राहत केंद्रों में 15801 लोग रह रहे हैं.
प्रदेश में 2360 मकान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त और 17,263 मकार आंशिक क्षतिग्रस्त हैं. इस बाढ़ में 3,32,000 हज़ार लोग प्रभावित हुए हैं.

इमेज स्रोत, shureh niyazi
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को भोपाल के बारिश प्रभावित इलाकों का दौरा किया और कहा कि लोगों की जान बचाना सरकार की पहली प्राथमिकता है.
बारिश के कारण कई शहरों का प्रदेश के बाकी हिस्से से संपर्क कट गया है. कई शहर पूरी तरह से पानी में डूबे हुए हैं.

इमेज स्रोत, SHUREH NIYAZI
मंडला में रविवार तक 75 सेमी बारिश दर्ज हुई है. सिहोर शहर में पानी भर जाने की वजह से नाव चलानी पड़ी और फंसे हुए लोगों को बहुत मुश्किल से निकाला गया.
मालवा को छोड़कर प्रदेश के बाकी हिस्से में भारी बारिश हो रही है.

इमेज स्रोत, SHUREH NIYAZI
प्रदेश सरकार ने सभी 51 ज़िलों में कंट्रोल रूम बनाए हैं, जो 24 घंटे काम कर रहे हैं. मुख्यमंत्री ने जिले के कलेक्टरों को हालात पर जल्द से जल्द काबू पाने के निर्देश दिए हैं.

इमेज स्रोत, SHUREH NIYAZI
बुंदेलखंड क्षेत्र के पांच जिलों- सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, पन्ना, और दमोह में हालात ऐसे ही हैं, जैसे बीते तीन दिनों में यहां बादल फटे हों.

इमेज स्रोत, SHUREH NIYAZI
वहां तीन दिनों में औसतन 300 मिलीमीटर से ज़्यादा बारिश दर्ज की गई है. ये वो इलाके हैं जो पिछले हफ्ते तक सूखे का सामना कर रहे थे और अब हालात ये है कि लोग बारिश से बेहाल हैं.

इमेज स्रोत, Shurah Niyazi
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 01 जून से 10 जुलाई तक हुई वर्षा के आधार पर 34 जिलों में सामान्य से अधिक, 11 जिलों में सामान्य तथा 05 जिलों में कम तथा 01 जिले में अल्प वर्षा दर्ज की गई है.

इमेज स्रोत, SHUREH NIYAZI
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> कर सकते हैं. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक </caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link>और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)
































