टिड्डियों का हमला बुंदेलखंड में कितना नुकसान पहुँचा रहा है?
इमेज स्रोत, Pradeep Kumar Srivastav
- Author, प्रदीप श्रीवास्तव
- पदनाम, झांसी से, बीबीसी हिंदी के लिए
- पढ़ने का समय: 4 मिनट
करीब तीन दशक बाद बुंदेलखंड में टिड्डियों का हमला हुआ है.
करोड़ों की संख्या में टिड्डों ने बुंदेलखंड के दतिया, झांसी और ललितपुर के कई गाँवों पर धावा बोला है.
यहाँ पेड़, पौधों और सब्ज़ियों को नुक़सान पहुँचाते हुए टिड्डे मध्य प्रदेश की ओर चले गए.
रबी की फसल की कटाई के कारण ज़्यादातर नुक़सान सब्ज़ियों की फसलों को हुआ है.
करोड़ों की संख्या में टिड्डियों को देख कर किसान और आम लोग डरे हुए हैं.
लॉकडाउन के कारण बढ़ गई संख्या
झांसी मंडल के उप कृषि निदेशक कमल कटियार ने बीबीसी को बताया कि यह टिड्डी दल ईरान में पैदा हुआ, जो पाकिस्तान के रास्ते राजस्थान, गुजरात व मध्य प्रदेश होते हुए बुंदेलखंड पहुँचा है.
पहले टिड्डी दल बुंदेलखंड नहीं आता था. क़रीब 30 साल बाद पहली बार बुंदेलखंड में इसका हमला हुआ है. क्योंकि, लॉकडाउन में मानव गतिविधियां कम होने के कारण इनकी संख्या अरबों में पहुँच गई और यह अब ज़्यादा दूर तक सफ़र तय कर रहे हैं. यह टिड्डे तब तक सफ़र करते हैं, जब तक मर नहीं जाते हैं.
21 मई 2020 का संयुक्त राष्ट्र के खाद्य एंव कृषि संगठन का ताज़ा बुलेटिन भी टिड्डियों के प्रजनन व प्रवास की जानकारी देता है.
इसमें कहा गया है कि ईरान और दक्षिण-पश्चिम पाकिस्तान में टिड्डियों का वसंत प्रजनन जारी है और वे जुलाई तक भारत-पाकिस्तान की सीमा पर जाते रहेंगे. भारत-पाकिस्तान सीमा में जून की शुरुआत में होने वाली बारिश से टिड्डों के अंडों को फलने फूलने में मदद मिलेगी.
इमेज स्रोत, Pradeep Kumar Srivastav
तीन किलोमीटर लंबा टिड्डी दल
कमल कटियार का कहना है कि झांसी में आने वाला टिड्डी दल क़रीब तीन किलोमीटर लंबा है.
ज़िला प्रशासन के सूचना विभाग की प्रेस विज्ञाप्ति के अनुसार झांसी में पहला टिड्डी दल 22 मई की शाम को आया.
रात होने के कारण यह सो गया और सुबह मध्य प्रदेश के छतरपुर चला गया. वहाँ से सतना होते हुए रीवा पहुंचा. दूसरा हमला 24 मई को हुआ.
सुबह के समय कीटों का समूह ज़िले के बरुआसागर ब्लॉक पहुंच गया. यहाँ छह से अधिक गांवों में सब्ज़ियों की खेतों को नुक़सान पहुंचाया.
इमेज स्रोत, Pradeep Kumar Srivastav
झांसी में सबको सतर्क रहने के निर्देश
टिड्डी दल के हमले को देखते हुए झांसी में ज़िला प्रशासन ने सबको सतर्क रहने का निर्देश जारी किया है.
झांसी के जिलाधिकारी आन्द्रा वामसी ने आला अधिकारियों के साथ बैठक कर टिड्डी दल को ख़त्म करने और उनकी रोकथाम के लिए कई प्रकार के निर्देश जारी किए.
लोगों को तत्काल आपदा कंट्रोल रूम को जानकारी देने को कहा गया है, जिससे इमरजेंसी के हालत में राहत पहुँचाई जा सके.
बैठक में डीएम ने बताया कि किसान किसी भी दशा में टिड्डी दल को अपने खेत में न आने दे, उन्हें तेज़ आवाज़ के माध्यम से भगाएँ. रिज़र्व वाटर बॉडीज पर विशेष सतर्कता बनाए रखें. क्षेत्र में तेज़ आवाज़ के साउंड सिस्टम की व्यवस्था करें.
भारत सरकार की सात टीम लगातार मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में दौरे पर है. इसके अतिरिक्त जनपद की कृषि विभाग की टीम भी क्षेत्र में टिड्डी दल पर कार्रवाई करने को तैयार है.
इमेज स्रोत, Pradeep Kumar Srivastav
चट कर गए सब्ज़ियों की खेती
बुंदेलखंड के किसान पंयायत के अध्यक्ष व किसान नेता गौरी शंकर बिदुआ बीबीसी से बात करते हुए कहते हैं कि टिड्डियों ने यहाँ ज़्यादा नुक़सान तो नहीं पहुंचाया, लेकिन लॉकडाउन के कारण किसानों ने जो सब्ज़ी पैदा की थी, उसे भी यह टिड्डे चट कर गए.
चूँकि, यह दशकों बाद आएँ हैं, इसलिए अब ख़तरा यह होगा कि यह हर साल यहाँ आएँगे.
बुंदेलखंड के सामाजिक कार्यकर्ता संजय सिंह भी कहते हैं कि बुंदेलखंड में सूखा पहले से ही था, अब यह टिड्डे बहुत बड़ी आफ़त बनेंगे.
ज़िले के बरुआसागर ब्लॉक के उजियान गांव के किसान स्वदेश सिंह का कहना है कि उन्होंने पांच बीघा खेत में बैंगन, तोरई, अरबी, तीली और बाजरा आदि लगा रखी थी. टिड्डियों ने 70 प्रतिशत से ज़्यादा सब्ज़ियों को खा लिया.
वहीं, बबीना ब्लॉक के हस्तिनापुर गांव के किसान राम कुमार कहते हैं कि उनकी सात बीघे की खेती बर्बाद हो गई. उन्होंने खीरा और अरबी की सब्ज़ी लगाई थी, जिसके फूल और पत्तों को टिड्डों ने खा लिया. उनकी 60 प्रतिशत से ज़्यादा सब्ज़ियाँ चैपट हो गई हैं.
इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट YouTube समाप्त
एक दिन में खाते हैं दस हाथी के बराबर
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के कृषि विज्ञान विभाग के प्रोफेसर संतोष पांडेय बताते हैं कि झुंड में चलने वाले टिड्डी गाढ़े पीले रंग के होते हैं. यह चार इंच तक लंबे हो सकते हैं. यह हवा के बहाव व नमी की दिशा की ओर चलते हैं. जहाँ रुकते हैं, वहाँ पेड़, पौधों, फसलों आदि को खा जाते हैं. यह रात में सो जाते हैं. नए पत्तों में प्रोटीन और कार्बोहाइड्रेट ज्यादा मात्रा में होने के कारण यह सूखे पत्तों और पौधों को ज्यादा पसंद नहीं करते हैं.
"मादा कीट ऊर्जा को लिपिड के रूप में संग्रहित करती हैं, जिसमें पानी होता है. डेढ़ लाख टिड्डियों का वजन लगभग एक टन हो सकता है, जो एक दिन में 10 हाथियों के बराबर खाना खाते हैं. बुंदेलखंड के कई हिस्सों में बलुई मिट्टी पाई जाती है, जो इनके प्रजनन के लिए अनुकूल है."
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)
टॉप स्टोरी
ज़रूर पढ़ें
सबसे अधिक लोकप्रिय
सामग्री् उपलब्ध नहीं है