बेवजह क्यों मिंत्रा का 'चीरहरण' हो गया?

स्क्रोलड्रोल के पोस्टर पर प्रतिक्रिया

शुक्रवार को सोशल मीडिया पर हैशटैग #BoycottMyntra (यानी मिंत्रा का बहिष्कार करें) ट्रेंड कर रहा है.

वजह है एक ग्राफिक जो स्क्रोलड्रोल नाम की एक वेबसाइट ने अपने ट्विटर हैंडल पर पोस्ट किया है.

इस ग्राफिक में द्रौपदी के चीरहरण का दृश्य है जिसमें जब दुशासन चीर हरण कर रहा है और द्रौपदी मदद के लिए कृष्ण को पुकार रही हैं. और ऐसे में कृष्ण अपने फोन पर मिंत्रा से साड़ी ढूंढ़ रहे हैं.

इसके सोशल मीडिया पर आते ही लोगों ने इसे मिंत्रा का विज्ञापन समझ कर उसके बहिष्कार के लिए ट्वीट करने शुरू कर दिए.

स्वेच्छा सिंह ने लिखा, "यह वो दाम है जो आपको देना होता है अगर आप गणतंत्र के नाम पर हिंदू आस्थाओं का मज़ाक बनाते हैं."

स्क्रोलड्रोल के पोस्टर पर प्रतिक्रिया

शैलेंद्र सिंह ने लिखा, "प्रिय मिंत्रा हमारा अपमान करने के लिए धन्यवाद. हम आपको दिखाएंगे कि गणतंत्र कैसे काम करता है."

राव साहब नाम के एक ट्विटर हैंडल ने लिखा, "हिंदू भावनाओं को अहत करने की उनकी हिम्मत इसलिए होती है क्योंकि उनके ख़िलाफ़ कोई क़दम नहीं उठाया जाता."

अरविंद सिंह ने लिखा, "इसमें कुछ भी मज़ाकिया नहीं है. किसी भी अन्य धर्म का मज़ाक बना कर देखो फिर आपको पता चलेगा."

स्क्रोलड्रोल के पोस्टर पर प्रतिक्रिया

फिल्ममेकर विवेक अग्निहोत्री ने लिखा, "मज़ाक का बहिष्कार करें, सोच का, कल्पनाशालता का, हंसी का, जिंदगी का, अहमकों का... और हां मिंत्रा का बहिष्कार करें."

इसके कुछ देर बाद ट्विटर पर एक महिला ने मिंत्रा से पूछा, "बताइए ये क्या है, या फिर अमेज़न और स्नैपडील का ही तरह उनके रास्ते जाइए."

इसके बाद स्क्रोलड्रोल ने बताया कि वे इस काम की ज़िम्मेदारी लेते हैं, और इसमें सीधे या परोक्ष तौर पर मिंत्रा का कोई लेना देना नहीं है.

स्क्रोलड्रोल के पोस्टर पर प्रतिक्रिया

एक अन्य ट्वीट में स्क्रोलड्रोल ने बताया, "यह पोस्टर हमने फरवरी में बनाया था. हमने इसे तुरंत हटा लिया था क्योंकि हम किसी की संवेदनाओं को आहत नहीं करना चाहते थे."

बाद में मिंत्रा ने सोशल मीडिया पर स्क्रोलड्रोल के ट्वीट को रीट्वीट किया और कहा कि उन्होंने यह ग्राफिक नहीं बनाया है. हमारे राय मशविरे और मंज़ूरी के बिना स्क्रोलड्रोल ने इसे पोस्ट किया है.

स्क्रोलड्रोल के पोस्टर पर प्रतिक्रिया

एक अन्य ट्वीट में उन्होंने लिखा, "उन्होंने फ़िलहाल इस ग्राफिक को वापिस ले लिया है. हमारे ब्रांड का इस्तेमाल करने के लिए हम उन पर कानूनी कार्रवाई करेंगे."

इन ट्वीट के बाद कइयों ने सोशल मीडिया पर इस ग़लती को देखा और इस पर प्रतिक्रिया दी.

अरिहंत जैन ने लिखा, "इस तरह के ट्रेंडिंग हैशटैग बताते हैं कि लोग कैसे बिना सोचे टिप्पणी कर देते हैं."

स्क्रोलड्रोल के पोस्टर पर प्रतिक्रिया

कइयों ने लिखा, "मिंत्रा का नहीं, स्क्रोलड्रोल का बहिष्कार करना चाहिए."

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉयड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> करें. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)