शशि थरूर के मोदी पर बयान से भड़की बीजेपी

इमेज स्रोत, Shashi Tharoor/Facebook

पढ़ने का समय: 2 मिनट

कांग्रेस नेता शशि थरूर की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई टिप्पणी से विवाद खड़ा हो गया है.

थरूर ने 'बेंगलुरु लिटरेचर फ़ेस्ट' में आरएसएस के एक अज्ञात सूत्र का हवाला देते हुए कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक शिवलिंग पर बैठे हुए बिच्छू की तरह हैं, जिसे न तो हाथ से हटाया जा सकता है और न चप्पल से मारा जा सकता है."

थरूर ने कहा कि आरएसएस के एक अज्ञात सूत्र ने एक पत्रकार से बातचीत में ये बात कही थी.

थरूर वहां अपनी नई किताब 'द पैराडॉक्सिल प्राइम मिनिस्टर' के बारे में बात कर रहे थे.

छोड़िए X पोस्ट
X सामग्री की इजाज़त?

इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

चेतावनी: तीसरे पक्ष की सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

पोस्ट X समाप्त

समाचार एजेंसी एनएनआई ने शशि थरूर के भाषण के इस हिस्से की वीडियो क्लिप भी सोशल मीडिया पर पोस्ट की है.

वीडियो में थरूर कहते सुने जा सकते हैं, "संघ के एक कार्यकर्ता ने एक पत्रकार से जो कहा था मैं उसका ज़िक्र कर रहा हूं. ये एक बहुत ही सटीक और असाधारण तुलना है. उन्होंने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शिवलिंग पर बैठे बिच्छू की तरह हैं, जिसे न तो हाथ से हटाया जा सकता है और न चप्पल से मारा जा सकता है."

वीडियो में थरूर की यह बात सुनकर वहां बैठे लोगों के हंसने की आवाज़ सुनी जा सकती है.

शशि थरूर ने कहा कि कई मौकों पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को पीएम मोदी पर 'लगाम लगाने में बहुत कठिनाई' होती है.

थरूर का यह वीडियो सोशल मीडिया पर आते ही इस पर बहस छिड़ गई. ट्विटर पर Shivling ट्रेंड करना लगा.

बीजेपी की ओर से भी प्रतिक्रिया आने में देर नहीं लगी.

इमेज स्रोत, NARENDRA MODI/fACEBOOK

पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा, "एक तरफ़ राहुल गांधी ख़ुद के शिवभक्त होने का दावा करते हैं और दूसरी तरफ़ उनके एक नेता भगवान शिव की पवित्रता पर हमला करते हैं."

थरूर के विवादित बयान

ये पहली बार नहीं है जब शशि थरूर के बयान पर इतनी चर्चा हो रही है.

अभी कुछ दिनों पहले ही उन्होंने चेन्नई के एक कार्यक्रम में टिप्पणी की थी कि कोई भी "अच्छा हिंदू" किसी और की पूजा की जगह को ध्वस्त करके राम मंदिर बनते नहीं देखना चाहता.

हालांकि कांग्रेस ने उनकी इस टिप्पणी से ख़ुद को अलग किया और कहा कि सांसद शशि थरूर का ये बयान निजी है.

थरूर ने भी सोमवार को सफ़ाई दी थी कि उनका बयान पार्टी का बयान नहीं है.

वहीं, कुछ महीने पहले उन्होंने कहा था कि अगर बीजेपी 2019 के लोकसभा चुनाव में जीत गई तो भारत 'हिंदू पाकिस्तान' बन जाएगा.

ये भी पढ़ें:

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आपयहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)