इसराइल और हिज़्बुल्लाह ने एक-दूसरे पर सीज़फ़ायर उल्लंघन का लगाया आरोप

इमेज स्रोत, Scott Peterson/Getty Image
इसराइल डिफ़ेंस फ़ोर्सेज़ (आईडीएफ़) और हिज़्बुल्लाह ने एक-दूसरे पर सीज़फ़ायर उल्लंघन का आरोप लगाया है.
इससे पहले आईडीएफ़ ने कहा था कि उसने लेबनान से दागे गए कई प्रोजेक्टाइल को रोक लिया. श्टुला इलाक़े में सायरन भी बजे.
वहीं, हिज़्बुल्लाह ने टेलीग्राम पर कहा कि उसने रॉकेट हमले में इस इलाक़े को निशाना बनाया.
आईडीएफ़ ने एक्स पर जारी बयान में कहा कि उसने तीन लोगों को मारा है. इन्हें उसने "हिज़्बुल्लाह के आतंकवादी" बताया.
आईडीएफ़ का कहना है कि इन लोगों ने इसराइली एयरफ़ोर्स के एक विमान की ओर मिसाइल दागने की "नाकाम" कोशिश की थी.
आईडीएफ़ ने यह भी कहा कि दो अलग घटनाओं में हिज़्बुल्लाह ने दक्षिणी लेबनान में तैनात उसके सैनिकों पर रॉकेट दागे.
उसने कहा, "ये कार्रवाइयां युद्धविराम समझौते का खुला उल्लंघन हैं."
गुरुवार शाम हिज़्बुल्लाह ने कहा था कि उसने उत्तरी इसराइल पर रॉकेट दागे. उसने इसे इसराइल की ओर से हुए "युद्धविराम उल्लंघन" के जवाब में की गई कार्रवाई बताया.
लेबनान की सरकारी नेशनल न्यूज़ एजेंसी के मुताबिक़, इसराइल ने आज सुबह देश के दक्षिणी हिस्से में स्थित टायर शहर में हमले किए हैं.










