बीबीसी से बोले ट्रंप, "दूसरा पक्ष समझौते के लिए बेताब है"
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, नेटो के सवाल पर ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ युद्ध में अमेरिका को उनकी बिल्कुल जरूरत नहीं थी (फ़ाइल फ़ोटो)
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर उनकी धमकियों के बारे में पूछे जाने पर बीबीसी से कहा, "मैं जो भी कर रहा हूं, लगता है वह बहुत अच्छी तरह काम कर रहा है."
बीबीसी की नॉर्थ अमेरिका एडिटर सारा स्मिथ ने फोन पर ट्रंप से बात की. उन्होंने पूछा कि क्या इस महीने की शुरुआत में पूरी सभ्यता ख़त्म करने की धमकी, ईरान के ख़िलाफ़ परमाणु हथियार इस्तेमाल करने की धमकी थी.
ट्रंप ने इसका जवाब देते हुए कहा, "दूसरा पक्ष समझौता करने के लिए बेताब है. इसलिए मैं जो भी कह रहा हूं या कर रहा हूं, वह बहुत अच्छी तरह काम कर रहा है. शुक्रिया."
वहीं नेटो पर ट्रंप ने कहा, "ईरान के साथ युद्ध में अमेरिका को उनकी बिल्कुल जरूरत नहीं थी, लेकिन उन्हें वहां होना चाहिए था."
जब सारा स्मिथ ने पूछा कि फिर वह उन्हें युद्ध में शामिल क्यों करना चाहते थे, तो ट्रंप ने कहा, "मैं देखना चाहता था कि वे शामिल होते हैं या नहीं."
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, "अमेरिका हमेशा ब्रिटेन और नेटो के साथ रहा है."
ब्रिटेन की आलोचना करते हुए ट्रंप ने कहा, "उसने कोई कोशिश नहीं की और न ही कुछ अच्छे शब्द कहे."
ट्रंप ने यह भी कहा कि ब्रिटेन के कई लोगों ने उनके प्रशासन को बताया है कि युद्ध में शामिल न होना बहुत खराब फैसला था. (ब्रिटेन ने अमेरिका को केवल रक्षा करने के लिए हवाई हमलों के लिए अपने ठिकानों का इस्तेमाल करने की अनुमति दी है)
कॉल के दौरान ट्रंप ने यह भी कहा कि अगर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर नॉर्थ सी खोल दें और उनकी इमिग्रेशन नीतियां सख्त हो जाएं, तो उनके साथ संबंध फिर से सुधर सकते हैं.
ट्रंप ने आगे कहा, "अगर वे ऐसा नहीं करते हैं, तो मुझे नहीं लगता कि उनके पास कोई मौका है."
ट्रंप का दावा- स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ पर अमेरिका का पूरा कंट्रोल
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप(फ़ाइल फोटो)
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट कर दावा किया है कि स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ पर अमेरिका का पूरा नियंत्रण है.
राष्ट्रपति ट्रंप ने लिखा, ''ईरान इस बात को समझन नहीं पा रहा है कि उसका नेता कौन है, उन्हें यह ख़ुद पता नहीं है.''
उन्होंने लिखा, ''देश के अंदर ‘कट्टरपंथियों’ और ‘उदारवादियों’ के बीच ज़बरदस्त खींचतान चल रही है."
ट्रंप के मुताबिक, "कट्टरपंथी जंग के मैदान में बुरी तरह हार रहे हैं और जो उदारवादी हैं, वे उतने उदार भी नहीं हैं, लेकिन उन्हें सम्मान मिल रहा है. यह काफ़ी अजीब है.''
ट्रंप ने कहा, "होर्मुज़ स्ट्रेट पर अमेरिका का पूरी तरह नियंत्रण है. अमेरिका की नौसेना की मंज़ूरी के बिना कोई भी जहाज़ वहां से आ-जा नहीं सकता."
उन्होंने कहा कि जब तक ईरान कोई समझौता नहीं कर लेता, यह इलाक़ा पूरी तरह बंद रहेगा.
वहीं जापान में मौजूद ईरानी दूतावास ने एक्स पर पोस्ट कर ट्रंप के इस दावे को ‘क्रेज़ी’ बताया है.
पश्चिम बंगाल में 91.68 फ़ीसदी और तमिलनाडु में 84.60 फ़ीसदी वोटिंग
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, विधानसभा चुनावों के नतीजे 4 मई को आएंगे
पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु विधानसभा चुनाव की वोटिंग पूरी हो चुकी है.
आज यानी गुरुवार को पश्चिम बंगाल में पहले चरण की 152 सीटों और तमिलनाडु में सभी 234 सीटों के लिए वोटिंग हुई.
चुनाव आयोग के मुताबिक़, बंगाल में 91.68 फ़ीसदी और तमिलनाडु में 84.60 फ़ीसदी मतदान हुआ है.
पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण की वोटिंग 29 अप्रैल को होगी.
वहीं 4 मई को विधानसभा चुनावों के नतीज़े आएंगे.
ट्रंप ने होर्मुज़ में बारूदी सुरंग बिछाने वाले जहाज़ों को निशाना बनाने का आदेश दिया
इमेज स्रोत, Reuters
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उन्होंने अमेरिकी नौसेना को आदेश दिया है कि स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ में बारूदी सुरंगें बिछाने वाले सभी जहाज़ों को निशाना बनाए.
उन्होंने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में लिखा, “मैंने अमेरिकी नौसेना को आदेश दिया है कि किसी भी जहाज़, जो होर्मुज़ स्ट्रेट में बारूदी सुरंगें बिछा रही हो, देखते ही उन पर हमला करो.”
उन्होंने कहा, “इसमें कोई हिचकिचाहट नहीं होनी चाहिए.”
उन्होंने यह भी बताया कि अमेरिकी “माइन स्वीपर्स” इस समय स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ को साफ़ करने में लगे हुए हैं.
कार्टून: कुछ किताबें ऐसी भी
इमेज कैप्शन, विश्व पुस्तक दिवस पर आज का कार्टून.
न्यूज़लॉन्ड्री की मनीषा पांडे पर टिप्पणी करने वाले अभिजीत अय्यर मित्रा पर एफ़आईआर का आदेश
इमेज स्रोत, Newslaundry
बुधवार को दिल्ली की एक अदालत ने अभिजीत अय्यर मित्रा के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज करने का आदेश दिया.
अभिजीत अय्यर पर न्यूज़लॉन्ड्री की मनीषा पांडे और अन्य पत्रकारों के बारे में अमर्यादित पोस्ट करने का आरोप है.
बार एंड बेंच के मुताबिक, साकेत कोर्ट के ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट भानु प्रताप सिंह ने यह आदेश सुनाया.
अदालत ने कहा कि, “अय्यर मित्रा ने पांडे और अन्य पत्रकारों के ख़िलाफ़ यौन टिप्पणी कीं, जो प्रथम दृष्टया पांडे का अपमान करने के इरादे से की गई लगती हैं, और पोस्ट में उनका नाम भी लिया गया है.”
मनीषा पांडे समेत छह अन्य पत्रकारों ने अदालत का रुख किया था. उनका कहना था कि अभिजीत अय्यर मित्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर कई पोस्ट कर उन्हें बार-बार “प्रोस्टिट्यूट” कहा है.
अमेरिका ने हिंद महासागर में एक प्रतिबंधित जहाज़ को रोका
इमेज स्रोत, US Department of Defence
इमेज कैप्शन, अमेरिका के रक्षा विभाग के द्वारा जारी की गई तस्वीर
अमेरिकी रक्षा विभाग ने बताया है कि अमेरिकी सेना ने हिंद महासागर में एक प्रतिबंधित जहाज़ को रोक कर कार्रवाई की है.
अमेरिकी रक्षा विभाग ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि अमेरिकी सैनिकों ने ईरान से तेल ले जा रहे प्रतिबंधित और “स्टेटलेस” जहाज़ एम/टी मजिस्टिक एक्स को हिंद महासागर में रोका और उस पर चढ़कर जांच की.
विभाग ने कहा कि अमेरिकी सेना उन जहाज़ों को रोकती रहेगी, जिन पर यह शक होगा कि वे ईरान को सामग्री सहायता दे रहे हैं.
होर्मुज़ स्ट्रेट की नाकेबंदी शुरू करने के बाद से अमेरिका दर्जनों जहाज़ों को रोक चुका है. हालांकि, इन जहाज़ों को ईरान के पास नहीं, बल्कि हिंद महासागर में दूर जाकर रोका जा रहा है.
फ़्रांस से होकर गुज़रने वाले भारतीय मुसाफ़िरों को अब ट्रांज़िट वीज़ा की ज़रूरत नहीं होगी
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर
अब फ़्रांस से होकर गुज़रने वाले भारतीय यात्री बिना ट्रांज़िट वीज़ा के सफर कर सकेंगे. भारत में मौजूद फ़्रांसीसी दूतावास ने प्रेस रिलीज़ जारी कर इसकी जानकारी दी.
दूतावास ने मुताबिक, ''फ़रवरी 2026 में भारत की अपनी यात्रा के दौरान फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा था कि भारतीय नागरिकों के लिए फ़्रांस के रास्ते यात्रा को आसान बनाने के लिए कदम उठाए जाएंगे.''
''उनके इस बयान के बाद, 10 मई 2010 के नियम में बदलाव करने का फैसला लिया गया. यह नियम विदेशियों के फ़्रांस में प्रवेश के लिए ज़रूरी दस्तावेज़ और वीज़ा से जुड़ा है. इस नए फ़ैसले को 9 अप्रैल 2026 को आधिकारिक गजट में शामिल किया गया.''
''अब 10 अप्रैल 2026 से सामान्य पासपोर्ट रखने वाले भारतीय नागरिकों को फ़्रांस के हवाई अड्डों के अंतरराष्ट्रीय ट्रांज़िट क्षेत्र से गुज़रते समय एयरपोर्ट ट्रांज़िट वीज़ा की ज़रूरत नहीं होगी.''
वहीं भारत सरकार ने भी इस फ़ैसले का स्वागत किया है.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, ''अब 10 अप्रैल 2026 से जो भारतीय नागरिक केवल हवाई रास्ते से फ़्रांस के एयरपोर्ट से होकर गुज़रेंगे, उन्हें ट्रांज़िट वीज़ा की ज़रूरत नहीं होगी."
"यह फैसला भारत और फ़्रांस के बीच लंबे समय से चली आ रही साझेदारी को दर्शाता है, जिसे राष्ट्रपति मैक्रों की हालिया यात्रा के दौरान ‘विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी’ के स्तर तक बढ़ाया गया है."
"इससे लोगों की आवाजाही और आपसी संपर्क और भी आसान होंगे.''
ट्रांज़िट वीज़ा क्या है?
ट्रांज़िट वीज़ा एक ऐसा वीज़ा होता है जो आपको किसी देश के रास्ते दूसरे देश जाने के दौरान थोड़े समय के लिए रुकने की इजाज़त देता है.
मान लीजिए आप भारत से कनाडा जा रहे हैं और आपकी फ्लाइट फ़्रांस में रुकती है. अगर आप एयरपोर्ट के इंटरनेशनल एरिया में ही रहते हैं और बाहर नहीं निकलते, तो पहले आपको ट्रांज़िट वीज़ा चाहिए होता था. अब भारतीय नागरिकों को इसकी ज़रूरत नहीं होगी.
दूसरे दौर की बातचीत से पहले, इसराइल और लेबनान ने एक-दूसरे पर हमले के आरोप लगाए
इमेज स्रोत, Lebanon Civil Defence
इमेज कैप्शन, इसराइल ने एक बार फिर लेबनान में रहने वाले लोगों को चेतावनी दी है कि वे दक्षिण के दर्जनों गांवों में न जाएं
लेबनान और इसराइल के बीच अस्थायी युद्धविराम अभी भी लागू है और आज यानी गुरुवार को आगे की बातचीत होने की उम्मीद है.
लेकिन दक्षिणी लेबनान में इसराइली सेना तैनात है. क़रीब 5 फ़ीसदी लेबनानी इलाक़ा अब उसके कब्ज़े में बताया जा रहा है.
हिज़्बुल्लाह ने चेतावनी दी है कि लेबनान पर होने वाले हमलों पर यह सीज़फ़ायर निर्भर करता है.
दोनों पक्षों की ओर से हमलों की ख़बरें अब भी सामने आ रही हैं.
इसराइली सेना का कहना है कि दक्षिणी लेबनान में, ''जहां इसराइली सेना तैनात है'', एक “संदिग्ध हवाई हमले” का पता चला, हालांकि वह इसराइली क्षेत्र में दाखिल नहीं हो सका और उसे इंटरसेप्ट कर लिया गया.
इस पर हिज़्बुल्लाह ने अभी कोई टिप्पणी नहीं की है.
इसराइल ने एक बार फिर लेबनान में रहने वाले लोगों को चेतावनी दी है कि वे दक्षिण के दर्जनों गांवों में ''वापस न जाएं.''
अधिकारियों ने बताया कि देश के दक्षिण में इसराइली हवाई हमलों में पत्रकार अमल खलील की मौत हो गई. इसके बाद लेबनान के प्रधानमंत्री ने इसराइल पर युद्ध अपराधों का आरोप लगाया है.
हालांकि इसराइली सेना ने पत्रकारों को निशाना बनाने से इनकार किया है.
दोपहर तीन बजे तक बंगाल में 78.77 फ़ीसदी और तमिलनाडु में 70 फ़ीसदी वोटिंग
इमेज स्रोत, ANI
पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग जारी है.
पश्चिम बंगाल में पहले चरण की 152 सीटों और तमिलनाडु में सभी 234 सीटों के लिए वोटिंग हो रही है.
चुनाव आयोग के मुताबिक़, दोपहर तीन बजे तक बंगाल में 78.77 फ़ीसदी और तमिलनाडु में 70 फ़ीसदी मतदान हुआ है.
जयराम रमेश ने पीएम मोदी पर लगाया भारतीय सिद्धांतों के ख़िलाफ़ जाने का आरोप
इमेज स्रोत, ANI
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने एक्स पर पोस्ट कर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इसराइल के प्रति रवैये पर सवाल उठाए हैं.
कांग्रेस नेता ने एक्स पर लिखा, “प्रधानमंत्री ग़ज़ा में इसराइल द्वारा जारी जनसंहार और लेबनान पर भारी बमबारी पर चुप्पी के ज़रिए नैतिक कायरता दिखा रहे हैं. उन्होंने कब्ज़े वाले वेस्ट बैंक में लाख़ों फ़लस्तीनियों के बेदखली और विस्थापन पर भी पूरी तरह खामोशी बनाए रखी है.”
“मोदी सरकार जैसी किसी भी सरकार ने 'हत्यारी' इसराइल शासन के साथ इतनी एकजुटता नहीं दिखाई है. यह सरकार पारंपरिक भारतीय सिद्धांतों और नीतिगत रुख़ के साथ-साथ मानवीय मूल्यों के भी ख़िलाफ़ हो गई है.”
हाल में शुरू हुई जंग के बाद से लेबनान में इसराइली हमलों में कम से कम 2,475 लोगों की मौत हो चुकी है और 7,500 से ज़्यादा लोग घायल हुए हैं. यह जानकारी लेबनानी अधिकारियों ने दी है, इनमें आम लोग और लड़ाके भी शामिल हैं. मारे गए लोगों में कम से कम 274 महिलाएं और 177 बच्चे शामिल हैं.
जंग के बीच दुनिया के बड़े शेयर बाज़ारों में तेज़ी क्यों आ रही है?, निक मार्श, एशिया बिज़नेस रिपोर्टर
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, अमेरिका में एस&पी 500 रिकॉर्ड ऊंचाई पर बंद हुआ
स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ अभी भी बंद है, तेल की क़ीमत 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर है, और अर्थशास्त्री जल्द ही वैश्विक मंदी शुरू होने की चेतावनी दे रहे हैं.
इसके बावजूद शेयर बाज़ार तेज़ी से ऊपर जा रहे हैं. अमेरिका में एस&पी 500 रिकॉर्ड ऊंचाई पर बंद हुआ, जबकि एशियाई बाज़ारों ने भी दिन में रिकॉर्ड तेज़ी दर्ज की.
यह कैसे संभव है?
कुछ कंपनियों को युद्ध से फायदा होता है. ऊर्जा और हथियार कंपनियों के शेयर तो बढ़े हैं, लेकिन बड़ी कंपनियां भी अभी तक अपने मुनाफे पर कोई बड़ा असर नहीं बता रही हैं.
इसके अलावा, टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में निवेश धीमा पड़ने का कोई संकेत नहीं है और अब एस&पी 500 में बड़ी टेक कंपनियां की हिस्सेदारी एक-तिहाई से भी ज़्यादा है.
आजकल ट्रेडिंग का बड़ा हिस्सा ऑटोमेटेड भी है. खबरों के आधार पर सोच-समझकर फैसले लेने के बजाय, लोग ऐसे फंड्स में निवेश कर रहे हैं जो शेयर बाज़ार के प्रदर्शन को ट्रैक करते हैं.
कुल मिलाकर अगर आपका पैसा शेयर बाज़ार में लगा है, तो हालात अच्छे दिख रहे हैं. लेकिन अगर, दुनिया की बड़ी आबादी की तरह, आपका पैसा इसमें नहीं है तो इस युद्ध के आर्थिक असर काफी दर्दनाक होंगे.
दोपहर एक बजे तक बंगाल में 62.18 फ़ीसदी और तमिलनाडु में 56.81 फ़ीसदी वोटिंग
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, चेन्नई में वोटिंग के लिए पहुंचे विवाहित जोड़े
पश्चिम बंगाल में पहले चरण की 152 सीटों पर और तमिलनाडु में सभी 234 सीटों पर वोटिंग जारी है.
चुनाव आयोग के मुताबिक़, दोपहर एक बजे तक बंगाल में 62.18 फ़ीसदी और तमिलनाडु में 56.81 फ़ीसदी मतदान हुआ है.
बंगाल के कुछ इलाक़ों से छुटपुट हिंसक घटनाओं की खबरें सामने आई हैं. जबकि तमिलनाडु में शांतिपूर्ण तरीके से वोटिंग हो रही है.
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद के डोमकल में तृणमूल कांग्रेस और सीपीएम के बीच विवाद हुआ है. झाड़ग्राम में एक मतदान केंद्र पर सुबह-सुबह एक जंगली हाथी के पहुंचने के कारण कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई.
नमस्कार!
अब तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा- 'हम जल्दबाज़ी में नहीं हैं, अच्छा समझौता चाहते हैं'
इमेज स्रोत, Anna Moneymaker/Getty Images
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ युद्धविराम की समय सीमा को लेकर कोई दबाव नहीं है.
डोनाल्ड ट्रंप ने फ़ॉक्स न्यूज़ को फ़ोन पर बताया कि संघर्ष ख़त्म करने की 'जल्दी में नहीं' हैं और वह एक 'अच्छा समझौता' चाहते हैं.
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलाइन लेविट ने भी बुधवार को कहा, "बातचीत जारी है और ट्रंप ने ईरानियों को अपनी शर्तें बता दी हैं."
लेविट के अनुसार, शर्तों में ईरान अपने पास मौजूद संवर्धित यूरेनियम अमेरिका को सौंपने की बात भी कही गई है.
लेविट ने कहा, "अमेरिका ईरानी शासन के जवाब का इंतज़ार कर रहा है. लेकिन ईरान अभी तक एक साफ़ संदेश नहीं दे पाया, इसी वजह से राष्ट्रपति ने युद्धविराम बढ़ाने का फ़ैसला किया."
पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में मतदान जारी, अब तक हुई इतने फ़ीसदी वोटिंग
इमेज स्रोत, X/@CEOWestBengal
इमेज कैप्शन, बंगाल के कुछ इलाक़ों से छुटपुट हिंसक घटनाओं की खबरें सामने आई हैं
पश्चिम बंगाल में पहले चरण की 152 सीटों पर और तमिलनाडु में सभी 234 सीटों पर वोटिंग जारी है.
चुनाव आयोग के मुताबिक़, 11 बजे तक बंगाल में 41.11% और तमिलनाडु में 37.56% मतदान हुआ है.
बंगाल के कुछ इलाक़ों से छुटपुट हिंसक घटनाओं की खबरें सामने आई हैं. जबकि तमिलनाडु में शांतिपूर्ण तरीके से वोटिंग हो रही है.
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद के डोमकल में तृणमूल कांग्रेस और सीपीएम के बीच विवाद हुआ है. झाड़ग्राम में एक मतदान केंद्र पर सुबह-सुबह एक जंगली हाथी के पहुंचने के कारण कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई.
तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में सुरक्षा के लिए सभी इंतज़ाम किए गए हैं. पुलिस कमिश्नर अभिन दिनेश ने बताया, "मैंने कई मतदान केंद्रों का दौरा किया और लोगों से बातचीत की. मैं लोगों से अपील करता हूं कि वे आकर वोट डालें."
उन्होंने बताया, "आज 28,000 से ज़्यादा सुरक्षा कर्मी तैनात किए गए हैं. अब तक कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है."
ईरान में एक और शख़्स को फ़ांसी हुई, जानें क्या आरोप लगे थे
इमेज स्रोत, BEHROUZ MEHRI/AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, जिस शख़्स को फ़ांसी दी गई है, उनका नाम सुल्तान अली शिरज़ादी है (सांकेतिक तस्वीर)
ईरान में एक और शख़्स को आज सुबह फ़ांसी दी गई है. यह जानकारी ईरानी न्यायपालिका की आधिकारिक मीडिया संस्था मिज़ान न्यूज़ ने दी है.
जिस शख़्स को फ़ांसी दी गई है, उनका नाम सुल्तान अली शिरज़ादी है. उन पर पीपल्स मोजाहेदीन ऑर्गेनाइजेशन का सदस्य होने और इसराइल के लिए जासूसी करने का आरोप था.
ईरान की न्यायपालिका ने कहा, "सुल्तान शिरज़ादी को कानूनी प्रक्रिया पूरी होने और सुप्रीम कोर्ट का फ़ैसला आने के के बाद फ़ांसी दी गई है."
बीबीसी फ़ारसी के अनुसार, पिछले कुछ महीनों में ईरान में फ़ांसी देने के मामले बढ़े हैं. ईरानी मानवाधिकार समूहों ने भी इस पर चिंता व्यक्त की है.
ईरानी मानवाधिकार समूहों की मानें तो हाल ही में दी गईं फ़ांसी की सज़ाएं सिर्फ़ 'जासूसी' के आरोपों तक सीमित नहीं हैं.
उनका दावा है कि उन लोगों को भी फ़ांसी हुई जिन्हें विरोध प्रदर्शनों से जुड़े मामलों में सज़ा दी गई.
मानवाधिकार समूहों का कहना है, "ईरानी शासन डर का माहौल बनाने के लिए मौत की सज़ा सुना रहा है."
जबकि ईरानी अधिकारी कहते हैं कि ये सज़ाएं 'देश के क़ानूनों के तहत और सुरक्षा ख़तरों का मुक़ाबला करने' के लिए दी जा रही हैं.
अमेरिका में इसराइल और लेबनान के बीच आज फिर होगी बातचीत
इमेज स्रोत, Andrew Harnik/Getty Images
इमेज कैप्शन, पहली बातचीत 14 अप्रैल को हुई थी, जिसके बाद 10 दिन का अस्थायी युद्धविराम हुआ था
अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन में इसराइल और लेबनान के बीच आज यानी गुरुवार को दूसरे दौर की बातचीत होनी है.
अब होने वाली बातचीत में मौजूदा 10 दिन की युद्धविराम अवधि को बढ़ाने पर चर्चा होगी.
लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ़ औन ने कहा है, "राजदूत स्तर की बातचीत पूरी तरह से इसराइली हमलों को रोकने, लेबनानी इलाक़ों से इसराइली सेना की वापसी, क़ैदियों की रिहाई, अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सेना की तैनाती और युद्ध में तबाह हुई जगहों के पुनर्निर्माण पर आधारित है."
दूसरी ओर, ईरान और अमेरिका के बीच इस्लामाबाद में दूसरे दौर की बातचीत नहीं हो सकी. अभी तक ईरान ने अमेरिका से समझौता करने पर सहमति व्यक्त नहीं की है.
पहले दौर की बातचीत में ईरान ने शर्त रखी थी कि युद्धविराम में लेबनान में लड़ाई रोकना भी शामिल होना चाहिए.
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में बूथ के पास बम धमाके की ख़बर
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 152 सीटों पर मतदान है
पश्चिम बंगाल में वोटिंग शुरू होने के बाद अलग-अलग इलाक़ों से छिटपुट हिंसक घटनाओं की खबरें आ रही हैं.
मुर्शिदाबाद ज़िले की डोमकल सीट पर सीपीआई(एम) और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के कार्यकर्ताओं के बीच झगड़े में चार लोग घायल हुए. इसके कारण स्थानीय लोग बूथ नंबर 217 पर वोट डालने नहीं जा पाए.
बीबीसी बांग्ला के मुताबिक़, मुर्शिदाबाद पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद उन्होंने माइक से लोगों से वोट डालने की अपील की और उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिया.
दूसरी ओर, मुर्शिदाबाद ज़िले की नाओदा विधानसभा सीट के शिवनगर में एक मतदान केंद्र के पास बम धमाके की खबर मिली.
तृणमूल कांग्रेस ने इसका आरोप हुमायूं कबीर की पार्टी पर लगाया है.
मालदा ज़िले के मोथाबाड़ी में ईवीएम ख़राब होने की वजह से सुबह क़रीब 8:30 बजे तक वोटिंग रुकी रही. बाद में जब प्रशासन मतदान केंद्र पहुंचे तो स्थानीय लोगों ने उन पर देर से आने का आरोप लगाया और उनके ख़िलाफ़ विरोध भी किया.
चुनाव आयोग के मुताबिक़, समस्या हल होने के बाद वोटिंग फिर से शुरू हो गई है.