अकेले सफ़र करने वाली महिला पर्यटकों के लिए दुनिया के 5 सबसे सुरक्षित देश

    • Author, लिंडसे गैलोवे
  • पढ़ने का समय: 6 मिनट

दुनिया में उन महिलाओं की अच्छी-ख़ासी तादाद है, जो अकेले ट्रैवल करना पसंद करती हैं. यह ट्रेंड काफ़ी तेजी से बढ़ा है.

अब पहले से कहीं ज़्यादा महिलाएं सोलो ट्रैवल को लेकर जानकारी ढूंढ रही हैं. पिछले पांच साल में ऐसी जानकारियां ढूंढने वाली महिलाओं की संख्या बढ़ी है.

महिलाएं सोलो ट्रिप प्लान कर रही हैं, लेकिन उनकी सुरक्षा को लेकर चिंताएं अभी भी बनी हुई हैं.

फ़रवरी 2026 में हुए एक सर्वे में 59 फ़ीसदी महिलाओं ने कहा कि रात में अकेले चलना उन्हें सबसे असुरक्षित लगता है. महिलाएं बताती हैं कि वो पुरुषों से ज़्यादा ट्रैवल नहीं करती हैं, क्योंकि उन्हें सुरक्षा की चिंता रहती है.

ऐसे में यह जानना ज़रूरी है कि दुनिया में ऐसे कौन-से देश हैं, जहां महिलाएं अकेले यात्रा करते हुए सुरक्षित महसूस कर सकती हैं.

हालांकि, ऐसी कोई एक वैश्विक सूची नहीं है जो बताए कि अकेली महिलाओं के लिए कौन-सा देश कितना सुरक्षित है.

इसको लेकर बीबीसी ने जॉर्जटाउन यूनिवर्सिटी के विमेन, पीस एंड सिक्योरिटी (डब्ल्यूपीएस) इंडेक्स और ग्लोबल पीस इंडेक्स का अध्ययन किया. साथ ही उन महिलाओं से बात की जो अकेले यात्रा करती हैं.

इसमें ऐसे पांच देश सामने आए हैं, जहां अकेली महिलाएं ट्रैवल करते हुए सेफ़ फ़ील कर सकती हैं.

कोस्टा रिका

मध्य अमेरिका में बसा कोस्टा रिका हाल ही में दुनिया के सबसे खुशहाल देशों में शामिल हुआ है.

डब्ल्यूपीएस इंडेक्स में इसकी रैंकिंग 34 है. यहां डिजिटल नोमैड वीजा की वजह से दूर से काम करने वाले लोग भी आ रहे हैं.

इसे 'रिमोट वर्क वीजा' भी कहते हैं, जो रिमोट वर्कर्स (दूरस्थ कर्मचारियों) को किसी दूसरे देश में रहते हुए अपनी कंपनी या क्लाइंट्स के लिए ऑनलाइन काम करने की कानूनी अनुमति देता है.

ट्रैवल एजेंट मॉली गैनन कहती हैं, "कोस्टा रिका दुनिया में उन जगहों में से है जहां अकेली महिला के लिए अनजान लोगों से मिलना-जुलना सबसे आसान है."

सांता टेरेसा और नोसेरा जैसे कस्बों में सर्फ़िंग, योगा, कैफ़े और बीच पर चलते हुए लोग आसानी से कनेक्ट कर लेते हैं.

यहां घूमकर आईं एशली हंटर कहती हैं, "समुद्र किनारे की शांति और माहौल मेरे लिए नया अनुभव था. दिन में फ़ोटो खींचती, बारिश आने पर किसी शांत जगह बैठकर स्नैक्स खाती और स्केच बनाती."

एस्टोनिया

एस्टोनिया डब्ल्यूपीएस इंडेक्स में 11वें स्थान पर है, जो इसकी अब तक की सबसे अच्छी रैंकिंग है.

महिलाओं की सेहत, आर्थिक भागीदारी और सामुदायिक सुरक्षा के लिहाज़ से यह अच्छा देश है. ग्लोबल पीस इंडेक्स में एस्टोनिया 24वें स्थान पर है.

ब्लॉगर वेरोनिका रोमेने कहती हैं, "एस्टोनिया में मुझे कभी असुरक्षित महसूस नहीं हुआ."

टालिन यहां की राजधानी है, जहां का यूनेस्को-लिस्टेड ओल्ड टाउन सोलो ट्रैवल शुरू करने के लिए एकदम सही जगह है.

रोमेने बताती हैं कि यहां कंकड़-पत्थर वाली गलियां हैं, छोटी-छोटी दुकानों में पारंपरिक सामान और खाना मिलता है.

उन्होंने बताया, "आर्ट सीन और टालिन की पुरानी गलियों का इतिहास मुझे अकेले घूमते हुए पूरी तरह आरामदायक महसूस कराता था."

राजधानी टालिन से पश्चिम में तबसालु नेचर पार्क है.

रोमेने कहती हैं, "यहां अकेले घूमना बहुत सुकून भरा था. लोग बहुत अच्छे और वेलकमिंग नेचर वाले थे."

वियतनाम

ग्लोबल पीस इंडेक्स में वियतनाम 38वें स्थान पर है और दक्षिण-पूर्व एशिया में सबसे ऊपर के देशों में आता है. डब्ल्यूपीएस इंडेक्स में भी यह पड़ोसी देशों से बेहतर है.

पिछले साल यहां घूमने आईं मॉली गैनन कहती हैं, "यहां रोज़मर्रा की बातचीत बहुत गर्मजोशी से होती है. कैफ़े मालिक से बात करना, स्ट्रीट फ़ूड सेलर्स की टेबल पर बैठना या बस से सफ़र करना, आप हर जगह सोशल हो सकते हैं."

लेखक ट्रेसी स्मिथ कहती हैं, "मैं कई बार वियतनाम गई हूं. सापा में ट्रेकिंग, मेकांग डेल्टा में होमस्टे किया और टेट फ़ेस्टिवल स्थानीय परिवार के साथ मनाया. हर बार मुझे सुरक्षित और वेलकमिंग महसूस हुआ."

ट्रेसी सलाह देती हैं कि सिर्फ़ उन जगहों पर न जाएं, जो आपकी चेकलिस्ट का हिस्सा हैं, बल्कि स्थानीय गाइड के साथ को-ऑर्डिनेट करें, होमस्टे में रहें और स्लो ट्रैवल का मज़ा लें.

उरुग्वे

इस साल के डब्ल्यूपीएस इंडेक्स में उरुग्वे ने बड़ी छलांग लगाई है. यह पहले 59वें स्थान पर था, जो अब 35वें स्थान पर पहुंच गया है.

इसकी वजह है न्याय और सुरक्षा के क्षेत्र में इस देश का अच्छा प्रदर्शन, ख़ासकर महिलाओं के ख़िलाफ़ हिंसा की दर कम हुई है.

ग्लोबल पीस इंडेक्स में यह दक्षिण अमेरिका का दूसरा सबसे शांत देश है (पहला अर्जेंटीना है).

क्लाउडिया तवानी ने अनुभव साझा करते हुए अपने ब्लॉग में लिखा, "उरुग्वे बेहद शांत है और लोग बहुत अच्छे से स्वागत करते हैं. मैं मार्च में गई थी, जब ज़्यादा पर्यटक नहीं थे. मुझे कई स्थानीय लोग मिले जो अच्छे से बातचीत करते थे. अपने देश, इतिहास और संस्कृति की कहानियां भी शेयर करने के लिए तैयार रहते थे."

दक्षिण-पश्चिमी उरुग्वे का कोलोनीया डेल साक्रामेंटो घूमने के लिहाज़ से एक अच्छी जगह है. इसके अलावा, बारियो हिस्टोरिको है, जहां देश के कई दर्शनीय स्थल हैं.

तवानी इस इलाक़े के बारे में कहती हैं, "यह पत्थरों वाली गलियों का जाल है, सफ़ेद रंग की दीवारें और रंग-बिरंगे फूल सड़कों पर दिखते हैं. विंटेज कारें इसे और ख़ास बनाती हैं."

नॉर्वे

डब्ल्यूपीएस इंडेक्स में नॉर्वे तीसरे स्थान पर है. इस देश ने कल्याणकारी योजनाएं, समान वेतन और समुदाय की सुरक्षा के क्षेत्र में बेहतरीन प्रदर्शन किया है.

2017 से यह हमेशा टॉप तीन में रहा है. यहां की मज़बूत सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था महिलाओं को काम और सरकार में सक्रिय भागीदारी का मौक़ा देती है.

सोलो विमेन ट्रैवलर्स के लिए यहां की सबसे बड़ी ख़ूबी है सुरक्षा और प्रकृति के सुंदर नज़ारे.

ट्रैवलर जैनीस लिंट्ज़ कहती हैं, "यहां अकेले यात्रा करना बहुत आसान था. मेरी क्रूज़ यात्रा सबसे अद्भुत अनुभवों में से एक थी. हमने सील, वालरस, आर्कटिक लोमड़ी और रेनडियर देखे."

ट्रैवल फोटोग्राफी क्लब 'द वांडरिंग लेंस' की फाउंडर लिसा मिशेल बर्न्स कहती हैं, "मैंने नॉर्वे में सुरक्षित महसूस किया, यहां तक कि रात में बाहर जाकर आसमान की तस्वीरें भी लीं."

वह दो बार नॉर्वे अकेले गई थीं. बर्न्स को यहां के आरामदायक होटल भी पसंद आए.

उन्होंने बताया, "मैं हमेशा नॉर्वे लौटना चाहूंगी, क्योंकि रोरबुए (पुराने मछुआरों के घर जिन्हें अब केबिन में बदला गया है) और स्कैंडिनेवियाई इंटीरियर डिज़ाइन मुझे बहुत पसंद आई हैं."

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़ रूम की ओर से प्रकाशित

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और व्हॉट्सऐप पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)