लखनऊ की हार के बाद ऋषभ पंत और संजीव गोयनका का वीडियो क्यों हो रहा है वायरल

इमेज स्रोत, ANI

पढ़ने का समय: 4 मिनट

लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के कप्तान ऋषभ पंत फिर चर्चा में हैं.

बुधवार रात को दिल्ली कैपिटल्स के हाथों लखनऊ की 6 विकेट से हार के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें ऋषभ पंत, कोच जस्टिन लैंगर और एलएसजी के मालिक संजीव गोयनका चर्चा करते नज़र आ रहे हैं.

गोयनका ने इसके बाद एक्स पर मैच के बाद की एक तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, "यह एक लंबा सीज़न है, और ऐसे मोमेंट किसी चीज़ को बनाने की प्रक्रिया का हिस्सा होते हैं. मुझे अपने कप्तान और टीम पर पूरा भरोसा है कि वे मज़बूती के साथ वापसी करेंगे. हमारे फैंस से कहना चाहता हूँ- आज आपके समर्थन के लिए धन्यवाद, हम और मज़बूती से लौटेंगे. इस सीज़न लखनऊ सुपर जायंट्स की कहानी अभी बहुत दूर तक लिखी जानी बाकी है."

इस वीडियो पर सोशल मीडिया में काफ़ी सारे लोग रिएक्ट कर रहे हैं और इसे केएल राहुल पार्ट-2 बता रहे हैं.

माफ़ी चाहते हैं, हम इस स्टोरी का कुछ हिस्सा लाइटवेट मोबाइल पेज पर नहीं दिखा सकते.

साल 2025 के आईपीएल सीज़न के दौरान भी एक मैच में पंजाब ने लखनऊ को जब हरा दिया था तो मैच के बाद पंत और संजीव गोयनका का एक वीडियो काफ़ी वायरल हुआ था. इसमें संजीव गोयनका और ऋषभ पंत के बीच काफ़ी गंभीरता से बात हो रही थी.

उस सीज़न के कई मैचों में संजीव गोयनका टीम के कप्तान से बात करते देखे जा रहे थे.

इससे पहले साल 2024 के सीज़न में संजीव गोयनका और तब टीम के कप्तान केएल राहुल का वीडियो और तस्वीर ख़ूब वायरल हुई थी.

लखनऊ के एक मैच हारने के बाद संजीव गोयनका मैदान में पहुँच गए थे और उनकी केएल राहुल से तीख़ी बहस हुई थी. बाद में राहुल लखनऊ से अलग हो गए थे और दिल्ली कैपिटल का हिस्सा बने.

दिलचस्प बात ये है कि जब केएल राहुल वाला ये मामला हुआ तब ऋषभ पंत दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा थे. बाद में जब केएल राहुल लखनऊ से अलग होकर दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा बने उसके बाद पंत दिल्ली से अलग होकर लखनऊ टीम में शामिल हुए.

सोशल मीडिया पर चर्चा

इमेज स्रोत, ANI

इमेज कैप्शन, 18 मार्च 2025 को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ लखनऊ सुपर जायंट्स के मालिक संजीव गोयनका और कप्तान ऋषभ पंत
छोड़कर पॉडकास्ट आगे बढ़ें
कहानी ज़िंदगी की

मशहूर हस्तियों की कहानी पूरी तसल्ली और इत्मीनान से इरफ़ान के साथ.

एपिसोड

समाप्त

बुधवार को मैच के बाद वायरल हुए वीडियो में आवाज़ साफ़ सुनाई नहीं पड़ रही है लेकिन लैंगर, पंत और गोयनका बेहद गंभीर चर्चा करते दिख रहे हैं.

क्रिकेट सेंट्रल नाम के एक्स हैंडल से पोस्ट किया गया कि, "हारना या जीतना गेम का हिस्सा है लेकिन सार्वजनिक तौर पर किसी को अपमानित नहीं करना चाहिए. ऋषभ पंत और केएल राहुल जैसे कप्तानों को कैमरे के सामने लेक्चर देना गेम के लिए पैशन कम और अपने आपको बॉस साबित करना ज़्यादा है."

कई लोगों ने सोशल मीडिया पर 'के एल राहुल फ़्लैशबैक्स, सेम स्क्रिप्ट न्यू कैप्टन' जैसी बातें लिखी हैं.

कई लोगों ने लिखा, "ऐसी बातें ड्रेसिंग रूम में होनी चाहिए कैमरे के सामने नहीं." और "पब्लिक के सामने ऑनर को ऐसा नहीं करना चाहिए."

वहीं कई लोग संजीव गोयनका के सपोर्ट में भी लिख रहे हैं.

कई फ़ैंस ने लिखा, "कम से कम मालिक को फ़िक्र तो है."

तो कुछ ने लिखा कि संजीव गोयनका की बॉडी लैंग्वेज को ज़रूरत से ज़्यादा तरज़ीह दी जा रही है.

एक यूज़र ने लिखा, "ये जवाबदेही फ़िक्स करना है, अपमान करना नहीं."

बुधवार को हुए मैच में लखनऊ की टीम पहले बैटिंग करते हुए 18.4 ओवर में 141 रन बनाकर ऑल आउट हो गई थी. ऋषभ पंत जब 7 रन पर थे तो नॉन स्ट्राइकर एंड पर दुर्भाग्यशाली तरीक़े से रन आउट हो गए थे.

जवाब में दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने 18वें ओवर में 4 विकेट खोकर ही लक्ष्य हासिल कर लिया. दिल्ली की ओर से सबसे ज़्यादा 70 रन समीर रिज़वी ने बनाए.

केएल राहुल मामला

इमेज स्रोत, ANI

इमेज कैप्शन, साल 2024 में दिल्ली कैपिटल्स के तत्कालीन कप्तान ऋषभ पंत और लखनऊ सुपर जायंट्स के तत्कालीन कप्तान केएल राहुल एक मैच के बाद गले मिलते हुए

8 मई 2024 को लखनऊ सुपर जायंट्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच हुआ मैच एकतरफ़ा रहा था.

सनराइजर्स हैदराबाद को लखनऊ की टीम ने 166 रनों का लक्ष्य दिया था.

लेकिन हैदराबाद ने सिर्फ़ 9.4 ओवर में ही इस मैच को जीत लिया.

सनराइज़र्स के अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड की बल्लेबाज़ी के सामने कप्तान केएल राहुल की टीम बेबस हो गई थी.

इस मैच के बाद लखनऊ टीम के मालिक संजीव गोयनका टीम के डग आउट के पास पहुँच गए और कप्तान केएल राहुल से बात करने लगे.

बातचीत के दौरान वे काफ़ी ग़ुस्से में लग रहे थे.

सोशल मीडिया पर ये वीडियो वायरल हुआ था. लोगों ने कहा था कि संजीव गोयनका को सार्वजनिक रूप से ऐसा करने से बचना चाहिए.

उसके बाद साल 2025 में भी संजीव गोयनका लगातार मैच के बाद कप्तान से बात करते नज़र आए.

पंजाब के ख़िलाफ़ मैच के बाद तो उनके चेहरे से नाराज़गी भी झलक रही थी और तस्वीर में ऋषभ पंत को सिर झुकाए उनकी बात सुनते देखा गया.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.