क्या अमेरिका और ईरान पाकिस्तान में फिर करेंगे बात,यहां चल रही 'तैयारियों' से मिल रहे कैसे संकेत

पाकिस्तान सरकार ने इस्लामाबाद में एक फाइव स्टार होटल बुक किया है

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, पाकिस्तान सरकार ने इस्लामाबाद में एक फाइव स्टार होटल बुक किया है. सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है. इससे ये कयास लग रहे हैं कि शायद एक बार फिर ईरान-अमेरिका वार्ता हो सकती है
पढ़ने का समय: 5 मिनट

अमेरिका और ईरान के बीच दूसरे दौर की बातचीत के लिए अभी तक किसी जगह या तारीख़ का एलान नहीं हुआ है.

लेकिन पाकिस्तानी नेताओं के राजनयिक प्रयास जारी हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने समझौता होने की स्थिति में इस्लामाबाद दौरा करने की बात कही थी. अब इन संकेतों के बीच पाकिस्तान की राजधानी में पुख़्ता सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है.

बीबीसी उर्दू के मुताबिक़ रविवार को इस्लामाबाद के विशाल पांच सितारा मैरियट होटल के मैनेजमेंट ने अपने मेहमानों को रविवार दोपहर तीन बजे तक होटल खाली करने का निर्देश दिया.

इसके अलावा रावलपिंडी और इस्लामाबाद के उपायुक्तों ने रविवार से अगले आदेश तक सार्वजनिक परिवहन और माल ढुलाई पर रोक लगा दी है.

मैरियट होटल के मैनेजमेंट की ओर से जारी एक नोटिस में कहा गया, "पाकिस्तान सरकार ने एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम के लिए रविवार को दोपहर तीन बजे से पूरे होटल को बुक कर लिया है. इसलिए, सभी मेहमानों से अनुरोध है कि वे दोपहर तीन बजे तक होटल खाली कर दें."

इस नोटिस में मेहमानों से माफ़ी मांगी गई है और कहा गया है कि होटल मैनेजमेंट मेहमानों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने में उनके साथ सहयोग करेगा.

बीबीसी उर्दू के मुताबिक़ इस्लामाबाद में बातचीत के दूसरे दौर को लेकर पाकिस्तान, अमेरिका और ईरान की सरकारों की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कुछ दिन पहले संकेत दिया था कि अगर इस्लामाबाद में कोई समझौता हो जाता है तो वे व्यक्तिगत रूप से वहां जाएंगे.

सेरेना होटल ने अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता के पहले दौर की मेजबानी की थी. इस होटल ने अगले कुछ दिनों के लिए बुकिंग बंद कर दी है.

जब बीबीसी के आज़म ख़ान ने इस्लामाबाद के सेरेना होटल में कमरा बुक कराने के लिए संपर्क किया, तो उन्हें बताया गया कि अगले कुछ दिनों तक होटल में कोई कमरा उपलब्ध नहीं है.

'कर्फ़्यू जैसी स्थिति'

इस्लामाबाद की सड़कों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, इस्लामाबाद की सड़कों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है

नूर खान एयरबेस के पास की सभी हाउसिंग सोसाइटी में कर्फ़्यू जैसी स्थिति लागू है और सड़कों पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है.

सुरक्षाकर्मी इस्लामाबाद में प्रवेश करने वाले सभी मार्गों पर चौकियां लगा रहे हैं.

यहां पुलिस और सैन्य कर्मियों को तैनात किया गया है. इसी तरह पंजाब से बुलाए गए अतिरिक्त पुलिसकर्मी भी इस्लामाबाद में ड्यूटी पर तैनात रहेंगे.

इस्लामाबाद पुलिस के प्रवक्ता के मुताबिक़,आईजी इस्लामाबाद के आदेश पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर संयुक्त तलाशी अभियान चल रहा है.

इससे पहले शुक्रवार को इस्लामाबाद पुलिस ने स्पष्ट किया कि फैज़ाबाद सहित शहर के सभी बस स्टेशन सामान्य रूप से खुले हैं और परिवहन सुचारू रूप से चल रहा है, जबकि इससे पहले स्टेशनों के बंद होने की खबरें सामने आई थीं.

दूसरी ओर नूर ख़ान एयर बेस के पास के रेजिडेंशियल एरिया के लोगों का कहना है कि वहां कर्फ़्यू जैसी स्थिति है और सड़कों पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है.

इस्लामाबाद में व्यापक तलाशी अभियान चलाए जा रहे हैं

इमेज स्रोत, @ICT_Police

इमेज कैप्शन, इस्लामाबाद में व्यापक तलाशी अभियान चलाए जा रहे हैं

लोगों से आना-जाना सीमित करने को कहा गया है और इन क्षेत्रों में बाजार बंद किए जा रहे हैं.

इस्लामाबाद के अंतरराष्ट्रीय इस्लामी विश्वविद्यालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि 20 से 24 अप्रैल तक ऑनलाइन क्लास ली जाएंगी.

मिली जानकारी के मुताबिक़, इस्लामाबाद के आईजी ने जिले भर में व्यापक तलाशी अभियान चलाने के आदेश जारी किए हैं.

इसके तहत करपा पुलिस स्टेशन, संबल पुलिस स्टेशन, सचिवालय पुलिस स्टेशन, खन्ना पुलिस स्टेशन, औद्योगिक क्षेत्र पुलिस स्टेशन, बानी गाला पुलिस स्टेशन और तरनोल पुलिस स्टेशन के क्षेत्रों में अभियान चलाए गए.

इस अभियान के दौरान 712 व्यक्तियों और 1,108 घरों की जांच की गई. साथ ही 182 दुकानों और 32 होटलों की भी तलाशी ली गई. इसके अलावा, 381 मोटरसाइकिलों और 141 वाहनों की भी जांच की गई.

इस अभियान के दौरान, 20 अफ़ग़ान नागरिकों, 56 संदिग्ध व्यक्तियों, 2 वाहनों और 47 मोटरसाइकिलों को आगे की जांच के लिए संबंधित पुलिस थानों में भेजा दिया गया.

अवैध हथियारों के साथ मिले संदिग्धों को गिरफ़्तार किया गया है.

चेकिंग पॉइंट बनाए गए

इस्लामाबाद में सार्वजनिक परिवहन केंद्रों को बंद किया गया है

इमेज स्रोत, @chemajournalist

इमेज कैप्शन, इस्लामाबाद में सार्वजनिक परिवहन केंद्रों को बंद किया गया है
छोड़कर पॉडकास्ट आगे बढ़ें
कहानी ज़िंदगी की

मशहूर हस्तियों की कहानी पूरी तसल्ली और इत्मीनान से इरफ़ान के साथ.

एपिसोड

समाप्त

जांच के लिए शहर के एंट्री और एग्ज़िट गेट्स पर ख़ास चेकिंग पॉइंट स्थापित किए गए हैं. साथ ही सभी पेट्रोलिंग यूनिट लगातार शहर में गश्त कर रहे हैं.

वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर रहे हैं.

इस्लामाबाद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे चेकिंग के दौरान पुलिस के साथ सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें. पुलिस नागरिकों के जीवन और संपत्ति की सुरक्षा के लिए हर संभव उपाय कर रही है.

इस्लामाबाद प्रशासन के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बीबीसी को बताया कि अधिकारियों ने गुरुवार रात 11 बजे से राजधानी के सभी सार्वजनिक परिवहन केंद्रों को बंद करने के निर्देश जारी किए थे. उन्होंने कहा कि पुलिस की मदद से सभी केंद्रों को बंद किया गया.

ये सार्वजनिक परिवहन केंद्र फैज़ाबाद, पिरोधाई, मंडी मोड़ और नंबर 26 चुंगी पर स्थित हैं.

अधिकारी के मुताबिक़, जिस समय इस्लामाबाद की सीमा के भीतर इन ठिकानों को बंद किया जा रहा था, उसी समय रावलपिंडी प्रशासन पुलिस की मदद से अपनी सीमा के भीतर स्थित ठिकानों को भी बंद कर रहा था.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़ रूम की ओर से प्रकाशित

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और व्हॉट्सऐप पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)