होर्मुज़ स्ट्रेट में भारत के झंडे वाले दो जहाज़ों पर हुई गोलीबारी, भारत ने ईरान से ये कहा

इमेज स्रोत, Shady Alassar/Anadolu via Getty Images
- Author, डेनियेल पेलुम्बो
- पदनाम, बीबीसी वेरिफ़ाई
- पढ़ने का समय: 2 मिनट
भारत ने होर्मुज़ स्ट्रेट पर भारत के झंडे लगे दो जहाज़ों पर हुई गोलीबारी की घटना पर गंभीर चिंता जताई है और भारत में ईरान के राजदूत को तलब करके अपनी आपत्ति दर्ज की.
शनिवार को होर्मुज स्ट्रेट में भारत के झंडे लगे दो जहाज़ों को अपना रास्ता बदलने के लिए मजबूर होना पड़ा.
टैंकरों की आवाजाही पर नज़र रखने वाली वेबसाइट "टैंकरट्रैकर्स" ने कहा है कि इस दौरान "गोलीबारी" भी हुई. टैंकरट्रैकर्स के मुताबिक़, "चैनल 16 की ऑडियो रिकॉर्डिंग" के आधार पर, आईआरजीसी नौसेना ने होर्मुज़ स्ट्रेट के पश्चिम में सफर के दौरान दो भारतीय जहाजों को होर्मुज़ स्ट्रेट से पीछे हटने के लिए मजबूर किया था.
जब स्ट्रेट को दोबारा खोला जा रहा था तो उसी दौरान भारतीय झंडे वाले दो जहाज़, कार्गो शिप जग अर्नव और तेल टैंकर सनमार हेराल्ड को ईरान के इस्लामिक रेवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने अपने तय मार्ग से हटने के आदेश दिए. मैरीन ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक़, ये जहाज़ लारक द्वीप को पार करने के बाद धीमे हो गए और फिर यू-टर्न लेकर वापस लौट गए.
सनमार हेराल्ड के डेटा से ये भी पता चलता है कि वह तेल से पूरी तरह लदा हुआ है. हाल के ट्रैकिंग डेटा के आधार पर संभावना है कि यह तेल इराक़ से आ रहा है.
भारत ने ईरानी राजदूत को तलब किया
भारतीय विदेश मंत्रालय ने इस मामले में बयान जारी किया है.
इसके मुताबिक़, "शनिवार की शाम नई दिल्ली में ईरान के राजदूत को विदेश सचिव से मीटिंग के लिए बुलाया गया. बैठक के दौरान, विदेश सचिव ने भारतीय जहाजों पर हुई गोलीबारी पर चिंता जताई. उन्होंने कहा कि भारत व्यापारिक जहाजों और नाविकों की सुरक्षा को बहुत महत्व देता है. उन्होंने यह भी याद दिलाया कि ईरान ने पहले भारत जाने वाले कई जहाजों के सुरक्षित आवागमन में मदद की थी. विदेश सचिव ने राजदूत से कहा कि वो इस बारे में भारत की बातों को ईरान के अधिकारियों तक पहुंचाएं. साथ ही जल्द से जल्द भारत की ओर आने वाले जहाजों के सुरक्षित मार्ग की प्रक्रिया फिर से शुरू करें."
ईरान के राजदूत ने इन बातों को ईरानी अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
































