भारत में और भी हैं 'खली'

'डब्ल्यू डब्ल्यू ई' के बैनर तले लड़कर दलीप सिंह राणा उर्फ़ दि ग्रेट खली ने एक ख़ास क़िस्म की प्रोफेशनल कुश्ती को भारत में लोकप्रिय किया.

लेकिन ख़ली एकमात्र भारतीय पहलवान नहीं जो व्याव्सायिक कुश्ती में सफल रहे हैं. फ़ेहरिस्त में कुछ दूसरे नाम भी शामिल हैं.

इमेज स्रोत, tiger ali singh foundation

छह फ़ीट 5 इंच लंबे टाईगर अली सिंह का नाम भारत की ओर से 'डब्ल्यू डब्ल्यू ई' के बैनर तले लड़ने वालों में सबसे पहला माना जा सकता है.

टाईगर कनाडा के नागरिक हैं लेकिन भारतीय मूल से हैं और मशहूर भारतीय पहलवान टाईगर जीत सिंह के बेटे हैं.

टाईगर को 1997 में मुख्य रेसलर के रुप में लाया गया. हालांकि बाद में टाईगर ने आरोप लगाया कि नस्लवाद के चलते उन्हें आगे नहीं बढ़ने नहीं दिया गया.

टाईगर ने इस मुद्दे पर कंपनी के ख़िलाफ़ 70 लाख़ डॉलर का मुक़दमा किया था लेकिन फिर अदालत से बाहर हुए एक समझौते के बाद उन्हें डब्ल्यू डब्ल्यू ई के अमेरीका से बाहर होने वाले इवेंट्स से जोड़ दिया गया और कंपनी ने उनके रहने, ख़ाने-पीने का पूरा ख़र्चा उठाया.

42 वर्षीय टाईगर अब जापान में नवोदित पहलवानों को प्रोफ़ेशनल कुश्ती के दांव पेंच सिखाते हैं.

टाईगर के बाद 'डब्ल्यू डब्ल्यू ई' में खली का नाम आया और खली अपने साथ भारतीय मूल के एक और कनाडियाई पहलवान जिंदर महल को लेकर आए.

इमेज स्रोत, jinder mahal

29 वर्षीय ज़िंदर महल उर्फ़ युवराज सिंह धेसी 6 फ़ीट 5 इंच उंचे थे और दि ग्रेट खली के मित्र के रुप में 2011 में 'डब्ल्यू डब्ल्यू ई' के पर्दे पर आए.

इसके बाद जिंदर ने खली, रैंडी ओर्टोन, केन और अंडरटेकर जैसे लोकप्रिय पहलवानों से कुश्ती लड़ी और साल 2014 तक वो 'डब्ल्यू डब्ल्यू ई' के साथ मुख्य रेसलर के तौर पर मौजूद रहे.

इमेज स्रोत, jinder mahl

साल 2014 में आर्थिक कारणों के चलते कई पहलवानों को 'डब्ल्यू डब्ल्यू ई' ने अपने कांट्रेक्ट से मुक्त किया और जिंदर महल भी उनमें से एक थे.

'डब्ल्यू डब्ल्यू ई' के प्रतिद्वंद्वी नेटवर्क 'टीएनए' ने भी दो भारतीय पहलवानों को जगह दी है.

मूल रुप से भारतीय रितेश भल्ला ने 'टीएनए' कुश्ती में 'सोंजय दत्त' के नाम से साल 2003 में पदार्पण किया.

इमेज स्रोत, sonjay dutt

भारत में दिल्ली में रहने वाले रितेश ने अपना नाम सोंजय रखने का कारण फ़िल्म अभिनेता संजय दत्त के प्रति अपना प्यार माना.

5 फ़ीट 8 इंच उंचे संजय काफ़ी फ़ुर्तीले हैं और आमतौर पर उंची सीढियों या मेज़ों से कूद कर अपने विरोधियों को चित्त कर देते हैं.

'टीएनए' की ओर से ही एक और भारतीय पहलवान अमनप्रीत सिंह भी कुश्ती करते हैं लेकिन रिंग में उनका नाम महाबली शेरा है.

6 फ़ीट 2 इंच उंचे अमनप्रीत मात्र 25 साल के हैं और वो भारतीय नागरिक हैं.

'टीएनए' ने हाल ही में भारत में कुश्ती की बढ़ती लोकप्रियता को भुनाने के लिए उन्हें भारत में अपना ब्रैंड अंबेसडर नियुक्त किया है.

अमनप्रीत वही काम कर रहे हैं जो ख़ली 'डब्ल्यू डब्ल्यू ई' के लिए कर रहे हैं लेकिन जहां खली ने भारत में एक अकादमी खोला है वहीं महाबली शेरा अभी सिर्फ़ अपना और 'टीएनए' का प्रचार ही कर रहे हैं.

इन पहलवानों की भारत में बढ़ती लोकप्रियता को देख कर ऐसा लगता है कि इस तरह की रेसलिंग की लिस्ट जल्द ही और लंबी हो जाएगी.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> करें. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक </caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link>और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>