मणिपुर में धमाके में दो बच्चों की मौत पर राहुल गांधी ने पीएम मोदी से पूछा सवाल

इमेज स्रोत, Getty Images
मणिपुर के बिष्णुपुर में एक धमाके में दो बच्चों की मौत पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रतिक्रिया दी है.
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, "मणिपुर में बीएसएफ़ जवान के घर में सोते दो नन्हें बच्चों की हत्या की ख़बर दिल को चीर देने वाली है. मणिपुर में हिंसा की दहकती हुई आग में तीन साल बाद भी निर्दोष बच्चे झुलस रहे हैं. शांति का कोई संकेत दूर-दूर तक नज़र नहीं आता.''
राहुल गांधी ने लिखा, ''मोदी सरकार इतनी संवेदन शून्य और पत्थर दिल हो गई है कि मानो यह भूल चुकी है कि मणिपुर के बच्चे भी देश के बच्चे हैं, हमारा भविष्य हैं. कब जागेगी ये सरकार? आख़िर कब तक अपनों की लाशें गिनते-गिनते मणिपुर करता रहेगा इंतज़ार?''
राहुल गांधी ने आगे लिखा, ''प्रधानमंत्री जी, मणिपुर सिर्फ़ एक राज्य नहीं है, ज़िम्मेदारी है. सिर्फ नाम का एक बयान काफ़ी नहीं, सिर्फ दिखावे का एक दौरा काफ़ी नहीं है. इससे पहले कि हालात पूरी तरह नियंत्रण से बाहर हो जाएं. आपको ठोस और तत्काल कदम उठाने ही होंगे.''
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, ''अधिकारियों ने बताया कि हिंसा के एक नए दौर में संदिग्ध कुकी उग्रवादियों ने मंगलवार को मणिपुर के बिष्णुपुर ज़िले में बम से हमला किया, जिसमें दो छोटे बच्चों की मौत हो गई, जबकि उनकी माँ घायल हो गईं.''
पीटीआई ने बताया, ''यह घटना रात क़रीब 1 बजे की है, जब संदिग्ध चरमपंथियों का फेंका हुआ एक बम मोइरांग ट्रोंगलाओबी में एक आम नागरिक के घर पर गिरा, जिससे तक़रीबन 5 साल के एक लड़के और छह महीने की एक बच्ची की मौत हो गई.''
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक़, जब घर में बम फटा, तब ये तीनों अपने बेडरूम में सो रहे थे.
मणिपुर के निचले इलाक़े में स्थित मोइरांग ट्रोंगलाओबी, चुराचांदपुर के पहाड़ी इलाकों के क़रीब है और साल 2023-2024 में जातीय संघर्ष के चरम पर होने के दौरान यहाँ लगातार गोलीबारी होती रही है.
इस बीच स्थानीय बीजेपी विधायक शांति सिंह ने ट्रोंगलाओबी अवांग लीकाई में हुए "बर्बर हमले" की कड़ी निंदा की है.

















