आईआरजीसी की चेतावनी, 'अमेरिका ने हद पार की तो ईरान का जवाब क्षेत्र की सीमा से बाहर होगा'

इमेज स्रोत, Source
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने एक नए बयान में कहा है कि उसने अमेरिका और उसके क्षेत्रीय सहयोगियों के ख़िलाफ़ "काफ़ी संयम दिखाया है और अपने बदले के लिए लक्ष्य चुनने में सावधानी बरती है."
ईरान की सरकारी मीडिया पर साझा किए गए एक बयान में आईआरजीसी ने कहा, "अब से इन चीज़ों का ध्यान नहीं रखा जाएगा."
आईआरजीसी ने यह भी कहा कि अगर अमेरिकी सेना "अपनी हदें पार करती है, तो हमारी प्रतिक्रिया इस क्षेत्र से भी आगे तक जाएगी."
बयान में यह भी कहा गया कि वह अमेरिका और उसके सहयोगियों के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाएगा और सालों तक क्षेत्र में तेल और गैस की आपूर्ति को बाधित करेगा.
इससे पहले ईरान के कई ठिकानों को हमले का निशाना बनाया गया है, जिनमें खार्ग द्वीप, देश के नदी पुल, बिजली उत्पादन केंद्र और अन्य ठिकाने भी शामिल हैं.
ईरान की सरकारी न्यूज़ एजेंसी आईआरएनए ने दावा किया है कि थोड़ी देर पहले कशान शहर में एक पुल पर हुए हमले में दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए हैं.
हालाँकि बीबीसी इन दावों की पुष्टि नहीं करता.
थोड़ी ही देर पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर धमकी दी है कि अगर ईरान ने अमेरिका के साथ कोई समझौता नहीं किया तो, 'पूरी सभ्यता का अंत हो जाएगा.'






















