ईरान युद्ध: भारत में तेल और गैस की सप्लाई के क्या हैं हालात, मंत्रालय ने दी जानकारी

इमेज स्रोत, ANI
पेट्रोलियम और नेचुरल गैस मंत्रालय ने बताया है कि देश के किसी भी इलाक़े में पेट्रोल, डीज़ल, एलपीजी या पीएनजी के ख़त्म होने की ख़बर नहीं है.
मंत्रालय की जॉइंट सेक्रेटरी सुजाता शर्मा ने मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में बताया, “पेट्रोल पंप पर्याप्त डीज़ल और पेट्रोल के साथ नॉर्मल ऑपरेट कर रहे हैं. एलपीजी सिलेंडर की डिलीवरी सामान्य है और इसकी ऑनलाइन बुकिंग क़रीब 96% है."
उन्होंने बताया, “कमर्शियल एलपीजी की सप्लाई भी 70% तक फिर से शुरू हो चुकी है और 14 मार्च से अब तक 19 किलोग्राम के क़रीब 45.5 लाख सिलेंडर की सप्लाई हो चुकी है.”
उन्होंने कहा है कि सरकार ने पांच किलो के गैस सिलेंडर को बेचने के लिए नई पहल की है और इसे डबल करने की बात की गई है. इसके तहत सोमवार को पांच किलो के क़रीब एक लाख सिलेंडर की बिक्री हुई है.
28 फ़रवरी को ईरान युद्ध शुरू होने के बाद दुनिया के कई देशों में तेल और गैस का संकट देखा जा रहा है. इस युद्ध की वजह से भारत में भी घरेलू एलपीजी गैस की सप्लाई पर असर पड़ा है.






















