सोशल: 'एक हाथ वाली लड़की' के दीवाने हुए लोग, दे रहे शादी का प्रस्ताव

इमेज स्रोत, Instagram

खामियां हर इंसान में होती हैं, कोई ऐसा नहीं है जिसमें ख़ूबियां ही ख़ूबियां हों. लेकिन ज़िंदगी की जंग वही जीतता है जो कमजोरियों को अपनी ताक़त बना ले और 21 साल की लॉरेन ने यही किया है.

पिछले साल हुए एक हादसे में लॉरेन ने अपना एक हाथ खो दिया था. इसके बावजूद उन्होंने अपनी ज़िंदादिली और खिलखिलाहट नहीं खोई.

इमेज स्रोत, Instagram

अपने गज़ब के सेंस ऑफ ह्यूमर और हाज़िरजवाबी की बदौलत वह इंटरनेट पर छाई हुई हैं. वो कहती हैं हंसी-मज़ाक करने की इस आदत ने उन्हें तकलीफ़ से निकलने में मदद की.

लॉरेन ख़ुद पर हंसते हुए कहती हैं, ''मैं कभी 'ताली बजाने वाली' इमोजी नहीं बनाती क्योंकि मैं असल में ताली बजा ही नहीं पाती.''

इमेज स्रोत, Twitter

पहले उन्हें अपने कटे हुए हाथ पर हंसना अजीब लगता था लेकिन जब से उन्होंने ऐसा करना शुरू किया, सबकुछ बदल गया. लॉरेन ट्विटर पर एक से बढ़कर एक मज़ेदार ट्वीट करती हैं, इंस्टाग्राम पर अपनी ढेर सारी तस्वीरें शेयर करती हैं.

इतना ही नहीं उन्होंने डेटिंग साइट 'टिंडर' पर अपनी प्रोफ़ाइल भी बना रखी है और कई लोग उनके दीवाने हैं, उनसे शादी करना चाहते हैं.

इमेज स्रोत, Instagram

टिंडर प्रोफ़ाइल में वो अपने व्यक्तित्व को 10 में से 20, चेहरे को 10 में 10 और बॉडी को 10 में 9 नंबर देती हैं. साथ ही वो ये भी बताती हैं उनके 1/2 यानी दो में से एक हाथ ही है.

इमेज स्रोत, Instagram

लॉरेन की प्रोफ़ाइल को ख़ूब पसंद किया जा रहा है और कहना ग़लत नहीं होगा कि ये वायरल हो रही है. लोग न सिर्फ उनकी सकारात्मकता से प्रभावित हो रहे हैं बल्कि उन्हें शादी का प्रस्ताव भी दे रहे हैं.

इमेज स्रोत, Twitter

यानी लॉरेन अपनी ज़िंदगी को तो भरपूर जी रही ही हैं, साथ ही दूसरों को भी जीना सिखा रही हैं.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)