दुनिया की सबसे ताकतवर महिला के पति कौन हैं?

इमेज स्रोत, Reuters

इमेज कैप्शन, मई 2017 में इटली में जी-7 समिट के दौरान एंगेला मर्केल और योआखिम जाउअर

दुनिया के सबसे ताकतवर पुरुष उनके इर्द-गिर्द अक्सर दिख जाते हैं लेकिन वो कभी कभार ही दिखते हैं. हालांकि जर्मन चांसलर एंगेला मर्केल को उनके पति योआखिम जाउअर की गैरमौजूदगी में अक्सर देखा जाता है.

हाल ही में जी-20 की मीटिंग के दौरान जर्मनी के हैम्बर्ग शहर में एंगेला मर्केल दुनिया के ताकतवर नेताओं की कूटनीतिक मेज़बानी में मसरूफ थीं. नाश्ते पर उनकी मुलाक़ात अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप से हुई और लंच पर वे रूसी राष्ट्रपति पुतिन और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मिलीं.

इमेज स्रोत, Reuters

टीवी पर शपथग्रहण समारोह

इन मुलाक़ातों का एजेंडा विवादास्पद मुद्दों पर आम सहमति का रास्ता तलाशना था. लेकिन इन सबके बीच एंगेला मर्केल के पति योआखिम जाउअर इक्का-दुक्का बैठकों में शिरकत करते दिखे.

जर्मन भाषा में उनके नाम का मतलब कड़वा या सुस्त होता है. उन्हें प्रचार से चिढ़ है और मीडिया के कैमरे ने ये बात कई दफा नोटिस की है.

कहा जाता है कि साल 2005 में जब एंगेला मर्केल पहली दफा जर्मनी की चांसलर बनी थीं तो प्रोफेसर योआखिम जाउअर ने घर में रहकर उनका शपथग्रहण समारोह टीवी पर देखा था.

इमेज स्रोत, EPA

अखबारों की सुर्खियां

साल 2007 में जर्मनी के विदेश मंत्री ने जी-8 की मीटिंग की मेजबानी की थी तो वॉशिंगटन पोस्ट के संवाददाता क्रेग वाइटलॉक ने लिखा था, "चांसलर एंगेला मर्केल की सबसे बड़ी उपलब्धि का ग्लोबल वार्मिंग कम करने से कोई लेना-देना नहीं है और न ही रूस के साथ तनाव कम करने से है. उनकी उपलब्धि तो अपने पति योआखिम जाउअर को सम्मेलन में साथ आने के लिए मनाने की है."

एंगेला मर्केल के विदेश दौरों पर भी योआखिम जाउअर बहुत कम साथ जाते हैं. पिछली मई में योआखिम जाउअर अपनी पत्नी के साथ जी-7 समिट में इटली के ताओरमिना जाने के लिए सहमत हो गए थे.

जर्मनी की पहली महिला के साथ योआखिम जाउअर की तस्वीरें देश के अखबारों की सुर्खियां बन गई थीं.

इमेज स्रोत, AFP

इमेज कैप्शन, 1989 और 2007 की दो तस्वीरें, फ्रेम में एंगेला मर्केल और योआखिम जाउअर

'ओपेरा का फैंटम'

पिछले दस सालों से एंगेला मर्केल सत्ता में हैं और प्रोफेसर ने इस दौरान शायद ही कोई इंटरव्यू दिया हो.

आखिरी बार जब उन्होंने सार्वजनिक तौर पर कुछ बोला था, तो उसका विषय था केमिस्ट्री. बतौर प्रोफेसर यही उनका पेशा भी है.

साल 2013 में वे समाचार एजेंसी रॉयटर्स को इटरव्यू देने के लिए तैयार हो गए थे लेकिन उनकी शर्त थी कि वे केवल संगीत और ख़ासकर अपने पैशन जर्मन संगीतकार रिचर्ड वैगनर के बारे में बात करेंगे.

प्रोफेसर योआखिम जाउअर हर साल जर्मन म्यूज़िक फेस्टिवल में शिरकत करते हैं. ये म्यूजिक फेस्टिवल रिचर्ड वैगनर की याद में ही मनाया जाता है.

इस वजह से जर्मन मीडिया ने प्रोफेसर योआखिम जाउअर को 'ओपेरा का फैंटम' करार दिया है.

इमेज स्रोत, EPA

इमेज कैप्शन, हैम्बर्ग में जी-20 समिट के दौरान ट्रंप और उनकी पत्नी के साथ योआखिम जाउअर

कौन हैं योआखिम जाउअर

अड़सठ बरस के योआखिम जाउअर क्वॉन्टम केमिस्ट्री के प्रोफेसर हैं और बर्लिन के हमबोल्ड्ट यूनिवर्सिटी में पढ़ाते हैं. ये वही यूनिवर्सिटी है जहां उन्होंने 1967-72 के बीच केमिस्ट्री की पढ़ाई की थी. 1974 में उन्होंने यहीं से केमिस्ट्री में डॉक्टरेट की उपाधि हासिल की.

साल 1977 तक वे यहीं रिसर्च करते रहे और फिर वे बर्लिन के सेंट्रल इंस्टिट्यूट ऑफ फिजियोकेमिस्ट्री से जुड़ गए. यह अतीत का हिस्सा बन गए पूर्वी जर्मनी के प्रमुख वैज्ञानिक केंद्रों में से एक है. जर्मनी के एकीकरण के बाद योआखिम जाउअर कुछ समय के लिए अमरीका में भी रहे.

यहां उन्होंने सैन डियागो की एक सॉफ्टवेयर कंपनी के लिए काम किया था. 1992 में वे बर्लिन लौट आए और साल भर बाद वे हमबोल्ड्ट यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर हो गए.

इमेज स्रोत, Reuters

इमेज कैप्शन, पिछले साल जून में वैटिकन में पोप के साथ एंगेला मर्केल और योआखिम जाउअर

फिर से शादी...

प्रोफेसर योआखिम जाउअर ने पहले भी एक शादी की थी. उनकी पहली पत्नी का नाम कभी भी सार्वजनिक नहीं किया गया. उस शादी से योआखिम जाउअर के दो बच्चे भी हैं- डेनियल और एड्रियन.

दुनिया के दूसरे देशों के विपरीत जर्मनी में राजनेताओं का निजी जीवन वाकई निजी ही रहता है, उनके बारे में सार्वजनिक तौर पर बहुत कम कहा-सुना जाता है.

दिलचस्प सवाल ये है कि आखिर प्रोफेसर योआखिम जाउअर और एंगेला मर्केल की मुलाकात कहां हुई. मैर्कल के पास भी केमिस्ट्री में डॉक्टरेट की डिग्री है. और 1981 में वे दोनों क्वॉन्टम केमिस्ट्री रिसर्च में साथ काम कर रहे थे.

मर्केल की पहली शादी 1982 में टूट गई और फिर वे दोनों साथ रहने लगे. 1998 में दोनों ने शादी कर ली. तब ये कहा गया कि इस शादी के पीछे राजनीतिक वजहें हैं.

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, हैम्बर्ग समिट के पहले दिन की एक तस्वीर

राजनीतिक वजहें

शायद चर्च और जर्मन चांसलर की पार्टी क्रिश्चियन डेमोक्रेटिक यूनियन के कुछ सदस्यों की तरफ से दबाव था. कई लोगों को ये लग रहा था कि एक परंपरावादी पार्टी का राजनीतिक नेता बिना शादी किए किसी पुरुष के साथ रह रही है.

जर्मन अखबार बिल्ड की एक रिपोर्ट के अनुसार योआखिम जाउअर और एंगेला मर्केल की शादी इतने गुप्त तरीके से हुई थी कि इसमें उनके घर-परिवार या दोस्तों में से किसी ने हिस्सा नहीं लिया था.

अखबार ने ये भी दावा किया था कि मर्केल के कुछ दोस्तों को इस शादी के बारे में केवल अखबारों के जरिए खबर मिली थी.

वीडियो कैप्शन, हैमबर्ग में विरोध प्रदर्शन

हैम्बर्ग समिट

इस हफ्ते हैम्बर्ग समिट के दौरान योआखिम जाउअर और एंगेला मर्केल का ट्रंप परिवार के साथ एक रिसर्च सेंटर पर जाने का कार्यक्रम बना था लेकिन हैम्बर्ग की सड़कों पर बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन को देखते हुए इसे रद्द कर दिया गया.

प्रोफेसर योआखिम जाउअर ने भले ही इस बार पत्नी के साथ उपस्थित होने की रजामंदी दे दी थी लेकिन मुमकिन है कि आने वाले कई महीनों तक वे फिर नहीं दिखेंगे.

आखिरकार उन्होंने शुरुआत में ही इसकी चेतावनी दे दी थी कि भले ही उनकी पत्नी राजनीतिक फलक पर कितनी ही क्यों न तरक्की कर लें लेकिन वे इस चमक-दमक से फासले पर रहेंगे.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)