ईरान के राष्ट्रपति पेज़ेश्कियान बोले- ईरान के हाथ ट्रिगर पर ही रहेंगे

इमेज स्रोत, Getty Images
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने लेबनान पर इसराइल के हमलों को युद्धविराम समझौते का स्पष्ट उल्लंघन बताया है.
राष्ट्रपति पेज़ेश्कियान ने कहा है कि, "यह होने वाले समझौते के प्रति प्रतिबद्धता की कमी का ख़तरनाक संकेत है."
सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में मसूद पेज़ेश्कियान ने कहा कि, "अगर हमले जारी रहते हैं तो बातचीत बेमानी हो जाएगी."
उन्होंने चेतावनी दी है कि ईरान के हाथ ट्रिगर पर ही रहेंगे.
ये टिप्पणियां उस बयान के एक दिन बाद आई हैं, जिसमें इसराइली सेना ने कहा था कि उसने लेबनान में 100 से ज़्यादा हवाई हमले किए हैं, जिन्हें वह हिज़्बुल्लाह के ठिकाने बता रही है.
इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा है कि, "इसराइल जहां ज़रूरी होगा, वहां हिज़्बुल्लाह पर हमले जारी रखेगा."
वहीं, ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद-बाकर ग़ालिबाफ़ ने चेतावनी दी कि, “युद्धविराम के उल्लंघन की क़ीमत चुकानी होगी और कड़ा जवाब दिया जाएगा.”
मोहम्मद-बाकर ग़ालिबाफ़ ने कहा कि लेबनान युद्धविराम का अभिन्न हिस्सा है और इसमें इंकार या पीछे हटने की कोई गुंजाइश नहीं है.
उन्होंने कहा कि, “इस आग को फ़ौरन बुझाइए.”



















