वो कबूतर जिसे 14 करोड़ रुपये से भी ज़्यादा क़ीमत में खरीदा गया

इमेज स्रोत, Reuters
बेल्जियम के एक रेसर कबूतर को रिकॉर्ड 19 लाख डॉलर में बेचा गया है. दो साल की इस मादा कबूतर का नाम न्यू किम है.
पहले इसे 237 डॉलर पर नीलामी के लिए रखा गया था लेकिन चीन के एक व्यक्ति ने इसे 19 लाख डॉलर में खरीद लिया.
भारतीय मुद्रा में ये रकम 14 करोड़ 15 लाख रुपये से भी ज़्यादा पड़ती है.
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़ इस कबूतर को पालने वाले कुर्त वाउवर ने बताया कि ख़बर सुनकर वह और उनका परिवार हैरत में पड़ गए.
इससे पहले का रिकॉर्ड एक चार साल के नर कबूतर के नाम था जो 14 लाख डॉलर में बिका था.

इमेज स्रोत, REUTERS/Yves Herman
रेसिंग चैंपियन कबूतर
अरमांडो नाम के रेसिंग चैंपियन कबूतर को कबूतरों का लुईस हैमिल्टन भी कहा जाता था. उसके रिटायर होने के बाद 2019 में उसे बेचा गया.
वहीं, न्यू किम ने 2018 में कई मुक़ाबले जीते जिसमें नैशनल मिडल डिस्टेंस रेस भी शामिल है. उसके बाद से न्यू किम भी रिटायर हो गई है.
पिछले कुछ सालों में चीन में कबूतरों की रेस काफ़ी लोकप्रिय हो रही है.
अरमांडो की तरह न्यू किम को खरीदने के लिए दो चीनी खरीददार एक से बढ़कर एक बोलियां लगा रहे थे.
रेसिंग कबूतरों 10 साल की उम्र होने तक बच्चे पैदा कर सकते हैं.

इमेज स्रोत, REUTERS/Yves Herman
ऐसा लगता है कि न्यू किम को भी उसके नए मालिक प्रजनन के लिए इस्तेमाल करेंगे.
लेकिन नीलामी करने वालों का कहना है कि इस बात की वजह से ये नीलामी और असाधारण हो जाती है.
नीलामी संस्था पीपा के सीईओ निकोलास ने रॉयटर्स को बताया, "ये रिकॉर्ड कीमत अविश्वसनीय है क्योंकि ये एक मादा कबूतर है. अक्सर, नर कबूतर की कीमत ज़्यादा होती है क्योंकि वो ज़्यादा बच्चे पैदा कर सकता है."
निकोलास ने बताया कि बेल्जियम में लगभग 20 हज़ार कबूतर पालक रहते हैं.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)
































