ब्रिटेन में आज मतदान, तय होगी प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन की किस्मत

इमेज स्रोत, Getty Images
ब्रिटेन में गुरुवार को मतदान है. पांच साल से भी कम समय में तीसरा चुनाव है. बीते दो चुनाव 2015 और 2017 में संपन्न हुए थे.
दिसंबर के महीने में होने वाला यह बीते 100 सालों में पहला आम चुनाव है.
इंग्लैंड, वेल्स, स्कॉटलैंड और नॉदर्न आयरलैंड की 650 सीटों पर स्थानीय समयानुसार सुबह 7 बजे से मत डाले जाएंगे.

इमेज स्रोत, EPA
एक दिन बाद ही आ जाएंगे नतीजे
मतदान रात 10 बजे तक चलेगा. इसके तुरंत बाद मतों की गिनती होगी. शुक्रवार की सुबह तक अधिकतर परिणाम आ जाएंगे.
चुनावों के दौरान प्रत्येक सीट पर अधिकतम वोट पाने वाले 650 प्रत्याशी चुने जाएंगे.
2017 में न्यूकैसल सेंट्रल का परिणाम सबसे पहले आया था. तब यहां का चुनाव परिणाम मतदान के क़रीब एक घंटे बाद ही आ गया था.

इमेज स्रोत, electoralcommission.org.uk
पारंपरिक रूप से ब्रिटेन में प्रत्येक चार या पांच साल पर चुनाव होते हैं. लेकिन अक्तूबर में सांसदों ने 12 दिसंबर को आम चुनाव कराए जाने के पक्ष में औपाचारिक वोट के ज़रिए प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन के प्रस्ताव का समर्थन किया था.
1974 के बाद पहली बार सर्दियों में आम चुनाव हो रहे हैं जबकि दिसंबर के महीने में यह 1923 के बाद पहली बार संपन्न हो रहा है.
18 साल या इससे अधिक उम्र के ब्रिटेन या कॉमनवेल्थ या आयरलैंड के योग्य नागरिक इन चुनावों में मतदान कर सकते हैं.

इमेज स्रोत, Reuters
इसके लिए रजिस्ट्रेशन 26 नवंबर को समाप्त हो गया था.
वोट कहां करें इसकी सूचना चुनाव आयोग की वेबसाइट और मतदाताओं को उनके घर भेजे गए पोलिंग कार्ड में भी दी गई है.
हालांकि बिना पोलिंग कार्ड के भी लोग अपनी पहचान और पते का प्रमाण देकर वोट दे सकते हैं.
लोगों को मतपत्र में केवल एक प्रत्याशी को वोट देने का अधिकार है ऐसा न करने की स्थिति में उनके मतपत्र की गिनती नहीं होगी.
चुनाव से पहले मतदाताओं को मतदान केंद्रों के अंदर सेल्फी या अन्य तस्वीरें लेने को लेकर आगाह किया गया है, ऐसा करना क़ानून का उल्लंघन माना जा सकता है.

इमेज स्रोत, PA Media
पोस्टल बैलेट से वोट डालने वाले लाखों मतदाता
कई लोगों ने तो इस चुनाव के लिए पहले ही डाक मतपत्र में अपने प्रत्याशी का चयन कर लिया है. ब्रिटिश चुनाव में दो साल पहले डाक मतपत्र से अपना वोट देने वाले मतदाताओं की संख्या क़रीब 20 लाख थी.
जिन लोगों ने पोस्टल वोट के लिए आवेदन किया था लेकिन अब तक इसे वापस नहीं भेज सके हैं. उन्हें 22.00 बजे तक ऐसा करना होगा. मतदाता वैकल्पिक रूप से इसे अपने स्थानीय मतदान केंद्र में सौंप सकते हैं.
बीबीसी के मौसम पूर्वानुमानों में बताया गया है कि गुरुवार को एडिनबर्ग में पांच डिग्री सेल्सियस, कार्डिफ़ में नौ, बेलफास्ट में सात और लंदन में आठ डिग्री तापमान रहेगा.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)



































