पाकिस्तान पर डिफ़ॉल्टर होने का ख़तरा, रुपया हुआ 'तबाह'
इमेज स्रोत, Getty Images
- Author, टीम बीबीसी हिंदी
- पदनाम, नई दिल्ली
डॉलर की मार से भारतीय मुद्रा रुपया तो लड़खड़ा रहा ही है, लेकिन मंगलवार को पाकिस्तानी रुपया एक ही दिन में तबाह हो गया. मंगलवार को पाकिस्तानी रुपया एक डॉलर की तुलना में 139 रुपए तक नीचे पहुंच गया था.
यह गिरावट एक दिन में 10.24 फ़ीसदी रही. शुक्र है कि शाम होते-होते कुछ संभला और 133.64 पर बंद हुआ.
सोमवार को एक डॉलर की क़ीमत पाकिस्तान में 124.27 पाकिस्तानी रुपए थी. स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान के मुताबिक़ 9.371 की गिरावट के साथ मंगलवार को मुद्रा बाज़ार बंद हुआ.
उधर मंगलवार को भारतीय रुपये में भी 0.4 फ़ीसदी की गिरावट आई और एक डॉलर की क़ीमत 74.39 रुपए तक पहुंच गई.
पाकिस्तान के केंद्रीय बैंक ने कहा है कि यह गिरावट चालू खाता घाटा और डॉलर की मांग-आपूर्ति में बढ़ती गहरी खाई को दर्शाता है.
स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान (एसबीपी) ने कहा है कि अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में कच्चे तेल की बढ़ती क़ीमत से पाकिस्तान का तेल आयात बिल लगातार बढ़ रहा है और इससे विदेशी मुद्रा भंडार खाली हो रहा है.
एसबीपी का कहना है कि बाज़ार में डॉलर की मांग बढ़ रही है, लेकिन आपूर्ति उस हिसाब से नहीं है.
इमेज स्रोत, Getty Images
भारी अवमूल्यन का ख़तरा
एसबीपी ने यह भी कहा कि पाकिस्तान का व्यापार घाटा लगातार बढ़ रहा है. पाकिस्तान में पिछले कुछ दिनों से खुले बाज़ार में डॉलर की क़ीमत बैंकों के लेन-देन से चार से पाँच रुपए ज़्यादा देखी जा रही है.
पाकिस्तान में करेंसी डीलर इस बात से डरे हुए हैं कि आने वाले दिनों में बाज़ार में डॉलर को लेकर भगदड़ की स्थिति होगी, इसलिए लोग डॉलर ख़रीद रहे हैं.
कहा जा रहा है कि पाकिस्तानी रुपया एक डॉलर की तुलना में 140 रुपए तक जा सकता है. 2017 दिसंबर के बाद से पाकिस्तानी रुपए में पाँच बार अवमूल्यन किया गया है. एक बार फिर से स्टेट बैंक ऑफ़ पाकिस्तान रुपए की क़ीमत कम करने पर विचार कर रहा है.
दरअसल पाकिस्तान ने अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ़) से मदद मांगी है और आईएमएफ़ ने रुपए को एक डॉलर की तुलना में 150 तक ले जाने की सलाह दी है.
हालांकि समाचार एजेंसी रॉयटर्स से पाकिस्तान के एक ब्रोकर ने कहा कि एसबीपी को अवमूल्यन की ज़रूरत ही नहीं पड़ेगी क्योंकि रुपया ख़ुद ही उस आंकड़े को छू लेगा.
पाकिस्तान के बैंकर्स और विशेषज्ञों का कहना है कि मुद्रा बाज़ार में रुपया पहले से ही लगातार कमज़ोर हो रहा है, ऐसे में अवमूल्यन की ज़रूरत ही नहीं पड़ेगी.
इमेज स्रोत, Getty Images
कई विशेषज्ञों का कहना है कि अगर एसबीपी ने तत्काल कोई अवमूल्यन किया तो बाज़ार में पहले की तरह असंतुलन पैदा हो जाएगा जैसा कि पहले हुआ था. इससे पहले जब अवमूल्यन किया गया था तो बैंक ऊंची क़ीमत पर डॉलर दे रहे थे और खुले बाज़ार में सरकारी दर से सस्ती क़ीमत पर रुपए मिल रहे थे.
पाकिस्तान में फॉरेक्स असोसिएशन के अध्यक्ष मलिक बोस्टन ने सरकार को सतर्क रहने की सलाह दी है. उन्होंने कहा है कि रुपए का अवमूल्यन लोगों की खरीदारी की क्षमता पर डाका होगा.
उन्होंने पाकिस्तानी अख़बार डॉन से कहा है, ''सरकार अब आईएमएफ़ के पास जा रही है और फंड के लिए रुपए को कमज़ोर किया जा रहा है. मेरा मानना है कि सरकार ख़ुद ही पैर में गोली मार रही है.''
हालांकि सरकार लंबी अवधि के हित से ज़्यादा तत्काल राहत पर ध्यान दे रही है. पाकिस्तान का विदेशी मुद्रा भंडार खाली हो रहा है ऐसे में आईएमएफ़ की मदद की तत्काल ज़रूरत है.
इमेज स्रोत, Getty Images
पाकिस्तान का विदेशी मुद्रा भंडार
19 सितंबर को पाकिस्तान का विदेशी मुद्रा भंडार 9 अरब डॉलर से भी नीचे पहुंच गया था. एसबीपी का कहना है कि यह दो महीने से भी कम के आयात बिल की रक़म है. पिछले हफ़्ते इसमें तीन करोड़ डॉलर की गिरावट आई थी.
पाकिस्तान की सरकार अभी स्पष्ट रूप से कुछ कह नहीं रही है कि तत्काल कितनी विदेशी मुद्रा चाहिए. पाकिस्तान के वित्त मंत्री असद उमर ने कहा है कि इस साल के दिसंबर तक पाकिस्तान को आठ अरब डॉलर के विदेशी क़र्ज़ का भुगतान करना है.
अगर पाकिस्तान इसका भुगतान नहीं करता है तो उसे डिफॉल्टर बनने का तमगा अपने सिर बांधना होगा.
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने इसी संकट और ज़रूरत को देखते हुए 1980 के दशक के बाद से 13वीं बार आईएमएफ़ की शरण में जाने का फ़ैसला किया है. पाकिस्तान को वित्त वर्ष 2019 में एक अनुमान के मुताबिक़ 22 से 25 अरब डॉलर चाहिए.
पाकिस्तान के लिए अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष से मदद लेना भी इतना आसान नहीं है. आईएमएफ़ की कई शर्तें होती हैं जिन्हें पाकिस्तान के लिए मानना इतना आसान नहीं होगा.
इमेज स्रोत, Getty Images
पाकिस्तान का विदेश कर्ज़
आईएमएफ़ ने पाकिस्तान से चाइना पाकिस्तान इकनॉमिक कॉरिडोर में चीनी कर्ज़ का हिसाब मांगा है, पर चीन नहीं चाहता है कि ये सार्वजनिक हो. इसके साथ ही पाकिस्तान को अपने रुपए की क़ीमत एक डॉलर की तुलना में कम से
कम 150 रुपए तक ले जाने की सलाह दी गई है और ज़ाहिर है इसका असर देश में महंगाई पर पड़ेगा.
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तान पर विदेशी क़र्ज़ 91.8 अरब डॉलर हो गया है. क़रीब पांच साल पहले नवाज़ शरीफ़ ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी तब से इसमें 50 फ़ीसदी की बढ़ोतरी हुई है.
पाकिस्तान पर कर्ज़ और उसकी जीडीपी का अनुपात 70 फ़ीसदी तक पहुंच गया है. कई विश्लेषकों का कहना है कि चीन का दो तिहाई कर्ज़ सात फ़ीसदी के उच्च ब्याज दर पर है.
पाकिस्तान में आय कर देने वालों की संख्या भी काफ़ी सीमित है. द एक्सप्रेस ट्रिब्यून के अनुसार 2007 में पाकिस्तान में आय कर भरने वालों की संख्या महज 21 लाख थी जो 2017 में घटकर 12 लाख 60 हज़ार हो गई. कहा जा रहा है कि इस साल इस संख्या में और कमी आएगी.
इमेज स्रोत, Getty Images
पाकिस्तान के सरकारी आंकड़ों के अनुसार वित्तीय वर्ष 2018 में चीन से पाकिस्तान का व्यापार घाटा 10 अरब डॉलर का है. पिछले पांच सालों में यह पांच गुना बढ़ा है.
इसका नतीजा यह हुआ कि पाकिस्तान का कुल व्यापार घाटा बढ़कर 31 अरब डॉलर हो गया. पिछले दो सालों में पाकिस्तान के विदेशी मुद्रा भंडार में 10 अरब डॉलर की कमी आई है.
इसे भी पढ़ें:-
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)
टॉप स्टोरी
ज़रूर पढ़ें
सबसे अधिक लोकप्रिय
सामग्री् उपलब्ध नहीं है