160 पीड़िताएं, 175 साल की जेल: अमरीकी ओलंपिक टीम के पूर्व डॉक्टर लैरी नस्सार को सज़ा
इमेज स्रोत, Getty Images
अमरीका की ओलंपिक जिम्नास्टिक्स टीम के पूर्व डॉक्टर लैरी नस्सार को यौन उत्पीड़न के मामलों में 175 साल जेल की सज़ा सुनाई गई है.
160 पीड़िताओं की गवाही के बाद उन्हें यह सज़ा सुनाई गई है.
नस्सार ने माफी मांगने की कोशिश की थी, लेकिन जज ने यह कहते हुए इसे ख़ारिज़ कर दिया कि उन्हें 'अपनी बची हुई ज़िंदग़ी अंधेरे में गुज़ारनी होगी.'
'मौत के वॉरंट पर दस्तख़त'
इमेज स्रोत, Getty Images
नस्सार को कई लड़कियों से यौन उत्पीड़न का दोषी पाया गया था, जिनमें कुछ ओलंपिक खिलाड़ी भी शामिल हैं.
54 वर्षीय नस्सार को पहले ही चाइल्ड पॉर्न रखने के आरोप में 60 साल क़ैद की सज़ा सुनाई जा चुकी है.
इमेज स्रोत, Getty Images
जज रोज़मैरी अकीलीना ने सज़ा सुनाते हुए नस्सार के लिए बेहद कड़े शब्दों का इस्तेमाल किया.
उन्होंने नस्सार को संबोधित करते हुए कहा, "सर्वाइवर महिलाओं की बातें सुनना मेरे लिए जितने सम्मान की बात है, उतने ही सम्मान की बात आपको सज़ा सुनाना है. क्योंकि सर, आप जेल की दीवारों से बाहर आने लायक नहीं हैं."
उन्होंने कहा, "मैंने अभी आपकी मौत के वॉरंट पर दस्तख़त कर दिए हैं."
नस्सार ने मांगी माफी
इमेज स्रोत, Getty Images
पीड़िताएं बीते एक हफ़्ते से अदालत में गवाही दे रही थीं. आख़िर में नस्सार को भी अपना पक्ष रखने का मौक़ा दिया गया.
उन्होंने कहा, "यह बताने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं कि जो कुछ हुआ उसके लिए मैं कितने अफ़सोस में हूं."
इमेज स्रोत, Getty Images
चार बार ओलंपिक चैंपियन रहीं सिमोन बाइल्स ने भी हाल ही में ट्वीट करके सार्वजनिक किया था कि लैरी नस्सार ने उनका यौन शोषण किया था. रियो ओलंपिक्स की स्टार ने एक जज़्बाती बयान में कहा कि वो नस्सार को अपना सुखचैन नहीं चुराने देंगी.
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट X समाप्त
बीस साल की सिमोन बाइल्स ने कहा, ''मैं जानती हूं कि ये भयानक अनुभव मुझे परिभाषित नहीं करता, मुझमें इससे कहीं अधिक ताक़त है.''
'इलाज के बहाने यौन उत्पीड़न'
इमेज स्रोत, Getty Images
मिशिगन से बीबीसी संवाददाता रजिनी वैद्यनाथन के मुताबिक, हफ़्ते भर से चल रही सुनवाई के दौरान महिलाओं की कहानियों में आश्चर्यजनक समानताएं थीं.
नस्सार इन महिलाओं को इलाज के लिए बुलाते थे लेकिन उनका दर्द दूर करने के बजाय उनकी मासूमियत से खिलवाड़ करते थे. उनमें से कुछ इतनी कम उम्र की थीं कि उन्हें लंबे समय तक पता ही नहीं लगा कि उनका यौन उत्पीड़न हो रहा था.
इस दौरान नस्सार कुछ ही मीटर दूर बैठे हुए थे. पीड़िताएं आती गईं और उनकी आंखों में देखकर उन्हें उनके कृत्य याद दिलाती गईं.
रजिनी के मुताबिक, "यही इस सुनवाई की सबसे असाधारण बात थी."
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)
टॉप स्टोरी
ज़रूर पढ़ें
सबसे अधिक लोकप्रिय
सामग्री् उपलब्ध नहीं है