लगातार 39 दिनों तक ड्यूटी पर तैनात रहा ये डॉक्टर
इमेज स्रोत, BBC MUNDO
अर्जेंटीना में एक अस्पताल के डॉक्टर को लगातार 39 दिनों तक ड्यूटी पर तैनात रहना पड़ा. वह बिना ब्रेक के ड्यूटी पर जमे रहे. इतने वक़्त तक कोई दूसरा डॉक्टर मौजूद नहीं था इसलिए उन्हें ऐसा करना पड़ा.
अर्जेंटीना के सबसे ग़रीब इलाकों में शामिल ला राइयोजा के छोटे से अस्पातल मालानाज़ान में तैनात लुइस डेनियल रे के लिए यह स्थिति इतनी मुश्किल हो गई थी कि उन्हें कहना पड़ा, "मैं अपने डॉक्टर वाले कोट में ही मरने जा रहा हूं."
इस ख़बर के छपने के बाद सोशल मीडिया पर मिली प्रतिक्रियाओं ने 56 साल के लुइस को अर्जेंटीना में रातों रात काफ़ी लोकप्रिय बना दिया.
जब बीबीसी ने उनसे बात की तो उन्होंने कहा, "कोई पहली बार ऐसा हो रहा हो, ऐसी बात नहीं थी, लेकिन इस बार इंटरनेट की वजह से दुनिया को इसका पता चल गया."
उनकी स्टोरी वायरल होने के बाद अर्जेंटीना के राष्ट्रपति मॉरिसियो माकरी ने लुइस को फ़ोन करके बधाई दी और भरोसा दिलाया है कि अर्जेंटीना के ग्रामीण इलाकों में कई डॉक्टरों की तैनाती की व्यवस्था की जाएगी.
इमेज स्रोत, BBC MUNDO
इसके बाद लुइस के साथ काम करने के लिए एक दूसरे डॉक्टर को तैनात किया गया, लेकिन लुइस इससे बहुत संतुष्ट नहीं हैं. उन्होंने बताया, "हम दो लोग हो गए हैं, लेकिन तीन डॉक्टर तो होने ही चाहिए."
वैसे 39 दिनों तक अस्पताल में अकेले उन्हें 18 घंटे तक काम करना पड़ा. इसके बारे में में वह कहते हैं, "मेरे पिता मोटर बिजली मैकेनिक थे, वे देर रात तक काम किया करते थे, बचपन में मैंने भी उनके साथ किया था. हम घर आने के बजाय सड़कों के किनारे पड़े बेंच पर सो जाते थे, तो ऐसी आदत हो गई."
लुइस ने डॉक्टर बनने के लिए भी काफ़ी संघर्ष किया है, अर्जेंटीना के दूसरे सबसे बड़े शहर कोरडोबा में डॉक्टरी की पढ़ाई करने के दौरान उन्होंने खर्चा जुटाने के लिए रात में वेटर का काम किया करते थे.
इमेज स्रोत, BBC MUNDO
डॉक्टर बनने के बाद लुइस की तैनाती ग्रामीण इलाकों में हुई और वहां भी वे काम के बोझ का सामना कर रहे हैं, हालांकि उनकी ख़बर वायरल होने से अर्जेंटीना के सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की स्थिति के बारे में निगेटिव तस्वीर भी मिली है.
लेकिन लुइस कहते हैं कि उनके इलाके की आबादी 4000 है और छह अन्य इलाके भी हैं, और इसमें एक ही डॉक्टर तैनात था. लुइस बीते 18 साल से इस अस्पताल में तैनात हैं.
वैसे अर्जेंटीना में सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा को दूसरे लातिन अमरीकी देशों की तुलना में बेहतर माना जाता है. हालांकि लोगों की बढ़ती उम्र के चलते स्वास्थ्य सेवा की स्थिति समय के साथ बेहतर नहीं हुई है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)
टॉप स्टोरी
ज़रूर पढ़ें
सबसे अधिक लोकप्रिय
सामग्री् उपलब्ध नहीं है