सूरत में अमित शाह के कार्यक्रम में हंगामा

इमेज स्रोत, Samiratmaj Mishra
गुजरात के सूरत में भाजपा के एक कार्यक्रम में अध्यक्ष अमित शाह की मौजूदगी में 'हार्दिक पटेल ज़िंदाबाद' के नारे लगे हैं और पंडाल में तोड़फोड़ हुई है.
भाजपा ने पटेल नेताओं के सम्मान में ये कार्यक्रम आयोजित किया था ताकि गुजरात की जनता को बताया जा सके कि भाजपा ने कितने पटेल नेताओं को बड़े राजनीतिक पद दिए हैं.
गुजरात में मौजूद स्थानीय पत्रकार प्रशांत दयाल ने प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से बताया, "पंडाल में लगभग 5000 लोग मौजूद थे. अचानक कई लोग खड़े हो गए और हार्दिक पटेल के नाम के नारे लगाने लगे. फिर उन्होंने कुर्सियां उछालनी शुरू कर दी और अपनी नाराज़गी जताई. पुलिस वहां मौजूद थी और उसने उनकी घेराबंदी करके उन्हें बाहर निकाला."
उनके अनुसार पंडाल से बाहर ले जाने पर भी प्रदर्शनकारियों की पुलिस से झड़प हुई और पत्थरबाज़ी की घटनाएं हुईं.
फिलहाल इस घटना में घायल या गिरफ़्तार हुए लोगों के बारे में पुलिस ने कोई जानकारी नहीं दी है.
दरअसल, गुजरात में पिछले डेढ़ साल में पटेल समुदाय के आरक्षण की मांग उठाने के बाद से, इस समुदाय और भाजपा नेतृत्व के बीच संबंध बिगड़े हैं.

इमेज स्रोत, PRASHANT DAYAL
पटेल आंदोलन का नेतृत्व करने वाले हार्दिक पटेल के ख़िलाफ देशद्रोह का मामला चल रहा है
गुजरात में आनंदीबेन पटेल की जगह गैर-पटेल विजय रुपाणी को मुख्यमंत्री बनाया गया है. भाजपा समाज में संदेश देना चाह रही थी कि उसने कितनी बड़ी संख्या में पटेल नेताओं को सांसद, विधायक, मंत्री बनाया है और अन्य क्षेत्रों में भी जगह दी है.
सूरत में हुए आयोजन में पटेल समुदाय के कई भाजपा सांसद, मंत्री और संगठन के लोग मौजूद थे जिन्हें सम्मानित किया जा रहा था.
अहमदाबाद से स्थानीय पत्रकार अंकुर जैन ने पुलिस के हवाले से बताया है, "सूरत, वडोदरा और अहमदाबाद में कई लोगों से पूछताछ हो रही है. सूरत में बस रेपिड ट्रांज़िट सिस्टम की बस सेवा को रोक दिया गया है."
उनके मुताबिक अमित शाह और विजय रुपाणी के भाषणों के दौरान ये हंगामा हुआ था और इसके बाद ये कार्यक्रम ज़्यादा देर तक नहीं चला.
सूरत के पुलिस आयुक्त आशीष भाटिया ने अंकुर जैन को बताया, "कल सुबह से आज शाम तक लगभग 100 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है. स्थिति नियंत्रण में है लेकिन हिंसा को देखते हुए सूरत में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है. पुलिस पूरी रात सूरत और आसपास के इलाक़ों में गश्त करती रहेगी."
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक </caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link>करें. आप हमें<link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर </caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link>पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)
































