पांच बड़ी ख़बरें: राहुल गांधी रफ़ायल पर ऐसा कह ख़ुद ही फँस गए?
इमेज स्रोत, @RahulGandhi
अविश्वास प्रस्ताव पर बहस के दौरान शुक्रवार को कांग्रेस प्रमुख राहुल गांधी ने फ़्रांस से 36 रफ़ायल लड़ाकू विमान ख़रीदने में धांधली का आरोप लगाते हुए कहा था कि मोदी सरकार दोनों देशों के बीच गोपनीयता का बहाना बनाकर इस ख़रीदारी में हुए भ्रष्टाचार को छुपा रही है.
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट X समाप्त
राहुल गांधी ने यह भी कहा था कि उनकी फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से बात हुई थी और उन्होंने इस ख़रीदारी में किसी भी तरह की गोपनीयता से इनकार किया था.
राहुल के इस बयान के बाद फ़्रांस की सरकार का बयान आया है कि दोनों देशों के बीच 2008 में एक समझौता हुआ था, जिसमें सुरक्षा से जुड़ी सूचना में गोपनीयता बरतने की बात है और रफ़ायल लड़ाकू विमान की ख़रीदारी में भी यह लागू होता है.
इमेज स्रोत, @ShivSena
एनडीए का कुनबा बिखरा
लोकसभा में शुक्रवार को नरेंद्र मोदी सरकार के ख़िलाफ़ विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव पर हुई बहस का बहिष्कार कर शिव सेना ने भारतीय जनता पार्टी की अगुआई वाले एनडीए गठबंधन को असहज कर दिया है.
शिव सेना ने एनडीए का हिस्सा रहते हुए ऐसा किया है. शिव सेना केंद्र और राज्य दोनों में एनडीए सरकार के साथ है. शिव सेना के संसदीय दल के नेता और पार्टी के मुखपत्र सामना के कार्यकारी संपादक संजय राउत ने कहा है कि उनकी पार्टी ने अविश्वास प्रस्ताव में तटस्थ रहने का फ़ैसला किया था. राउत ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार का जनता के बीच से इक़बाल ख़त्म हो गया है.
इमेज स्रोत, NALSA.GOV.IN
सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम क़ानून मंत्रालय से सहमत नहीं
उत्तराखंड के मुख्य न्यायधीश केएम जोसेफ़ को सुप्रीम कोर्ट में जज बनाने के लिए सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने केंद्र को सिफ़ारिश भेजी थी. केंद्र ने केएम जोसेफ़ पर अपना विचार रखते हुए इसे स्वीकार नहीं किया था.
सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने एक बार फिर से जस्टिस जोसेफ़ पर अपना भरोसा दोहराया है. सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने कहा है कि जस्टिस जोसेफ़ को सुप्रीम कोर्ट लाने में कुछ भी बाधा नहीं है. क़ानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कॉलेजियम को भेजे पत्र में कहा था कि जोसेफ़ पर पुनर्विचार किया जाए.
इमेज स्रोत, Getty Images
जस्टिस वीके थलीरमानी मद्रास हाई कोर्ट की मुख्य न्यायधीश होंगी
मद्रास हाई कोर्ट को जल्द ही नई मुख्य न्यायधीश मिलने जा रही हैं. जस्टिस वीके थलीरमानी मद्रास हाई कोर्ट की निवर्तमान मुख्य न्यायधीश इंदिरा बनर्जी की जगह लेंगी.
इंदिरा बनर्जी को सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने सुप्रीम कोर्ट में जज बनाने की सिफ़ारिश की है. इसके साथ ही कॉलेजियम ने पटना हाई कोर्ट के मुख्य न्यायधीश राजेंद्र मेनन को दिल्ली हाई कोर्ट का चीफ़ जस्टिस बनाने का फ़ैसला किया है.
इमेज स्रोत, AFP
इसराइल का हमास पर हमला
इसराइल की सेना ने गज़ा में फ़लस्तीनी चरमपंथी संगठन हमास के ठिकानों को निशाना बनाते हुए भारी बमबारी की है. इसराइली सेना का आरोप है कि हमास ने उनकी टुकड़ियों पर छिपकर गोलियां चलाई हैं. इसराइल का कहना है कि गोलीबारी में उनके एक सैनिक की घायल होने के बाद मौत हो गई है.
वहीं, गज़ा में स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि इसराइल की बमबारी में चार फ़लस्तीनियों की मौत हो गई है. इनमें से तीन हमास के सैन्य दल के सदस्य हैं. दोनों पक्षों में हिंसा तब तेज़ हो गई जब फ़लस्तीनियों ने शुक्रवार को इसराइल की सीमा पर प्रदर्शन किया.
संयुक्त राष्ट्र ने इसराइल और फ़लस्तीन दोनों से हिंसा रोकने की अपील की है. इसराइल के रक्षा मंत्री अविग्डोर लीबरमन ने चेतावनी दी है कि अगर हमास इसराइल की तरफ़ इसी तरह रॉकेट दागता रहा तो उसे और ज़्यादा कड़ी कार्रवाई का सामना करना होगा.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)
टॉप स्टोरी
ज़रूर पढ़ें
सबसे अधिक लोकप्रिय
सामग्री् उपलब्ध नहीं है