You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
किस अफ़वाह की वजह से की गई पाँच लोगों की हत्या?
- Author, इमरान क़ुरैशी
- पदनाम, बीबीसी हिन्दी डॉट कॉम के लिए
बीते कुछ दिनों में आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और तेलंगाना में कुल पाँच लोगों की हत्या की जा चुकी है. वो भी सोशल मीडिया पर फ़ैली इस अफ़वाह के आधार पर कि वो बच्चों को अगवा करने वाले गिरोह से संबंधित लोग थे.
इसके अलावा आंध्र प्रदेश और तेलंगाना राज्य के अलग-अलग ज़िलों में कम से कम 20 लोगों को बुरी तरह पीटा गया है क्योंकि सोशल मीडिया पर ऐसे संदेश भी फ़ैलाए जा रहे हैं कि बच्चों को अगवा करने के लिए कई गैंग शहरों में घूम रहे हैं.
जिन लोगों को पीटा गया है उनमें से कई लोग उत्तरी राज्यों के प्रवासी हैं जो रोज़गार की तलाश में दक्षिणी राज्यों की तरफ़ गए.
'...क्योंकि वो हिन्दी बोल रहा था'
आंध्रप्रदेश में विशाखापत्तनम के पुलिस आयुक्त टी योगानंद ने बीबीसी हिन्दी को बताया, "बहुत से लोग पड़ोसी राज्यों और देश के अन्य हिस्सों से यहाँ आते हैं काम की तलाश में. यहाँ जो लोग मारे गए हैं उनमें से एक की उम्र 30-35 साल थी. हालांकि उनकी पूरी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है. स्थानीय लोगों को ये शक़ था कि वो बच्चा उठाने वाले गिरोह में शामिल थे और ये शक़ उन्हें इसलिए हुआ क्योंकि वो हिन्दी में बात कर रहे थे."
एक अन्य पुलिस अधिकारी ने अपनी पहचान ज़ाहिर न करने की शर्त पर बीबीसी को बताया कि राजस्थान के एक शख़्स को काफ़ी पीटा गया. स्थानीय लोगों को ये शक़ था कि वो किसी गैंग का सदस्य है. वो आदमी तेलुगू में बात नहीं कर पा रहा था. इसलिए बात ज़्यादा बिगड़ी.
उसी अधिकारी ने बताया कि पुलिस के काफ़ी कहने पर ही वो शख़्स अपनी शिक़ायत दर्ज करवाने को तैयार हुआ. हालांकि वो लगातार ये भी कहता रहा कि वो काम की तलाश में दोबारा इस इलाक़े में नहीं आएगा.
पुलिस का दावा है कि वो जल्द ही इस मामले में अभियुक्तों की गिरफ़्तारी करेगी.
'वो रिश्तेदारों से मिलने जा रहे थे'
तेलंगाना राज्य के यदादरी ज़िले में लड़कों के एक समूह ने एक व्यक्ति को पीट-पीटकर इसलिए मार डाला क्योंकि वो उनके सवालों के सही जवाब नहीं दे पा रहा था.
पुलिस के मुताबिक़, मारे गए निमलला बालकृष्ण कथित तौर पर अपने कुछ रिश्तेदारों से मिलने के लिए उनके गाँव गए थे.
वहीं निज़ामाबाद ज़िले के अस्पताल में एक शख़्स की मौत हो गई है. वो शख़्स और उनका एक दोस्त रात में आम के बाग में प्रवेश करते हुए पकड़े गए थे. कुछ लोगों ने उन्हें पकड़ा और उनकी पिटाई की. मृतक का दोस्त अभी अस्पताल में भर्ती है और उसकी स्थिति गंभीर है.
क्रिकेट के बल्लों से पिटाई
पुलिस के मुताबिक बंगलुरू में राजस्थान के नौजवान कालूराम बचनराम के हाथ-पैर रस्सी से बांधे गए. फिर उन्हें कुछ दूर तक खदेड़ा गया और क्रिकेट के बल्लों से भीड़ ने उनकी पिटाई की.
ये घटना दोपहर की है. क़रीब डेढ़ बजे पुलिस को इस घटना की सूचना दी गई. पुलिस कालूराम को अस्पताल ले गई और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
तीनों राज्यों की पुलिस ने सोशल मीडिया के ज़रिए लोगों को ये संदेश देने की कोशिश की है कि लोग क़ानून को अपने हाथ में न लें.
टी योगानंद ने कहा, "हमने कई ऑटो रिक्शा काम पर लगाए हैं जिनमें लाउड स्पीकर रखे गए हैं. हम लोगों को ये संदेश दे रहे हैं कि वो अफ़वाहों पर भरोसा न करें. और अगर किसी पर उन्हें शक़ है तो उसकी जानकारी पुलिस को दें."
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहाँ क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)