श्रीदेवी के ट्विटर हैंडल से आख़िरी ट्वीट - मेरा प्यार, मेरी दोस्त...
इमेज स्रोत, Getty Images
28 फरवरी की रात एकबारगी उस वक़्त लोग चौंक गए जब उन्होंने देखा कि दिवंगत बॉलीवुड अभिनेत्री श्रीदेवी के ट्विटर हैंडल से ट्वीट हुआ है.
लेकिन इस ट्वीट के साथ जारी संदेश को लोगों ने पूरा पढ़ा तो पाया कि यह उनके फिल्म निर्माता पति बोनी कपूर का एक संदेश था. श्रीदेवी के ट्विटर हैंडल से बोनी कपूर ने लिखा कि वह उनके लिए कितना मायने रखती थीं. उन्होंने मीडिया और आम लोगों से भी एक अपील की.
पढ़िए बोनी कपूर ने क्या लिखा:
इमेज स्रोत, Getty Images
"एक दोस्त, पत्नी और अपनी दो नौजवान बेटियों की मां को खोना एक ऐसा नुकसान है, जिसे शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता."
"मैं अपने परिवार, दोस्तों, सहकर्मियों, शुभचिंतकों और श्रीदेवी के असंख्य प्रशंसकों का आभारी हूं, जो चट्टान की तरह हमारे साथ खड़े रहे. मैं सौभाग्यशाली हूं कि मेरे पास अर्जुन और अंशुला का सहयोग और प्यार है, जो मेरे, खुशी और जाह्नवी के लिए मज़बूती के स्तंभ रहे हैं. हमने एक साथ बतौर एक परिवार इस असहनीय घटना को झेलने की कोशिश की है."
"इस दुनिया के लिए वह उनकी चांदनी थी. एक उत्कृष्ट अभिनेत्री. उनकी श्रीदेवी. लेकिन मेरे लिए वह मेरा प्यार, मेरी दोस्त और मेरी बच्चियों की मां थी. मेरी पार्टनर थी. हमारी बेटियों के लिए वह उनका सब कुछ थी. उनकी ज़िंदग़ी थी. वह धुरी थी, जिसके इर्द-गिर्द हमारा परिवार घूमता था."
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट X समाप्त
"अब हम उन्हें अलविदा कह रहे हैं तो मेरा आपसे एक गंभीर निवेदन है. निजी तौर पर शोक मनाने की हमारी ज़रूरत का सम्मान करें. अगर आपको श्री के बारे में बात करनी हो तो वह उन ख़ास यादों के बारे में हो, जो आप में से प्रत्येक को उनसे जोड़ती है. वह एक ऐसी अभिनेत्री थीं और हैं, जिनका कोई विकल्प नहीं. इसके लिए उनका खूब सम्मान और प्यार. किसी अभिनेत्री के जीवन पर कभी पर्दा नहीं पड़ता क्योंकि वह हमेशा रुपहले पर्दे पर चमकती रहती है."
इमेज स्रोत, AFP
"मेरी एकमात्र चिंता इस वक़्त अपनी बेटियों की हिफाज़त करना और श्री के बिना आगे बढ़ने की राह खोजना है. वह हमारी ज़िंदग़ी थी, हमारी ताक़त थी और हमारे हमेशा मुस्कुराते रहने की वजह थी. हम उससे बेपनाह मोहब्बत करते हैं."
"रेस्ट इन पीस, माय लव. हमारी ज़िंदग़ियां दोबारा पहले जैसी नहीं होंगी."
-बोनी कपूर
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)
टॉप स्टोरी
ज़रूर पढ़ें
सबसे अधिक लोकप्रिय
सामग्री् उपलब्ध नहीं है