अमेरिका: ट्रंप प्रशासन ने आर्मी चीफ़ ऑफ़ स्टाफ़ को पद से हटाया
इमेज स्रोत, Getty Images
- Author, मैक्स माट्ज़ा
- पदनाम, बीबीसी न्यूज़
- पढ़ने का समय: 3 मिनट
अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने आर्मी चीफ़ ऑफ़ स्टाफ़ रैंडी जॉर्ज से अपने पद से इस्तीफ़ा देने को कहा है.
पेंटागन के मुख्य प्रवक्ता सीन पार्नेल ने सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में कहा कि जॉर्ज "अमेरिकी सेना के 41वें चीफ़ ऑफ स्टाफ के पद से तत्काल प्रभाव से रिटायर हो रहे हैं."
आर्मी चीफ़ का कार्यकाल आमतौर पर चार साल का होता है.
रैंडी जॉर्ज ने वेस्ट पॉइंट मिलिट्री एकेडमी से पढ़ाई की है. उन्हें 2023 में पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन ने इस पद के लिए चुना था.
यह ताज़ा फेरबदल ऐसे समय में हुआ है जब ट्रंप ने राष्ट्र के नाम संबोधन में कहा था कि ईरान के साथ अमेरिका-इसराइल युद्ध 'बहुत जल्द' ख़त्म होने की उम्मीद है.
जॉर्ज ने पहले खाड़ी युद्ध, और बाद में इराक और अफ़ग़ानिस्तान के हालिया संघर्षों में एक इन्फैंट्री अधिकारी के तौर पर सेवा दी थी.
कारण साफ़ नहीं
हालांकि, उनसे पद छोड़ने के लिए क्यों कहा गया, यह अभी साफ़ नहीं है.
सीबीएस से बातचीत में रक्षा विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर कहा, "हम उनकी सेवाओं के लिए आभारी हैं, लेकिन अब सेना में नेतृत्व परिवर्तन का समय आ गया था."
पेंटागन प्रवक्ता पार्नेल ने कहा, "डिपार्टमेंट ऑफ़ वॉर जनरल जॉर्ज की दशकों की सेवा के लिए आभारी है. हम उनके रिटायरमेंट के बाद वाली ज़िंदगी के लिए शुभकामनाएं देते हैं."
अमेरिकी मीडिया के मुताबिक़, उनकी जगह आर्मी वाइस चीफ़ ऑफ़ स्टाफ़ जनरल क्रिस्टोफ़र ला-नेव कार्यवाहक आर्मी चीफ़ ऑफ़ स्टाफ़ बनेंगे.
पार्नेल ने ला-नेव के बारे में कहा, "वो जंग में परखे हुए लीडर हैं जिनके पास दशकों का ऑपरेशनल अनुभव है."
पार्नेल ने ये भी कहा कि, रक्षा मंत्री हेगसेथ को 'उन पर पूरा भरोसा है कि वे इस सरकार के विज़न को पूरी तरह से लागू करेंगे.'
वेस्ट पॉइंट मिलिट्री अकादमी ने बुधवार को जॉर्ज की सैनिकों से मुलाक़ात की तस्वीरें पोस्ट की थीं और कहा था कि उन्होंने "भविष्य के सैन्य लीडरों को अपने अनुभव के आधार पर मार्गदर्शन दिया."
पेंटागन में आने के बाद से हेगसेथ एक दर्जन से ज़्यादा वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों को हटा चुके हैं, जिनमें चीफ़ ऑफ़ नेवल ऑपरेशंस और एयर फ़ोर्स के वाइस चीफ़ ऑफ़ स्टाफ़ भी शामिल हैं.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
टॉप स्टोरी
ज़रूर पढ़ें
सबसे अधिक लोकप्रिय
सामग्री् उपलब्ध नहीं है