ट्रंप की करीबी रहीं पैम बॉन्डी कौन हैं, जिन्हें पद से हटाया गया?
इमेज स्रोत, Aaron Schwartz/CNP/Bloomberg via Getty Images
- Author, एना फ़ेगी और बर्न्ड डिबशमैन जूनियर
- पदनाम, व्हाइट हाउस से
- पढ़ने का समय: 7 मिनट
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अटॉर्नी जनरल पैम बॉन्डी को उनके पद से हटा दिया है. वह लंबे समय से ट्रंप की सहयोगी और उनके प्रशासन की तेज़तर्रार समर्थक रही हैं, और अमेरिका की शीर्ष लॉ एन्फ़ोर्समेंट अधिकारी (क़ानून प्रवर्तन अधिकारी) के पद पर थीं.
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में उनकी तारीफ़ की और कहा कि अब वो प्राइवेट सेक्टर में एक नए रोल में दिखेंगी.
न्याय विभाग का नेतृत्व करते हुए बॉन्डी यौन अपराधी जेफ़री एपस्टीन से जुड़ी फ़ाइलों को जारी करने और यौन अपराधी एपस्टीन की जांच को संभालने के तरीके की वजह से विवादों में रहीं.
हाल के हफ़्तों में पद से हटाई जाने वाली वह ट्रंप प्रशासन की दूसरी अधिकारी हैं. मार्च में क्रिस्टी नोएम को होमलैंड सिक्योरिटी प्रमुख के पद से हटाया गया था.
बॉन्डी की जगह उनके डिप्टी टॉड ब्लांश लेंगे. बॉन्डी ने कहा कि वह अपना काम ब्लांश को सौंपने के लिए लगातार काम करेंगी. उन्होंने कहा कि यह पद उनके जीवन का 'सबसे बड़ा सम्मान' रहा है.
उन्होंने यह भी कहा कि निजी क्षेत्र में अपनी नई भूमिका में वो 'राष्ट्रपति ट्रंप और उनके इस प्रशासन के लिए लड़ाई जारी रखेंगी.' हालांकि उनका नया रोल क्या होगा ये उन्होंने नहीं बताया.
क्या ट्रंप थे नाराज़?
इमेज स्रोत, Roberto Schmidt/Getty Images
बॉन्डी को हटाने का एलान उस तीखी संसदीय सुनवाई के दो महीने से भी कम समय बाद हुआ जिसमें सांसदों ने बॉन्डी से लगातार सवाल किए थे.
सुनवाई कई बार इतनी गरम हो गई कि वह बहस में तब्दील हो गई, जिसमें उन्होंने एक डेमोक्रेट को "बेकार हो चुका हारा हुआ आदमी" तक कह दिया.
गुरुवार सुबह तक भी ट्रंप बॉन्डी का बचाव कर रहे थे. उन्होंने कहा था, "वह एक शानदार इंसान हैं और अच्छा काम कर रही हैं."
लेकिन कुछ घंटों बाद ही ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर उनकी विदाई की पुष्टि कर दी और कहा कि निजी क्षेत्र में उनकी नई भूमिका की घोषणा 'जल्द ही की जाएगी.'
अपने पोस्ट में ट्रंप ने अटॉर्नी जनरल के रूप में बॉन्डी के काम की तारीफ़ करते हुए कहा कि उन्होंने "देशभर में अपराध के ख़िलाफ़ बड़े स्तर पर कार्रवाई की निगरानी में शानदार काम किया."
लेकिन रिपोर्टों के मुताबिक राष्ट्रपति बॉन्डी से लगातार नाराज़ होते जा रहे थे, ख़ास तौर पर एपस्टीन फ़ाइलों को संभालने के तरीके को लेकर.
दबाव के बाद जारी की गई थीं एपस्टीन फ़ाइल्स
इमेज स्रोत, Alex Wong/Getty Images
फ़रवरी 2025 में पद की शपथ लेते समय बॉन्डी ने एपस्टीन मामले में पारदर्शिता का वादा किया था और कहा था कि वह बदनाम वित्त कारोबारी एपस्टीन से जुड़ी कथित क्लाइंट लिस्ट जारी करेंगी. जेफ़री एपस्टीन की 2019 में मौत हो गई थी.
बाद में सरकार ने कहा कि ऐसी कोई सूची मौजूद ही नहीं थी.
आख़िरकार दबाव (जिसमें ट्रंप समर्थकों का दबाव भी शामिल था) के बाद एपस्टीन से जुड़ी लाखों फ़ाइलें जारी की गईं. यह तब हुआ जब कांग्रेस ने न्याय विभाग को गैर-गोपनीय रिकॉर्ड सार्वजनिक करने का क़ानून पारित किया.
एजेंसी और बाद में बॉन्डी को भी दोनों पार्टियों (रिपब्लिकन और डेमोक्रेट) के नेताओं की आलोचना झेलनी पड़ी.
सांसदों ने आरोप लगाया कि न्याय विभाग शिकायतकर्ताओं की पहचान से जुड़ी कुछ जानकारी छिपाने में नाकाम रहा, जबकि उन लोगों की पहचान छिपा ली गई जो पीड़ित नहीं थे.
बॉन्डी की तारीफ़ भी और आलोचना भी
इमेज स्रोत, Heather Diehl/Getty Images
वर्षों से उनके साथ क़रीब से काम करने वाले कुछ रिपब्लिकनों ने गुरुवार को उनकी तारीफ़ की.
ब्लांश ने एक्स पर लिखा, "पैम बॉन्डी ने इस विभाग का नेतृत्व मज़बूती और दृढ़ विश्वास के साथ किया और मैं उनके नेतृत्व और दोस्ती के लिए आभारी हूँ. हम पुलिस का समर्थन जारी रखेंगे, क़ानून लागू करेंगे और अमेरिका को सुरक्षित रखने के लिए अपनी पूरी ताकत लगाएंगे."
दूसरी ओर कुछ लोगों ने उनके जाने का जश्न मनाया.
इनमें केंटकी के रिपब्लिकन सांसद थॉमस मैसी भी शामिल थे, जो एपस्टीन फ़ाइलों को संभालने के बॉन्डी के तरीके की लगातार आलोचना करते रहे हैं.
उन्होंने एक्स पर लिखा, "मुझे उम्मीद है कि अगला अटॉर्नी जनरल क़ानून के मुताबिक सभी एपस्टीन फ़ाइलें जारी करेगा और जांच, मुक़दमे और गिरफ़्तारियों को आगे बढ़ाएगा."
कैलिफ़ोर्निया के डेमोक्रेट रो खन्ना ने बीबीसी के न्यूज़नाइट कार्यक्रम में कहा, "यह दिखाता है कि कांग्रेस कोई डोरमैट नहीं है."
रो खन्ना ने थॉमस मैसी के साथ मिलकर फ़ाइलें जारी करवाने वाले द्विदलीय क़ानून को बनाने में अहम भूमिका निभाई थी.
खन्ना ने कहा कि, "सांसदों को ब्लांश को अगले अटॉर्नी जनरल के तौर पर मंज़ूरी देने से इनकार कर देना चाहिए, जब तक कि वो उन लोगों के ख़िलाफ़ (एपस्टीन समूह) जांच और मुक़दमे चलाने को तैयार ना हों जिन्हें लगता है कि वो अपने लिए नियम ख़ुद लिख सकते हैं और हम सबको बेकार समझते हैं."
बॉन्डी की एक और रिपब्लिकन आलोचक, दक्षिण कैरोलाइना की प्रतिनिधि नैन्सी मेस ने आरोप लगाया कि उन्होंने "दोषियों को जवाबदेह ठहराने की हर कोशिश को रोका" और फ़ाइलों को संभालने के तरीके से ट्रंप को "गंभीर रूप से नुकसान" पहुँचाया.
शिकायत करने वालों ने बॉन्डी पर क्या आरोप लगाए?
इमेज स्रोत, Heather Diehl/Getty Images
शिकायतकर्ताओं ने भी बीबीसी से कहा कि बॉन्डी ने अब तक उनसे मुलाक़ात नहीं की और न ही एपस्टीन के अपराधों पर उनके ईमेल का जवाब दिया. उनका कहना था कि यह मामला ट्रंप के लिए राजनीतिक बोझ बन गया था.
बॉन्डी ने एपस्टीन को 'राक्षस' कहा है और शिकायतकर्ताओं से कहा था कि उन्हें उनके साथ हुए दुर्व्यवहार का दुख है.
हाल ही में एक संसदीय समिति ने एपस्टीन जांच को संभालने के तरीके पर सवालों के जवाब के लिए बॉन्डी को औपचारिक समन भेजा था. उनसे इस महीने पेश होने की उम्मीद थी.
उनके नेतृत्व में न्याय विभाग ने राष्ट्रपति के कई राजनीतिक विरोधियों के ख़िलाफ़ आपराधिक जांच शुरू की, जिनमें कैलिफ़ोर्निया के सीनेटर एडम शिफ़, न्यूयॉर्क की अटॉर्नी जनरल लेटिशिया जेम्स और पूर्व एफ़बीआई निदेशक जेम्स कोमी शामिल हैं.
सितंबर में ट्रंप ने बॉन्डी पर अपने राजनीतिक विरोधियों की और आक्रामक जांच करने का दबाव डाला था. उन्होंने सोशल मीडिया पर सीधे बॉन्डी को संबोधित करते हुए लिखा था, "हम अब और देरी नहीं कर सकते, यह हमारी प्रतिष्ठा और विश्वसनीयता पर बुरा असर कर रहा है."
उनके कार्यकाल में न्याय विभाग पर मिनियापोलिस, मिनेसोटा में संघीय इमिग्रेशन एजेंटों के दो लोगों को गोली मारकर हत्या किए जाने की जांच को संभालने को लेकर भी सवाल उठे थे. इस घटना के बाद जनवरी में देशभर में प्रदर्शन हुए थे.
ट्रंप कैबिनेट छोड़ने वाली तीसरी हाई-प्रोफ़ाइल सदस्य
इमेज स्रोत, Reuters
ट्रंप की घोषणा के साथ बॉन्डी उनके मौजूदा कार्यकाल में कैबिनेट छोड़ने वाली तीसरी हाई-प्रोफ़ाइल सदस्य बन गई हैं.
उनसे पहले नोएम और पिछले साल राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार माइक वॉल्ट्ज की विदाई हो चुकी है, जिनकी ज़िम्मेदारियां अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो को दी गई थीं.
ट्रंप का कार्यकाल उनके पहले के कार्यकाल से बिल्कुल अलग है.
इस कार्यकाल के बजाय उनके पहले के कार्यकाल में लगातार लोगों की बर्खास्तगी और नियुक्तियाँ होती रहती थीं.
उनके पहले कार्यकाल के पहले ही साल में कार्यवाहक अटॉर्नी जनरल सैली येट्स, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार माइक फ्लिन, एफ़बीआई निदेशक जेम्स कोमी, चीफ़ ऑफ़ स्टाफ़ राइन्स प्रीबस, मुख्य रणनीतिकार स्टीव बैनन और दो प्रेस सचिव समेत कई लोगों की विदाई हो चुकी थी.
पिछले साल व्हाइट हाउस लौटने के बाद से टिप्पणीकारों और राजनीतिक रणनीतिकारों ने कहा था कि दूसरे कार्यकाल में ट्रंप का रवैया ज़्यादा अनुशासित और कम अराजक दिख रहा था.
बॉन्डी ट्रंप के पहले महाभियोग मुक़दमे के दौरान उनकी कानूनी टीम का हिस्सा थीं. वह उस समय भी उनके साथ थीं जब ट्रंप ने बिना सबूत 2020 का चुनाव बड़े पैमाने पर वोटर फ्रॉड से चोरी होने का दावा किया था.
उन्होंने न्यूयॉर्क में ट्रंप के हश मनी ट्रायल के दौरान अदालत में मौजूद रहकर भी सार्वजनिक रूप से उनका समर्थन किया था.
मई में इस मुक़दमें में धोखाधड़ी से जुड़े 34 मामलों में दोष साबित हो गया था. ट्रंप इस फ़ैसले के ख़िलाफ़ अपील कर रहे हैं.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
टॉप स्टोरी
ज़रूर पढ़ें
सबसे अधिक लोकप्रिय
सामग्री् उपलब्ध नहीं है