You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
आईपीएल 2026: पहले ही मैच में छाए कोहली, पूर्व क्रिकेटर बोले- 'विराट रन मशीन'
शनिवार शाम को जब आईपीएल के मौजूदा सीज़न में हैदराबाद और आरसीबी की टीमें बेंगलुरु के मैदान पर उतरीं तो यह मुक़ाबला भी टूर्नामेंट के जाने-पहचाने अंदाज़ में दिख रहा था.
लेकिन जब मैच ख़त्म हुआ तो एक अलग ही तस्वीर सामने नज़र आने लगी और भारत के पूर्व क्रिकेट कप्तान विराट कोहली क्रिकेट प्रेमियों के बीच छा गए.
अपने क्रिकेट करियर के बेहतरीन समय में कोहली को जिस तरह की प्रशंसा मिली, कुछ वैसा ही इस मैच के बाद नज़र आने लगा.
दरअसल, विराट कोहली ने आईपीएल 2026 के पहले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को चिन्नास्वामी स्टेडियम में सनराइज़र्स हैदराबाद के ख़िलाफ़ आसान जीत दिलाई.
बीबीसी हिंदी के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
आरसीबी की तरफ़ से ओपनिंग करने उतरे कोहली ने महज़ 38 गेंदों में 69 रनों की नाबाद पारी खेली और हैदराबाद की तरफ़ से पेश की गई 200 से ज़्यादा रनों की चुनौती को पहाड़ की जगह आसान सा मैदान बना दिया.
कोहली का तूफ़ान
मैच में हैदराबाद की टीम ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवरों में 9 विकेट के नुक़सान पर 201 रन बनाए.
हैदराबाद की तरफ से ईशान किशन ने 38 गेंदों में 80 रनों की पारी खेली. इस पारी में उन्होंने 8 चौके और पांच छक्के लगाए.
अभी ईशान की इस पारी की चर्चा हो रही रही थी कि हैदराबाद की चुनौती का जवाब देने बेंगलुरु की टीम मैदान पर उतरी.
कोहली ने बल्लेबाज़ी उतरते ही चौकों और छक्कों की झड़ी लगी दी.
उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके और पांच शानदार छक्के लगाए. उनके साथ ही बेंगलुरु के लिए देवदत्त ने 26 गेंद पर 61 रन बनाए.
इन दोनों बल्लेबाज़ों के तूफ़ान के आगे हैदराबाद की टीम कहीं नहीं टिक सकी और आरसीबी ने सोलहवें ओवर में ही मैच को ख़त्म कर दिया.
यहां तक की ओपनिंग के लिए उतरे कोहली को हैदराबाद के छह गेंदबाज़ों में से कोई आउट नहीं कर सका, वो 69 रन बनाकर नाबाद रहे.
कैफ़ और इरफ़ान पठान ने क्या कहा?
क़रीब आठ महीने बाद क्रिकेट के मैदान पर उतरे कोहली ऐसी पारी खेल सकते हैं, शायद इसका अंदाज़ा ज़्यादातर क्रिकेट प्रेमियों को नहीं था.
लेकिन क्रिकेट में कहा जाता है कि 'फ़ॉर्म इज़ टेम्पेरोरी, बल क्लास इज़ पर्मानेंट'. कोहली ने अपने इसी क्लास को दिखाया.
पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ़ ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए विराट कोहली की शनिवार को खेली गई पारी की जमकर तारीफ़ की है.
भारत के पूर्व बल्लेबाज़ मोहम्मद कैफ़ ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "कल्पना कीजिए ऑस्ट्रेलिया में दो बार शून्य पर आउट होने के बाद लोग कह रहे थे कि कोहली का खेल ख़त्म हो गया. लेकिन ब्लैक एंड व्हाइट क्रिकेट में पिछली दस पारियों में उनका प्रदर्शन है- 74, 135, 102, 65, 131, 77, 93 , 23, 124 और अब इस मैच में 69 रन.
मैच शुरू होने से पहले कैफ़ ने एक अन्य पोस्ट में लिखा, "ज़बरदस्त फ़ॉर्म में चल रहे विराट कोहली और ज़्यादा कामयाबी के लिए कितने बेताब हैं, इस सीज़न में यह देखना दिलचस्प होगा."
आरसीबी और विराट- क्या शानदार उपलब्धि है. उन्होंने कभी हार नहीं मानी. वे लगातार कोशिश करते हैं. जिंदगी एक मैराथन है- सब्र रखें, दौड़ते रहें. आप लक्ष्य तक ज़रूर पहुंचेंगे.
पूर्व ऑलराउंडर इरफ़ान पठान ने लिखा, "विराट कोहली से बेहतर रनों का पीछा कोई नहीं करता. चिन्नास्वामी स्टेडियम में 28 वां अर्धशतक. वो शानदार हैं."
'विराट- रन मशीन कोहली'
पूर्व बल्लेबाज़ और क्रिकेट कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने लिखा, "कोहली की सबसे बड़ी ताक़त यह है कि वह अपने अहंकार को एक तरफ़ रख देते हैं. अगर पडिक्कल शानदार बैटिंग कर रहे होते हैं, तो वह खुशी-खुशी उनका साथ देते हैं. उन्होंने रजत के साथ भी ऐसा ही किया. उनकी नज़र कभी भी बड़े लक्ष्य से नहीं हटती, जो कि 'अपनी टीम के लिए मैच जीतना' है. एक चैंपियन खिलाड़ी."
आकाश चोपड़ा ने लिखा, "विराट- रन मशीन कोहली".
विराट कोहली की शानदार बल्लेबाज़ी पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने लिखा, रनों का पीछा करना, यही उनका खेल है.
आरसीबी ने अपनी पोस्ट में एक आंकड़े की एक तस्वीर लगाई और लिखा है कि 'टाटा आईपीएल में स्कोर का पीछा करने हुए 4 हज़ार रन'.
आरसीबी ने लिखा है, "वाह विराट कोहली वाह."
विराट कोहली आईपीएल के 18 सीज़न खेल चुके हैं और 19वें सीज़न की शुरुआत में ही उनके फ़ॉर्म ने दिखा दिया है कि वो टूर्नामेंट में एक अहम खिलाड़ी हैं.
आईपीएल के इस सीज़न में दूसरे दिन यानी आज, मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में शाम 7.30 बजे मैच खेला जाएगा.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.