बिहारः नालंदा के शीतला मंदिर में भगदड़, 8 लोगों की मौत, कई घायल

पढ़ने का समय: 3 मिनट

बिहार में नालंदा ज़िले के शीतला मंदिर में मंगलवार को अचानक भगदड़ मच गई. इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई है जबकि कई लोग घायल हुए हैं.

समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए बिहारशरीफ़ के मॉडल हॉस्पिटल के डॉक्टर बिस्वजीत कुमार ने कहा कि मृतकों में अधिकांश महिलाएं हैं.

बीबीसी संवाददाता सीटू तिवारी ने बताया कि नालंदा के पास दीपनगर थाना क्षेत्र के शीतला मंदिर में पूजा के दौरान बड़ा हादसा हुआ.

चश्मदीदों के मुताबिक पूजा के दौरान अचानक भगदड़ मच गई, जिससे अफ़रा-तफ़री का माहौल बन गया. घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है.

पीटीआई से बात करते हुए डॉ. बिस्वजीत ने कहा, "क़रीब 13-14 लोगों को अस्पताल लाया गया. आठ लोगों की मौत हुई है. बाकी का यहां इलाज चल रहा है. दो मरीज, जो गंभीर थे, उन्हें दूसरे अस्पताल रेफ़र किया गया है."

बीबीसी हिंदी के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

चैत्र महीने का आखिरी मंगलवार होने के कारण मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी थी.

समाचार एजेंसी एएनआई ने घटनास्थल का वीडियो जारी किया है जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं दिखाई दे रही हैं और घायलों को एंबुलेंस ले जाती हुई दिखाई दे रही है.

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हादसे में मारे गए लोगों के आश्रितों के प्रति संवेदना व्यक्त की है.

प्रत्यक्षदर्शियों ने क्या बताया

एक प्रत्यक्षदर्शी ललित कुमार ने एएनआई को बताया, "आज महावीर जयंती और मंगलवार है, इसलिए वहां भारी भीड़ थी. बैरिकेड्स टूट गए और अचानक भगदड़ मच गई. लोग कह रहे हैं कि कुछ लोग कुचले गए हैं और मौतें हुईं...लोग यह भी कह रहे हैं कि वहां पुलिस मौजूद नहीं थी."

पटना से पहुंची एक महिला ने एएनआई को बताया, "हम अंदर तक नहीं पहुंच सके. वहां मौतें हुई हैं, जिसके बाद हमें बाहर भेज दिया गया. वहां लाठी चार्ज भी हुआ था..."

एक अन्य श्रद्धालु रीना राय ने एएनआई को बताया, "हमें पता चला कि कुछ लोग बेहोश हो गए हैं और कुछ अन्य घायल हैं. हमने कुछ मौतों के बारे में भी सुना...भगदड़ इसलिए हुई क्योंकि कोई भी कतार में नहीं रहना चाहता था और हर कोई दूसरों से पहले दर्शन करना चाहता था...यह चैत्र का आखिरी मंगलवार था...यह सब अव्यवस्था के कारण हुआ."

इस मामले में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क की कोशिश की गई लेकिन किसी से संपर्क नहीं हो सका.

मृतकों के आश्रितों को मुआवज़े का एलान

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने श्रद्धालुओं की मौत पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है.

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि 'मृतकों के आश्रितों को आपदा प्रबंधन विभाग से 4-4 लाख रुपये और मुख्यमंत्री राहत कोष से 2-2 लाख रुपये का अनुदान देने का निर्देश दिया गया है.'

मुख्यमंत्री ने हादसे में घायल हुए लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है और घायलों के समुचित इलाज कराने का निर्देश दिया है.

बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक्स पर एक पोस्ट करते हुए इस घटना पर दुख जताया है.

उन्होंने एक्स पर लिखा, "नालंदा स्थित माता शीतला मंदिर में भगदड़ की दुखद घटना अत्यंत ही पीड़ादायक है. इस हादसे में जान गंवाने वाले और घायल हुए सभी श्रद्धालुओं के परिवारजनों के प्रति अपनी संवेदनाएँ प्रकट करता हूँ."

"सरकार द्वारा पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता और राहत प्रदान की जा रही है. घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था की गई है."

"ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दें तथा शोकाकुल परिवारों को इस दुःख की घड़ी में संबल प्रदान करें. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ."

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और व्हॉट्सऐप पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)