#RohitSharma: क्या किसी मिशन पर हैं 'हिटमैन' रोहित शर्मा?: वर्ल्ड कप 2019

इमेज स्रोत, AFP/Getty Images

इमेज कैप्शन, रोहित शर्मा ने पाकिस्तान के ख़िलाफ़ मैनचेस्टर में हुए वर्ल्ड कप मुक़ाबले में 140 रन की पारी खेली और मैन ऑफ द मैच चुने गए.
    • Author, आदेश कुमार गुप्त
    • पदनाम, खेल पत्रकार, बीबीसी हिंदी के लिए

"रोहित शर्मा मैं एक पाकिस्तानी पत्रकार हूं. मैं शानदार शतक पर आपको बधाई देता हूं. आपने मैच को जैसे छीन लिया. पाकिस्तान टीम लंबे समय से समस्याओं से जूझ रही हैं. आप पाकिस्तानी बल्लेबाज़ो को क्या सलाह देंगे ताकि वह इन समस्याओं से बाहर निकल सके?"

मौजूदा वर्ल्ड कप में 16 जून को हुए मुक़ाबले में पाकिस्तान पर भारत की शानदार जीत के बाद एक पाकिस्तानी पत्रकार ने शतकवीर मैन ऑफ द मैच रोहित शर्मा से ये सवाल किया.

रोहित ने दिखाया कि बल्लेबाज़ी में वो 'हिटमैन' हैं तो प्रेस कॉन्फ्रेंस में कमाल के हाज़िर जवाब.

वो बोले, "अगर मैं पाकिस्तान को कोच बना तो बिलकुल बताऊंगा. अभी क्या बताऊं."

इसके बाद प्रेस कांफ्रेंस में हंसी का फव्वारा सा फट पड़ा.

इमेज स्रोत, Reuters

इमेज कैप्शन, रोहित शर्मा पाकिस्तान के ख़िलाफ मैच में शतक पूरा करने के बाद कप्तान विराट कोहली के साथ जश्न मनाते हुए.

रोहित का जलवा

भारत ने पाकिस्तान के ख़िलाफ़ टॉस गंवाया और पहले बल्लेबाज़ी की. रोहित शर्मा के 140 और कप्तान विराट कोहली के 77 रन की मदद से भारत ने निर्धारित 50 ओवर में पांच विकेट खोकर 336 रन बनाए.

मैच के बाद अगर पाकिस्तान के पत्रकार रोहित शर्मा से ऐसा सवाल करें तो निश्चित रूप से माना जा सकता है कि अपने चिर परिचित और परंपरागत प्रतिद्वंद्वी भी उनकी प्रतिभा के कायल हो गए है. इससे बढ़कर किसी खिलाड़ी को और क्या सम्मान मिल सकता है?

इमेज स्रोत, AFP/Getty Images

इमेज कैप्शन, श्रीलंका के ख़िलाफ़ शनिवार को शतक पूरा करने के बाद खुशी जाहिर करते रोहित शर्मा. मौजूदा विश्व कप में ये रोहित शर्मा का पांचवां शतक है.

रोहित का मिशन वर्ल्ड कप

रोहित शर्मा का बल्ला जिस अंदाज़ में इस विश्व कप में बोल रहा है उसे लेकर अब यह चर्चा है कि क्रिकेट दुनिया में 'हिटमैन' के नाम से मशहूर रोहित शर्मा क्या किसी ख़ास मिशन पर हैं?

ये चर्चा क्यों है, इसका जवाब उनकी बल्लेबाज़ी देती है.

रोहित शर्मा ने पाकिस्तान के ख़िलाफ़ ही 140 रन नही बनाए वरन शनिवार को श्रीलंका के ख़िलाफ़ बेहद शानदार 103 रन बनाए. ये इस विश्व कप में उनका पांचवां शतक है.

पाकिस्तान और श्रीलंका के अलावा रोहित शर्मा ने बांग्लादेश के ख़िलाफ़ 104, इंग्लैंड के ख़िलाफ़ 102 और दक्षिण अफ्रीका के ख़िलाफ़ नाबाद 122 रन बनाए.

इमेज स्रोत, AFP/Getty Images

इमेज कैप्शन, रोहित शर्मा ने मौजूदा वर्ल्ड कप में भारत के पहले ही मैच में दक्षिण अफ्रीका के ख़िलाफ शतकीय पारी खेली थी. उन्होंने नाबाद 122 रन बनाए और मैन ऑफ द मैच चुने गए.

टीम इंडिया के संकटमोचक

रोहित शर्मा की इन शतकीय पारियों ने साबित कर दिया है कि वो तमाम विरोधी टीमों पर कितनी भारी पड़े. उनके बारे में क्रिकेट समीक्षक शिकायत भरे लहज़े में कहते रहे है कि उनमें ग़जब की प्रतिभा है. उनके पास अपने शॉट्स खेलने का बहुत समय है लेकिन वो अपनी प्रतिभा से न्याय नही कर पाते. अब रोहित शर्मा ने ऐसे आलोचकों को चुप करा दिया है.

इस विश्व कप में रोहित शर्मा के बल्ले से तब शतक के बाद शतक निकल रहे हैं जब भारतीय टीम अपनी बल्लेबाज़ी को लेकर आलोचना के घेरे में है.

इमेज स्रोत, AFP/Getty Images

इमेज कैप्शन, शिखर धवन के चोटिल होने के बाद से केएल राहुल, रोहित शर्मा के साथ भारतीय पारी की शुरुआत कर रहे हैं.

जम गई जोड़ी

इस विश्व कप में रोहित शर्मा के नियमित जोड़ीदार शिखर धवन दूसरे ही मुक़ाबले में ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ 117 रनो की शतकीय पारी के दौरान अपने अंगूठे की चोट के कारण विश्व कप से बाहर हो गए.

उसके बाद उनकी जगह केएल राहुल ने सलामी बल्लेबाज़ के तौर पर ली. ऐसे में रोहित शर्मा पर टीम को ठोस शुरआत देने का दबाव आ गया. इस दबाव में वह ऐसा निखरे कि कप्तान विराट कोहली के सर से सारा बोझ हट गया.

दरअसल अभी तक इस विश्व कप में रोहित शर्मा के अलावा विराट कोहली ने ही भारत की और से निरंतरता दिखाई है. कमज़ोर मध्यम क्रम के चलते भारतीय टीम को सेमीफाइनल तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी गेंदबाज़ो ने उठाई.

इमेज स्रोत, ALLSPORT/Getty Images

लय में गेंदबाज़

जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी के अलावा हार्दिक पांड्या और युजवेंद्र चहल और कुलदीप यादव के रूप में तेज़ और स्पिन के बेहतरीन मिश्रण का परिणाम ये निकला कि भारत कम स्कोर वाले मैच में भी जीतने में कामयाब रहा.

महेंद्र सिंह धोनी को अभी तक अपनी धीमी बल्लेबाज़ी के कारण आलोचना का सामना करना पड़ रहा है लेकिन जब भारत के अंतिम चार बल्लेबाज़ बड़ा योगदान देने की क्षमता न रखते हों तो धोनी भी क्या करें?

रोहित शर्मा के पांच शतक के अलावा कप्तान विराट कोहली के बल्ले से इस विश्व कप में लगातार पांच अर्धशतक निकले है.

विराट कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ 82, पाकिस्तान के ख़िलाफ़ 77, अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ 67, वेस्ट इंडीज़ के ख़िलाफ़ 72 और इंग्लैंड के ख़िलाफ़ 66 रन बनाए.

विराट कोहली ने शनिवार को श्रीलंका के ख़िलाफ़ आखिरी राउंड रोबिन मैच में नाबाद 34 रन भी बनाए.

इस विश्व कप में केएल राहुल का रन बनाना भी भारत की मुश्किलें कम रहा है. केएल राहुल ने श्रीलंका के ख़िलाफ़ 111, बांग्लादेश के ख़िलाफ़ 77, पाकिस्तान के ख़िलाफ़ 57, वेस्ट इंडीज़ के ख़िलाफ़ 48 और अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ 30 रन बनाकर शिखर धवन की कमी महसूस नही होने दी है.

इमेज स्रोत, Reuters

इमेज कैप्शन, रोहित शर्मा ने बांग्लादेश के गेंदबाज़ों की भी ख़बर ली और शानदार शतक जमाया.

इसके बावजूद कहना पडेगा कि रोहित शर्मा के शतक की धमक की वजह से भारत इस विश्व कप में इंग्लैंड के अलावा किसी और टीम के ख़िलाफ़ बडी मुश्किल में नही फंसा.

ये देखते हुए कि पांच बल्लेबाज़ो के बाद भारत के निचले क्रम की बल्लेबाज़ी की पूंछ डायनासोर की पूंछ जैसी है रोहित शर्मा, केएल राहुल और कप्तान विराट कोहली यानी तीन शुरूआती बल्लेबाज़ और उसके बाद धोनी के दम पर सेमीफाइनल तक पहुंचना बड़ी बात है.

आज अगर दक्षिण अफ्रीका, पाकिस्तान, वेस्ट इंडीज़ और श्रीलंका जैसी टीमें कमज़ोर खेल के कारण आलोचना का शिकार हो रही है तो उसका सबसे बड़ा कारण शुरूआती बल्लेबाज़ों का न चल पाना ही है.

इनमें दक्षिण अफ्रीका के हाशिम आमला और वेस्ट इंडीज़ के क्रिस गेल जैसे दिग्गज खिलाड़ी भी शामिल है.

वैसे रोहित शर्मा ने साल 2015 में ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड में सयुंक्त रूप से आयोजित हुए पिछले विश्व कप में भी बांग्लादेश के ख़िलाफ क्वार्टर फाइनल में 137 रन की शतकीय पारी खेली थी. यानि अब विश्व कप में उनके शतकों की ग़िनती छह हो चुकी है.

इमेज स्रोत, AFP/Getty Images

इमेज कैप्शन, रोहित शर्मा ने मेजबान इंग्लैंड के ख़िलाफ़ भी शतक जमाया.

सबसे आगे रोहित

अब सवाल ये है कि रोहित शर्मा किस मिशन को लेकर वर्ल्ड कप में शतकों की बरसात कर रहे हैं?

रोहित शर्मा साल 2007 में दक्षिण अफ्रीका में हुए टी-20 विश्व कप और इंग्लैंड में साल 2013 में हुई आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी विजेता भारतीय टीम के सदस्य भी रह चुके हैं.

शायद रोहित शर्मा की सबसे बड़ी तमन्ना भारत को आईसीसी विश्व कप क्रिकेट टूर्नामेंट का चैंपियन बनते देखने की भी है. शायद इसलिए हर मैच में उनके तेवर बदले नज़र आते है. कट, पुल, हुक और ड्राइव जैसे हर शॉट रोहित शर्मा के पास है. इसलिए ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क, पाकिस्तान के मोहम्मद आमिर से लेकर श्रीलंका के सबसे अनुभवी लसिथ मलिंगा और इंग्लैंड के जोफ्रा आर्चर जैसे रफ़्तार के धनी तेज़ गेंदबाज़ो का असर उन पर नही पड़ा.

रोहित शर्मा वर्ल्ड कप के आठ मैचों में 92.42 के ज़बरदस्त औसत के साथ 647 रन और पांच शतकों के साथ टूर्नामेंट के सबसे कामयाब बल्लेबाज़ बने हुए हैं.

अब जबकि भारत चैंपियन बनने से केवल दो कदम दूर है ऐसे में रोहित शर्मा के बल्ले की गूंज का ऐसे ही बरक़रार रहना ज़रूरी है, तभी हिटमैन का वह मिशन पूरा होगा जिसे लेकर वह चल रहे है.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)