You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

लाइव, बांग्लादेश क्रिकेट को चलाने के लिए तमीम इक़बाल के नेतृत्व में समिति का गठन

बांग्लादेश की नेशनल स्पोर्ट्स काउंसिल (एनएससी) ने मौजूदा बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड निदेशक मंडल को भंग करके एक 11 सदस्यीय समिति का गठन किया है.

सारांश

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, चंदन कुमार जजवाड़े

  1. बांग्लादेश क्रिकेट को चलाने के लिए तमीम इक़बाल के नेतृत्व में समिति का गठन

    बांग्लादेश की नेशनल स्पोर्ट्स काउंसिल (एनएससी) ने मौजूदा बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड निदेशक मंडल को भंग करके एक 11 सदस्यीय समिति का गठन किया है.

    बांग्लादेश के पूर्व स्टार बल्लेबाज़ और कप्तान तमीम इक़बाल को समिति का प्रमुख नियुक्त किया गया है. इस समिति का कार्यकाल तीन महीने का होगा.

    एनएससी के खेल निदेशक अमीनुल एहसान ने मंगलवार दोपहर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह घोषणा की. समिति के अन्य सदस्य फहीम सिन्हा, रफीकुल इस्लाम बाबू, सलमान इस्पहानी, तंजील चौधरी, अतहर अली खान, मिन्हाजुल आबेदीन नन्नू, इसराफिल खसरू, सैयद इब्राहिम अहमद, मिर्जा यासिर अब्बास और रशना इमाम होंगे.

    अमीनुल इस्लाम एहसान ने कहा, "हमने सभी मुद्दों का उल्लेख करते हुए समिति को भंग करने के निर्णय के बारे में आईसीसी को पहले ही सूचित कर दिया है. साथ ही एक नई समिति के गठन के निर्णय के बारे में भी सूचित कर दिया है."

    उन्होंने उम्मीद जताई कि आईसीसी उन अनियमितताओं से सहमत होगी जिनके कारण समिति को भंग किया गया और एक नई समिति का गठन किया गया.

    बीसीबी के नए बोर्ड का गठन छह अक्तूबर को चुनावों के माध्यम से किया गया था, जिसमें अमीनुल इस्लाम बुलबुल को इसका अध्यक्ष चुना गया था.

  2. मणिपुर में धमाके में दो बच्चों की मौत पर राहुल गांधी ने पीएम मोदी से पूछा सवाल

    मणिपुर के बिष्णुपुर में एक धमाके में दो बच्चों की मौत पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रतिक्रिया दी है.

    राहुल गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, "मणिपुर में बीएसएफ़ जवान के घर में सोते दो नन्हें बच्चों की हत्या की ख़बर दिल को चीर देने वाली है. मणिपुर में हिंसा की दहकती हुई आग में तीन साल बाद भी निर्दोष बच्चे झुलस रहे हैं. शांति का कोई संकेत दूर-दूर तक नज़र नहीं आता.''

    राहुल गांधी ने लिखा, ''मोदी सरकार इतनी संवेदन शून्य और पत्थर दिल हो गई है कि मानो यह भूल चुकी है कि मणिपुर के बच्चे भी देश के बच्चे हैं, हमारा भविष्य हैं. कब जागेगी ये सरकार? आख़िर कब तक अपनों की लाशें गिनते-गिनते मणिपुर करता रहेगा इंतज़ार?''

    राहुल गांधी ने आगे लिखा, ''प्रधानमंत्री जी, मणिपुर सिर्फ़ एक राज्य नहीं है, ज़िम्मेदारी है. सिर्फ नाम का एक बयान काफ़ी नहीं, सिर्फ दिखावे का एक दौरा काफ़ी नहीं है. इससे पहले कि हालात पूरी तरह नियंत्रण से बाहर हो जाएं. आपको ठोस और तत्काल कदम उठाने ही होंगे.''

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, ''अधिकारियों ने बताया कि हिंसा के एक नए दौर में संदिग्ध कुकी उग्रवादियों ने मंगलवार को मणिपुर के बिष्णुपुर ज़िले में बम से हमला किया, जिसमें दो छोटे बच्चों की मौत हो गई, जबकि उनकी माँ घायल हो गईं.''

    पीटीआई ने बताया, ''यह घटना रात क़रीब 1 बजे की है, जब संदिग्ध चरमपंथियों का फेंका हुआ एक बम मोइरांग ट्रोंगलाओबी में एक आम नागरिक के घर पर गिरा, जिससे तक़रीबन 5 साल के एक लड़के और छह महीने की एक बच्ची की मौत हो गई.''

    मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक़, जब घर में बम फटा, तब ये तीनों अपने बेडरूम में सो रहे थे.

    मणिपुर के निचले इलाक़े में स्थित मोइरांग ट्रोंगलाओबी, चुराचांदपुर के पहाड़ी इलाकों के क़रीब है और साल 2023-2024 में जातीय संघर्ष के चरम पर होने के दौरान यहाँ लगातार गोलीबारी होती रही है.

    इस बीच स्थानीय विधायक शांति सिंह ने ट्रोंगलाओबी अवांग लीकाई में हुए "बर्बर हमले" की कड़ी निंदा की है.

  3. इसराइली चेतावनी के बाद ईरान के मशहद में सभी ट्रेन सेवाएं रद्द

    ईरान में मशहद के गवर्नर ने कहा है कि 'देश की रेलवे पर इसराइल की ओर से अनैतिक हमले की चेतावनी' को देखते हुए और एहतियातन मशहद रेलवे की सभी ट्रेन सेवाएं अगली सूचना तक रद्द कर दी गई हैं.

    बीबीसी फ़ारसी सेवा के मुताबिक़, "ईरानी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, गवर्नर हसन हुसैनी ने कहा कि जिन यात्रियों को ज़रूरी यात्रा करनी है, उनके लिए सड़क परिवहन की आवश्यक व्यवस्था कर ली गई है."

    उन्होंने इस व्यवस्था के बारे में और कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी.

    इससे पहले इसराइल डिफ़ेंस फ़ोर्सेज़ (आईडीएफ़) ने ईरान के लोगों को आज ट्रेन का इस्तेमाल न करने की चेतावनी दी है.

    आईडीएफ़ के फ़ारसी सोशल मीडिया अकाउंट पर डाले गए पोस्ट में कहा गया है, "ईरान के लोग अपनी सुरक्षा के लिए पूरे देश में रात 9 बजे (ईरानी समय) तक ट्रेन का इस्तेमाल और सफ़र करने से बचें."

    पोस्ट में यह भी लिखा है, "ट्रेन में मौजूद रहना और रेलवे लाइन के पास जाना आपकी जान को ख़तरे में डालेगा."

    ईरान के कुछ हिस्सों में, जिनमें तेहरान के दक्षिण का इलाका भी शामिल है, ट्रेन की पटरियां रिहायशी इलाक़ों के पास से गुजरती हैं.

    इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से ईरान को होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने के लिए दी गई समय सीमा 24 घंटे से भी कम समय में समाप्त हो रही है.

    उन्होंने कहा है कि वे पुलों सहित बुनियादी ढांचे को निशाना बनाएंगे.

  4. ब्रेकिंग न्यूज़, तुर्की में इसराइली कॉन्सुलेट के पास गोलीबारी, तीन लोगों की मौत

    तुर्की के इस्तांबुल में इसराइली कॉन्सुलेट के पास गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गई है.

    तुर्की मीडिया ने इस घटना की जानकारी दी है.

    तुर्की की सरकारी मीडिया के मुताबिक़ इस गोलीबारी में दो पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी भी आ रही है.

    इस घटना से जुड़ी और जानकारी अभी सामने आ रही है.

    स्थानीय मीडिया ने क्या बताया?

    तुर्की मीडिया ने बताया कि तीनों संदिग्ध राइफलों से लैस थे और फौजी वर्दी पहने हुए थे, साथ ही उनकी पीठ पर बैग भी थे.

    इस मामले से जुड़े एक सूत्र ने समाचार एजेंसी एएफ़पी को बताया कि "फ़िलहाल तुर्की की सीमा में कोई भी इसराइली राजनयिक मौजूद नहीं है."

    तुर्की के चैनल एनटीवी ने बताया कि यह घटना भारतीय समय के मुताबिक दोपहर करीब पौने तीन बजे हुई.

    चैनल ने दूतावास के आसपास भारी संख्या में तैनात पुलिस बल की तस्वीरें भी प्रसारित कीं हैं.

  5. हिमंत बिस्वा सरमा ने पत्नी पर लगे आरोपों को लेकर कहा, 'मुक़दमा राहुल गांधी तक जाएगा'

    असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने अपनी पत्नी पर लगे आरोपों को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधा है.

    हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा है कि पवन खेड़ा को आरोप लगाने से पहले विदेश मंत्रालय से दस्तावेज़ों की जानकारी लेनी चाहिए थी.

    उन्होंने कहा, ''आप सच्चाई नहीं जानते हैं तो आपने क्यों दस्तावेज़ों को सार्वजनिक किया. आप एक आरोप लगा रहे हैं. आपको पहले विदेश मंत्री से पूछना चाहिए था. आप कहते कि आरोप मिला है और दस्तावेज़ों को सार्वजनिक करने से पहले विदेश मंत्रालय से मदद मांगते.''

    हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, ''असम पुलिस को आप नहीं जानते हैं. असम पुलिस पाताल से भी पवन खेड़ा को तलाश कर लाएगी. मुझे शक है कि ये काग़ज़ उन्हें राहुल गांधी ने दिए थे. ये मुक़दमा राहुल गांधी तक जाएगा. हमें डराने की कोशिश न करें.''

    दो दिन पहले खेड़ा ने असम सीएम हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां सरमा पर तीन पासपोर्ट रखने का आरोप लगाया था. इसके बाद सीएम हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी ने एफ़आईआर दर्ज कराई थी.

    इस एफ़आईआर के बाद मंगवार को कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के दिल्ली आवास पर असम पुलिस की एक टीम पहुंची.

    कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इस मुद्दे पर कहा, "एफ़आईआर करने दो, कौन डरता है. जो होगा, हम उसका सामना करेंगे."

    उन्होंने कहा, "हमने गिरफ़्तार करने वाले बहुत देखे हैं. हम ईडी, सीबीआई से नहीं डरे, गिरफ्तारी से क्या डरेंगे."

  6. ईरान का इसराइल समेत खाड़ी के कई देशों पर हमला जारी, फ्रेया स्कॉट टर्नर

    एक तरफ अमेरिका- इसराइल ने ईरान और लेबनान पर नए हमले किए हैं. वहीं ईरान ने भी अपना जवाबी हमला जारी रखा है.

    इसराइल की इमरजेंसी सेवा ने देश के मध्य इलाक़े में हुए नुक़सान की फुटेज साझा की. उसने कहा है कि यह एक ईरानी बैलिस्टिक मिसाइल के कारण हुआ.

    उन्होंने यह नहीं बताया है कि इस हमले में कोई घायल हुआ या नहीं, लेकिन इसराइली स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार, बीते एक दिन में 133 लोगों को अस्पताल ले जाया गया है.

    वहीं इराक़ के राष्ट्रपति ने बताया है कि कुर्दिस्तान की राजधानी एरबिल में हुए हमले में दो आम नागरिक (पति-पत्नी) मारे गए हैं.

    कुना समाचार एजेंसी का कहना है कि यह ईरान की तरफ से किया गया ड्रोन हमला था.

    सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय का कहना है कि "उसने पिछले कुछ" घंटों के दौरान देश पर दागे गए 18 ड्रोन को नष्ट कर दिया है.’

    ईरान की तरफ से पूर्वी प्रांत पर हमला करने की धमकी के बाद सऊदी अरब ने अपना किंग फहद कॉज़वे, जो उसे बहरीन से जोड़ने वाला एकमात्र पुल है.

    इसी पूर्वी प्रांत में अमेरिकी नौसेना का बेड़ा भी मौजूद है.

    बहरीन में भी रातभर अधिकारियों ने लोगों से कहा कि अलार्म बजने पर वो सुरक्षित जगह पर पनाह ले लें.

    संयुक्त अरब अमीरात ने कहा कि वह रात भर ईरान से आने वाली मिसाइलों और ड्रोन को रोक रहा था.

    सोमवार को रक्षा मंत्रालय ने बताया कि युद्ध शुरू होने के बाद से यूएई पर 519 बैलिस्टिक मिसाइलें और 2,210 ड्रोन दागे गए हैं.

  7. इसराइल ने दी ईरान के लोगों को चेतावनी- आज ट्रेन से यात्रा न करें

    इसराइल डिफ़ेंस फ़ोर्सेज़ (आईडीएफ़) ने ईरान के लोगों को आज ट्रेन का इस्तेमाल न करने की चेतावनी दी है.

    आईडीएफ़ के फ़ारसी सोशल मीडिया अकाउंट पर डाले गए पोस्ट में कहा गया है, "ईरान के लोग अपनी सुरक्षा के लिए पूरे देश में रात 9 बजे (ईरानी समय) तक ट्रेन का इस्तेमाल और सफ़र करने से बचें."

    पोस्ट में यह भी लिखा है, "ट्रेन में मौजूद रहना और रेलवे लाइन के पास जाना आपकी जान को ख़तरे में डालेगा."

    यह चेतावनी उस समय आई है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की दी गई डेडलाइन ख़त्म होने को है. ट्रंप ने ईरान को होर्मुज़ स्ट्रेट खोलने के लिए डेडलाइन दी थी.

    वहीं, इसराइल की ओर से तेहरान में "सरकार से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर" पर हवाई हमले किए गए हैं. साथ ही दावा किया कि हिज़्बुल्लाह से जुड़े सदस्यों को मारा गया.

    इस बीच ईरान में स्थानीय मीडिया ने तेहरान में कई जगहों पर धमाकों की ख़बरें दी हैं.

    ईरान की सरकारी न्यूज़ एजेंसी आईआरएनए के मुताबिक़ ख़र्रामाबाद एयरपोर्ट पर हमला हुआ है. जबकि समाचार एजेंसी एएफ़पी ने तेहरान के उत्तर की तरफ धमाकों की आवाज़ सुने जाने की सूचना दी है.

  8. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता रौनक भेड़ा आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  9. ईरानी राजदूत ने पाकिस्तान के प्रयासों पर कहा, 'जंग रोकने की कोशिशें अहम मोड़ पर'

    पाकिस्तान में ईरान के राजदूत रज़ा अमीरी मुक़द्दम ने दावा किया है कि जंग रोकने को लेकर पाकिस्तान की कोशिशें अहम मोड़ पर हैं.

    रज़ा अमीरी मुक़द्दम ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, "अमेरिका और इसराइल की ईरान के साथ जंग रोकने के लिए पाकिस्तान की सकारात्मक और रचनात्मक कोशिशें अब एक अहम और ज़रूरी मोड़ पर पहुंच गई हैं."

    उन्होंने इसके बारे में और कोई जानकारी नहीं दी, लेकिन ये ज़रूर कहा कि ज़्यादा जानकारी जल्द सामने आएगी.

    अमेरिका और ईरान ने पाकिस्तान के दो-स्तरीय प्रस्ताव को कल ठुकरा दिया था, इसमें युद्धविराम और स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ खोलने की बात शामिल थी.

    गौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को होर्मुज़ स्ट्रेट खोलने की डेडलाइन दी है. ट्रंप की ओर से दी गई समयसीमा अब 24 घंटे से भी कम समय में खत्म हो रही है.

  10. कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के घर पहुंची असम पुलिस, हिमंत बिस्वा बोले- वो हैदराबाद भाग गए

    कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के दिल्ली आवास पर असम पुलिस की एक टीम पहुंची है.

    दरअसल, दो दिन पहले खेड़ा ने असम सीएम हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां सरमा पर तीन पासपोर्ट रखने का आरोप लगाया था. इसके बाद सीएम हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी ने एफ़आईआर दर्ज की थी.

    पवन खेड़ा के घर पुलिस पहुंचने पर हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा है, "पवन खेड़ा घर से भाग गए. कल तक कह रहे थे कि मुझे गिरफ़्तार करो. अब पुलिस उनके घर पहुंची है तो वो हैदराबाद भाग गए."

    इससे पहले सोमवार को हिमंत बिस्वा ने कहा, "मेरी पत्नी ने एफ़आईआर दर्ज कराई है. मुझे यक़ीन है कि पुलिस क़ानून की सही धाराओं में केस दर्ज करेगी और ज़रूरी कार्रवाई करेगी."

    दूसरी ओर, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, "एफ़आईआर करने दो, कौन डरता है. जो होगा, हम उसका सामना करेंगे."

    उन्होंने कहा, "हमने गिरफ़्तार करने वाले बहुत देखे हैं. हम ईडी, सीबीआई से नहीं डरे, गिरफ्तारी से क्या डरेंगे."

  11. पश्चिम बंगाल: एसआईआर में 91 लाख मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए, प्रभाकर मणि तिवारी, कोलकाता से बीबीसी हिन्दी के लिए

    पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया के बाद अब तक मतदाता सूची से क़रीब 91 लाख नाम कटे हैं.

    चुनाव आयोग की ओर से तार्किक विसंगति वाले मतदाताओं के दस्तावेज़ों की जांच की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जारी सूची से यह आंकड़ा सामने आया है.

    आयोग ने उन वोटरों की सूची जारी की है जिनके नाम तार्किक विसंगति की सूची में थे और जांच के बाद हटा दिए गए हैं. उस सूची में 60 लाख से कुछ ज़्यादा नाम शामिल थे. उनमें से 27 लाख से ज़्यादा लोगों के नाम कट गए हैं.

    सोमवार देर रात जारी इस सूची में इस बात का ब्यौरा दिया गया है कि किस ज़िले से कितने नाम कटे हैं.

    आयोग के आंकड़ों के मुताबिक़, तार्किक विसंगति वाली सूची में सबसे ज़्यादा 4.55 लाख वोटरों के नाम मुर्शिदाबाद ज़िले से कटे हैं. इससे पहले 28 फ़रवरी की सूची में भी 2.94 लाख नाम कटे थे. यानी अकेले इसी ज़िले से क़रीब 7.49 लाख वोटरों के नाम सूची से कट गए हैं.

    उसके बाद मालदा ज़िले से कुल 4.59 लाख वोटरों के नाम कटे हैं.

    बीती 28 फ़रवरी को प्रकाशित मतदाता सूची से 63.67 लाख नाम हटाए गए थे. अब तार्किक विसंगति वाली सूची में हटे नामों को जोड़ने पर ऐसे मतदाताओं की संख्या 90.83 लाख पहुंच गई है.

    आयोग ने कहा है कि अब भी तार्किक विसंगति वाले क़रीब 22 हज़ार मतदाताओं के मामले में ई-हस्ताक्षर नहीं होने के कारण उनके नाम सूची में शामिल नहीं हो सके हैं.

    हालांकि, उनके दस्तावेज़ों की जांच पूरी हो गई है. यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद सूची से हटने वाले वोटरों की संख्या बढ़ सकती है.

    बंगाल में एसआईआर शुरू होने से पहले मतदाता सूची में क़रीब 7.66 करोड़ नाम थे. लेकिन ड्राफ़्ट सूची में 58 लाख से ज़्यादा नाम काट दिए गए थे. 28 फ़रवरी को प्रकाशित अंतिम सूची में क़रीब साढ़े पांच लाख वोटरों के नाम कट गए थे.

  12. ईरान ने संयुक्त राष्ट्र को पत्र लिखकर अमेरिका के बारे में अब क्या कहा?

    ईरान ने संयुक्त राष्ट्र को लिखे एक पत्र में कहा है कि अमेरिका ने ईरान में शांतिपूर्ण प्रदर्शनों को हिंसा, आंतरिक अशांति और ख़ून-ख़राबे में बदलने की कोशिश की.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक ईरान की समाचार एजेंसियों ने इस पत्र का टेक्स्ट फ़ारसी भाषा में प्रकाशित किया है.

    ईरान के संयुक्त राष्ट्र में राजदूत अमीर सईद इरवानी ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस को लिखे पत्र में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयानों का हवाला दिया है.

    पत्र में दावा किया गया है, "डोनाल्ड ट्रंप ने हाल के बयानों में उन्होंने ईरान के विरोधियों को हथियार भेजने की बात स्वीकार की थी."

    ईरान ने पत्र में लिखा, "यह स्वीकारोक्ति ईरान की उस बात को पुख़्ता करती है, जिसमें कहा गया था कि अमेरिका ने ईरान में शांतिपूर्ण प्रदर्शनों को हिंसा, आंतरिक अशांति और ख़ून-ख़राबे में बदलने की कोशिश की."

    इसमें आगे लिखा है, "आम लोगों, नागरिकों और सरकारी संस्थाओं को हुए नुक़सान के लिए अमेरिका पूरी तरह ज़िम्मेदार है."

    गौरतलब है कि पिछले साल जनवरी के प्रदर्शनों में हज़ारों लोग मारे गए. ईरानी सरकार के आधिकारिक आंकड़ों में लगभग 3,000 मौतों को स्वीकार किया गया.

    जबकि मानवाधिकार संगठनों ने बताया कि उन्होंने लगभग 7,000 मृतकों की पहचान की है और अभी भी हज़ारों अन्य नामों की जाँच कर रहे हैं.

  13. विक्टोरिया क्रॉस से सम्मानित ऑस्ट्रेलिया का एक सैनिक गिरफ़्तार, वॉर क्राइम का केस चलेगा, टिफ़नी टर्नबुल, सिडनी

    बेन रॉबर्ट्स स्मिथ नाम के एक ऑस्ट्रेलियाई सैनिक को गिरफ़्तार किया गया है. उन पर 'अफ़ग़ानिस्तान में वॉर क्राइम' करने का आरोप लगाया गया है. इसी सिलसिले में उन पर केस चलेगा.

    47 वर्षीय स्मिथ ऑस्ट्रेलिया के बेहद सम्मानित सैनिक हैं और उन्हें कई ऑनर से नवाज़ा जा जुका है. साल 2023 में उन्हें विक्टोरिया क्रॉस सम्मान दिया गया था. स्मिथ को सिडनी एयरपोर्ट से पकड़ा गया है. आज ही उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा.

    ऑस्ट्रेलियाई फ़ेडरल पुलिस ने भी प्रेस कॉन्फ़्रेंस में स्मिथ की गिरफ़्तारी की पुष्टि की. पुलिस ने कहा कि उन पर 2009 से 2012 के बीच अफ़ग़ानिस्तान में निहत्थे क़ैदियों की गोली मारकर हत्या करने का केस चलेगा.

    साल 2023 में एक मानहानि मामले में यह पाया गया था कि पूर्व स्पेशल एयर सर्विस कॉर्पोरल रॉबर्ट्स स्मिथ ने कई निहत्थे अफ़ग़ान सैनिकों को मारा था. स्मिथ ने 2013 में सेना छोड़ी थी.

    साल 2020 में "ब्रेरटन रिपोर्ट" नाम की एक बड़ी जांच में यह पाया गया था कि अफ़ग़ानिस्तान में ऑस्ट्रेलियाई स्पेशल फ़ोर्सेज़ ने 39 लोगों की ग़ैरक़ानूनी हत्या की थी.

    रिपोर्ट ने 19 मौजूदा या पूर्व सैनिकों की जांच की सिफ़ारिश की थी.

    रॉबर्ट्स स्मिथ सभी आरोपों से इनकार करते हैं. उन्होंने पहले कहा था कि उनके ख़िलाफ़ लगाए गए आरोप "बहुत ग़लत" और "दुर्भावनापूर्ण" हैं.

    रॉबर्ट्स स्मिथ ने कहा था कि जिन हत्याओं का आरोप है, वो क़ानूनी लड़ाई में हुईं या फिर हुई ही नहीं.

  14. अमरावती बनी आंध्र प्रदेश की स्थाई राजधानी, सीएम नायडू ने दी जानकारी

    आंध्र प्रदेश की अमरावती को आधिकारिक और स्थाई राजधानी का दर्जा मिल गया है.

    इस संबंध में भारत सरकार ने सोमवार को गज़ट नोटिफ़िकेशन जारी किया. यह फ़ैसला राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की मंज़ूरी के बाद लिया गया.

    आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और उप मुख्यमंत्री पवन कल्याण ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर भी इसकी जानकारी दी है.

    चंद्रबाबू नायडू ने एक्स पर लिखा, "आंध्र प्रदेश के लोगों की ओर से मैं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु जी का दिल से धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने आंध्र प्रदेश पुनर्गठन (संशोधन) अधिनियम, 2026 को मंज़ूरी दी."

    "इससे हमारी राजधानी का पुराना सपना पूरा हुआ है. मैं केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने हमारे राज्य के लिए अपना वादा निभाया और मार्गदर्शन दिया."

  15. ट्रंप ने आर्टेमिस 2 के अंतरिक्ष यात्रियों से बात की, क्या कहा?

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आर्टेमिस 2 के अंतरिक्ष यात्रियों से बात की है. उन्होंने कहा कि आज इतिहास बना है और पूरे अमेरिका को गर्व महसूस हुआ है.

    दरअसल, नासा के आर्टेमिस 2 के चार अंतरिक्ष यात्री पृथ्वी से दूर अंतरिक्ष में उस स्थान पर पहुंचे हैं, जहां अब तक कोई इंसान नहीं पहुंचा था.

    ट्रंप ने आर्टेमिस 2 के चारों अंतरिक्ष यात्रियों से कहा, "हमारे पास गर्व करने के लिए बहुत-सी बातें हैं, लेकिन जो आप कर रहे हैं, चांद के चारों ओर आधी सदी बाद घूमना और धरती से सबसे दूर जाने का रिकॉर्ड बनाना, इस जैसा कुछ नहीं है."

    ट्रंप ने आगे कहा, "इंसानों ने कभी ऐसा नज़ारा नहीं देखा. यह बहुत ख़ास है." इसके बाद उन्होंने आर्टेमिस टीम और नासा को बधाई दी.

    कॉल ख़त्म होने से पहले ट्रंप ने कहा कि मिशन पूरा होने पर वे आर्टेमिस टीम से व्हाइट हाउस में मिलेंगे. उन्होंने कहा, "मैं भी काफ़ी व्यस्त रहता हूं लेकिन समय ज़रूर निकालूंगा. मैं अमेरिकी जनता की ओर से आपको बड़ा सलाम देना चाहता हूं."

    गौरतलब है कि इस मिशन में तीन अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री रीड वाइसमैन, क्रिस्टीन कोच, विक्टर ग्लोवर और कनाडाई अंतरिक्ष यात्री जेरेमी हेनसेन शामिल हैं.

  16. डोनाल्ड ट्रंप बोले- होर्मुज़ स्ट्रेट से क्यों न हम टोल वसूलें

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि होर्मुज़ स्ट्रेट से ईरान नहीं, बल्कि युद्ध ख़त्म होने के बाद अमेरिका टोल वसूल सकता है.

    दरअसल, सोमवार को जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि क्या वे ऐसा समझौता मानेंगे जिसमें ईरान जहाज़ों से शुल्क ले सके?

    इस पर ट्रंप ने जवाब दिया, "क्यों न हम टोल वसूलें? मैं यह करना पसंद करूंगा बजाय कि उन्हें टोल मिले. हमें टोल क्यों नहीं वसूलना चाहिए? हम विजेता हैं. हमने जीत हासिल की है."

    हालांकि, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पत्रकारों से बाद में कहा कि ईरान के साथ किसी भी शांति समझौते की शर्तों में होर्मुज़ स्ट्रेट को खोलना शामिल होना चाहिए.

    ट्रंप ने कहा, "हमें ऐसा समझौता चाहिए जो मुझे स्वीकार्य हो, और उस समझौते का हिस्सा यह होगा कि हमें तेल का फ़्री आवागमन चाहिए."

    गौरतलब है कि इससे पहले ईरान ने यह कहा था कि वह होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़रने वाले जहाज़ों से टोल वसूलेगा.

  17. आर्टेमिस 2 ने बनाया रिकॉर्ड, इतने किलोमीटर का सफ़र तय किया

    नासा के आर्टेमिस 2 के चार अंतरिक्ष यात्री पृथ्वी से दूर अंतरिक्ष में उस स्थान पर पहुंचे हैं, जहां अब तक कोई इंसान नहीं पहुंचा था.

    ओरियन स्पेसक्राफ़्ट ने धरती से अपनी सबसे ज़्यादा दूरी तय की है. यह इंसान की ओर से अपने ग्रह से सबसे दूर जाने का नया रिकॉर्ड है.

    नासा ने बताया कि यह दूरी 2,52,756 मील (4,06,771 किलोमीटर) थी. धरती से सबसे दूर जाने का पिछला रिकॉर्ड 1970 में अपोलो 13 ने बनाया था.

    गौरतलब है कि पचास से अधिक साल बाद नासा का चंद्रमा को लेकर पहला मिशन शुरू हुआ. आर्टेमिस 2 मिशन के रॉकेट ने फ़्लोरिडा के केप कैनावेरल स्थित केनेडी स्पेस सेंटर से उड़ान भरी थी.

    यह मिशन 1 अप्रैल को शुरू हुआ. 10 दिन के इस मिशन में अंतरिक्ष यात्री चांद की सतह पर नहीं उतरेंगे, बल्कि आस-पास घूमते रहेंगे.

  18. ईरान ने अमेरिका से युद्ध खत्म करने के लिए पाकिस्तान को भेजा शांति प्रस्ताव, बीबीसी मॉनिटरिंग

    ईरान ने पाकिस्तान को एक शांति प्रस्ताव दिया है, जिसका मक़सद अमेरिका के साथ चल रहे युद्ध का 'हमेशा के लिए अंत' करना है. यह जानकारी सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए ने सोमवार को दी.

    आईआरएनए ने बताया कि अमेरिका की ओर से आए प्रस्ताव पर ईरानी प्रतिनिधिमंडल ने जवाब पहुंचाया है. ईरान की लीडरशिप ने क़रीब दो हफ़्तों तक गहन समीक्षा की, इसके बाद अपना जवाब भेजा है.

    ईरान की ओर से जवाब तब भेजा गया है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को मंगलवार तक की डेडलाइन दी है. ट्रंप ने धमकी दी है कि स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ नहीं खुला तो वो ईरान के पावर प्लांट्स और पुलों को निशाना बनाया जाएगा.

    6 अप्रैल को ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बग़ाई ने पुष्टि करते हुए बताया कि संदेशों का आदान-प्रदान मध्यस्थों के ज़रिए हुआ है. लेकिन उन्होंने कहा कि तेहरान ने अमेरिका की "15 बिंदुओं वाली योजना" को ठुकरा दिया है.

    आईआरएनए ने बताया कि ईरान के दस पैराग्राफ़ वाले जवाब में युद्धविराम के विचार को "पिछले अनुभवों" का हवाला देते हुए ख़ारिज किया गया. इसके बजाय ईरान ने अपने शर्तों पर स्थायी समाधान की ज़रूरत पर ज़ोर दिया.

    एजेंसी के अनुसार, तेहरान के दस्तावेज़ में कई मांगें शामिल हैं- जैसे क्षेत्रीय संघर्षों का अंत, होर्मुज़ स्ट्रेट से सुरक्षित आवाजाही का समझौता, पुनर्निर्माण करना और प्रतिबंधों को हटाना.

  19. एयरमैन को बचाने के अमेरिकी मिशन पर ईरान ने क्या कहा?

    ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बग़ाई ने कहा है कि अमेरिका की इस्फ़हान में हुई कार्रवाई का मक़सद "ईरान से यूरेनियम चुराना" भी हो सकता है.

    जबकि अमेरिका ने इस्फ़हान के दक्षिण में हुई कार्रवाई को अपने लापता एयरमैन को बचाने का मिशन बताया था. यह एयरमैन ईरानी आसमान में निशाना बने दूसरे एफ़-15 लड़ाकू विमान का क्रू मेंबर था.

    सोमवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और पेंटागन ने इस कार्रवाई को "अपनी जीत" बताया था. वहीं सोशल मीडिया पर कुछ लोग और जानकारों ने अंदेशा जताया कि इतनी बड़ी कार्रवाई का मक़सद इस्फ़हान से 200 किलोग्राम संवर्धित यूरेनियम ट्रांसफ़र करना था.

    ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता बग़ाई ने भी कहा कि इस्फ़हान के दक्षिण हुए अमेरिकी ऑपरेशन का मक़सद ईरान से 'यूरेनियम चुराना' हो सकता है और इस संभावना को अनदेखा नहीं किया जा सकता.

    हालांकि, व्हाइट हाउस और अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने इन क़यासों पर कोई जवाब नहीं दिया है.

    दूसरी ओर, ईरान का कहना है कि अमेरिका को इस मिशन में काफ़ी नुक़सान का सामना करना पड़ा है.

  20. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.