खड़गे के प्रधानमंत्री से जुड़े बयान पर निर्वाचन आयोग के नोटिस का कांग्रेस ने दिया ये जवाब

इमेज स्रोत, ANI
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के एक विवादित बयान पर चुनाव आयोग की ओर से जारी किए गए नोटिस का कांग्रेस ने जवाब दिया है.
कांग्रेस ने अपने जवाब में खड़गे को 'जवाब देने के लिए बहुत कम समय देने' की बात कही है.
कांग्रेस का कहना है कि "नोटिस में लगाए गए आरोपों के जवाब के लिए कांग्रेस अध्यक्ष को दिया गया समय बहुत कम है. यह समय बिल्कुल पर्याप्त नहीं है, खासकर जब कांग्रेस अध्यक्ष कई चुनाव अभियानों में व्यस्त हैं."
इसके साथ ही कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग पर 'महज़ औपचारिकता निभाने' का आरोप लगाया है और खड़गे को जवाब देने के लिए एक हफ़्ते का समय मांगा है.
कांग्रेस ने कहा, "ऐसा लगता है कि जिन संदर्भों में ये शब्द (खड़गे के) कहे गए, उनकी साफ़ और बिना किसी अस्पष्टता वाली व्याख्या को जानबूझकर नज़रअंदाज़ किया जा रहा है, जिससे कि कांग्रेस अध्यक्ष के ख़िलाफ़ कार्रवाई करने का कोई रास्ता निकाला जा सके."
कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि पार्टी ने "प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के ख़िलाफ़ कई शिकायतें दर्ज कराई थीं, जिन पर निर्वाचन आयोग ने कोई कार्रवाई नहीं की."
निर्वाचन आयोग ने खड़गे की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को "आतंकवादी" कहे जाने पर मामले का संज्ञान लिया था और उन्हें 24 घंटे के भीतर अपना पक्ष रखने के लिए नोटिस जारी किया था.
खड़गे के बयान का बीजेपी के कई नेताओं ने विरोध किया था. इसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष ने सफाई भी दी थी.
उन्होंने कहा, "मैंने पीएम के ख़िलाफ़ नहीं बोला. प्रधानमंत्री नेताओं और उम्मीदवारों को डरा रहे हैं, और इसी संदर्भ में मैंने कहा था कि 'टैक्स टेररिज़्म' हो रहा है."
"ईडी छापे मार रही है, आयकर विभाग छापे मार रहा है, सीबीआई छापे मार रही है. यह 'टेररिज़्म' प्रधानमंत्री ही करा रहे हैं. मैंने उन्हें आतंकवादी नहीं कहा, वह लोगों को डराने के लिए इस तरह का माहौल बना रहे हैं."
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, "वह छापों के जरिए लोगों को चुप कराने की कोशिश कर रहे हैं और चुनाव में उन्हें हराने की कोशिश कर रहे हैं. चेन्नई में मैंने यही कहा था."




