लाइव, युद्ध शुरू होने के बाद शनिवार को ईरान पर सबसे अधिक हमले हुए

ईरान के साथ अमेरिका और इसराइल की जंग शुरू होने के बाद तेहरान पर शनिवार को सबसे ज़्यादा हमले हुए हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा

  1. युद्ध शुरू होने के बाद शनिवार को ईरान पर सबसे अधिक हमले हुए

    तेहरान का कार रिपेयर वर्कशॉप

    इमेज स्रोत, Majid Saeedi/Getty Images

    इमेज कैप्शन, 28 मार्च को इसराइल-अमेरिका के हमलों में क्षतिग्रस्त तेहरान का कार रिपेयर वर्कशॉप

    ईरान के साथ अमेरिका और इसराइल की जंग शुरू होने के बाद ईरान पर शनिवार को सबसे ज़्यादा हमले हुए हैं.

    ह्यूमन राइट्स एक्टिविस्ट्स न्यूज़ एजेंसी (एचआरएनए) का कहना है कि 28 मार्च को ईरान में कम से कम 701 हमले दर्ज किए गए हैं.

    एजेंसी का कहना है कि युद्ध शुरू होने के बाद यह एक दिन में दर्ज किए गए सबसे अधिक हमले हैं.

    एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक़, इन हमलों में से 74% हमले ईरान की राजधानी तेहरान में हुए हैं.

    एजेंसी का कहना है कि अब तक इस संघर्ष में 1,551 ईरानी आम नागरिक मारे गए हैं, जिनमें कम से कम 236 बच्चे भी शामिल हैं.

    28 फ़रवरी को शुरू हुए इस युद्ध को क़रीब एक महीना हो गया है.

    हालांकि, कुछ देश ईरान और अमेरिका के बीच मध्यस्थता कराने की कोशिश कर रहे हैं, जिनमें भारत के पड़ोसी देश पाकिस्तान का नाम भी सामने आ रहा है.

  2. पाकिस्तान के 20 जहाज़ों को होर्मुज़ स्ट्रेट से गुजरने की अनुमति मिली- इसहाक़ डार

    इसहाक़ डार

    इमेज स्रोत, SHAMIL ZHUMATOV/POOL/AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, इशाक डार ने बताया कि हर दिन दो जहाज़ स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ पार करेंगे (फ़ाइल फ़ोटो)

    पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री इसहाक़ डार ने जानकारी दी है कि उनके देश के जहाज़ों को होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़रने के लिए बड़ी छूट मिली है.

    इसहाक़ डार ने बताया, "ईरान ने पाकिस्तानी झंडे वाले 20 और जहाज़ों को स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ से गुज़रने की इजाज़त देने पर सहमति जताई है."

    उन्होंने बताया कि हर दिन दो जहाज़ स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ पार करेंगे. ईरान ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है.

    हालिया संघर्ष शुरू होने के बाद से ईरान ने स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ को लगभग बंद कर दिया है. यह दुनिया के सबसे ज़रूरी तेल परिवहन मार्गों में से एक है.

    दुनिया का लगभग 20% तेल और लिक्विड नेचुरल गैस (एलएनजी) आमतौर पर इसी रास्ते से गुज़रता है, लेकिन बीबीसी वेरिफ़ाई के विश्लेषण में दिखा है कि रोज़ाना यातायात लगभग 95% कम हो गया है.

    इसहाक़ डार ने कहा कि ईरान के साथ यह समझौता 'शांति का संकेत' है जो क्षेत्र में स्थिरता लाने में मदद करेगा.

    गौरतलब है कि इससे पहले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने जानकारी दी कि उन्होंने शनिवार को ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान से फ़ोन पर 'विस्तार से' बातचीत की है. उन्होंने कहा कि यह बातचीत 'एक घंटे से ज़्यादा' चली.

  3. यमन के हूती विद्रोहियों ने इसराइल पर दागी दूसरी मिसाइल

    हूती विद्रोहियों की ओर से दागी गई मिसाइल

    इमेज स्रोत, Wisam Hashlamoun/Anadolu via Getty Images)

    इमेज कैप्शन, ईरान समर्थित समूह ने इसराइल पर एक क्रूज़ मिसाइल दागी जिसे गिरा दिया गया (तस्वीर: 28 मार्च, 2026 को वेस्ट बैंक के हेब्रोन शहर पर इसराइल की ओर दागी गई मिसाइलें देखी गईं)

    यमन के हूती विद्रोहियों ने इसराइल पर दूसरी मिसाइल दागी है और ड्रोन से हमले किए हैं.

    यह जानकारी सीएनएन और टाइम्स ऑफ़ इसराइल दोनों ने बताई है. हालांकि, इसराइल ने कहा कि उसने यमन से छोड़ी गई एक मिसाइल को रोक लिया.

    ईरान समर्थित इस समूह ने इसराइल पर एक क्रूज़ मिसाइल छोड़ी, जिसे गिरा दिया गया. इससे पहले हूती विद्रोही समूह ने एक बैलिस्टिक मिसाइल इसराइल पर दागी थी.

    इसराइली मीडिया चैनल 12 और टाइम्स ऑफ़ इसराइल ने अलग से यह भी बताया है कि दक्षिणी इसराइल के इलात शहर पर ड्रोन हमला हुआ, जोकि यमन की ओर से किया गया था.

    इससे पहले हूती विद्रोहियों ने कहा था कि उन्होंने कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागी हैं जो 'संवेदनशील इसराइली सैन्य ठिकानों' को निशाना बनाने के लिए थीं.

    हूती इसे पलटवार हमला बता रहे हैं, उनका कहना है, "पहले इसराइल ने ईरान, लेबनान, इराक़ और फ़लस्तीनी इलाक़ों को निशाना बनाया. इसके जवाब में अब इसराइल पर हमले हो रहे हैं."

  4. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.