जी7 ने स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ को सुरक्षित करने का संकल्प लिया: फ़्रांस के विदेश मंत्री

ज्यां नोएल बारो ने बताया कि मार्को रुबियो ने यूरोपियन यूनियन काउंसिल ऑफ़ फॉरेन अफ़ेयर्स को हालात की जानकारी देने और इस गतिरोध को हल करने के लिए मिलकर काम करने पर सहमति जताई है.

सारांश

लाइव कवरेज

अरशद मिसाल, चंदन कुमार जजवाड़े

  1. तेहरान में धमाकों की आवाज़ें सुनी गईं- ईरानी सरकारी मीडिया

    तेहरान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, 26 मार्च को तेहरान की एक सड़क की तस्वीर (सांकेतिक तस्वीर)

    ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी 'मेहर' के अनुसार, तेहरान में धमाकों की आवाज़ें सुनी गई हैं और देश के एयर डिफ़ेंस सिस्टम "दुश्मन के हमलों को नाकाम करने में लगे हुए हैं."

    हालांकि इसराइल ने ईरान पर नए हमलों की घोषणा नहीं की है. लेकिन आईडीएफ़ के प्रवक्ता अविचाई अद्राई ने एक्स पर लिखा, "ईरानी शासन के हथियार बनाने वाले उद्योगों के ख़िलाफ़ इसराइल अपने हमलों को तेज़ कर रहा है, और एक हज़ार से ज़्यादा उत्पादन केंद्रों को निशाना बना रहा है."

    इससे पहले गुरुवार रात अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा था कि ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर हमले दस दिनों के लिए रोके जा रहे हैं.

    राष्ट्रपति ट्रंप ने एक बार फिर दोहराया कि ईरान समझौता करना चाहता है.

    ट्रंप पहले भी ऐसे दावे कर चुके हैं. हालांकि, ईरानी अधिकारियों का कहना है कि उनका देश अमेरिका के साथ कोई बातचीत नहीं कर रहा है.

    बीबीसी पर्शियन की वरिष्ठ रिपोर्टर ग़ोचेह हबीबीज़ाद ने बताया है कि उन्हें कई लोगों ने तेहरान में धमाकों की आवाज़ सुनने की जानकारी दी है.

    30 साल के एक शख़्स ने उन्हें बताया, "ऐसा लगता है जैसे हमारे दिमाग़ को अब इन धमाकों की आदत होती जा रही है. ठीक वैसे ही जैसे हम इंटरनेट बंद होने के आदी हो गए हैं. हम एक अलग ही तरह से जीना सीख रहे हैं... प्रतिबंधों, महँगाई, ख़तरे, सामाजिक दबाव, युद्ध और बिना इंटरनेट की ज़िंदगी."

    ईरान में इस समय इंटरनेट लगभग बंद है, लेकिन फिर भी कुछ लोग किसी तरह इंटरनेट से जुड़ने में कामयाब हो जाते हैं.

  2. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.