ईरान-अमेरिका वार्ता से पहले पाकिस्तान में कैसी तैयारी, कैरी डेविस, इस्लामाबाद से रिपोर्टिंग

इमेज स्रोत, EPA/Shutterstock
इस्लामाबाद में अमेरिकी और ईरानी प्रतिनिधिमंडलों के पहुंचने का इंतज़ार किया जा रहा है और शहर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है.
पाकिस्तानी राष्ट्रपति कार्यालय और संसद के सामने मुख्य चौराहे के पास स्थित डी-चौक इलाके में बीबीसी की टीम के वीडियो बनाने के दौरान पुलिस ने मीडिया टीमों को पीछे हटाना शुरू कर दिया.
इस्लामाबाद पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा कि उन्हें प्रतिनिधिमंडलों के जल्द पहुंचने की उम्मीद है, लेकिन उन्होंने यह नहीं बताया कि कौन से प्रतिनिधिमंडल कब पहुंचेंगे.
इस्लामाबाद के रेड ज़ोन, जहां अधिकांश सरकारी इमारतें और विदेशी दूतावास स्थित हैं, उसे कंटीले तारों से घेर दिया गया है. शहर में चौकियों की संख्या बढ़ा दी गई है और सड़कों पर यातायात सामान्य से कम है.
सुरक्षा के लिए पुलिस, सेना और अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है, वहीं अंतरराष्ट्रीय पत्रकार भी शहर में आ रहे हैं.
पाकिस्तान ने वार्ता के लिए कोई आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं किया है, लेकिन व्हाइट हाउस ने पहले ही कह दिया है कि वार्ता शनिवार सुबह होगी.
वहीं पाकिस्तान ने इस्लामाबाद में युद्धविराम को लेकर होने वाली बातचीत में शामिल होने वाले देशों के प्रतिनिधियों और पत्रकारों को वीज़ा-फ्री यात्रा की सुविधा दी है.
यह सुविधा सिर्फ़ बातचीत की अवधि तक लागू रहेगी.
हालांकि, यह व्यवस्था तीसरे देशों के नागरिकों पर लागू नहीं होगी. यानी ईरान और अमेरिका के प्रतिनिधियों और पत्रकारों पर लागू होगी.
गौरतलब है कि पाकिस्तान की मध्यस्थता के बाद अमेरिका और ईरान ने दो हफ़्तों के लिए युद्धविराम पर सहमति जताई थी.






















