वृंदावन में नाव पलटने से कम से कम 6 लोगों की मौत, सुरेश सैनी, बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, ANI
उत्तर प्रदेश के वृंदावन में केशी घाट के पास यमुना नदी में एक नौका दुर्घटना हुई है.
पुलिस के अनुसार, 22 लोगों को बचा लिया गया है और उन्हें अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, लेकिन कितने लोग लापता हैं, यह पता लगाने के लिए जांच जारी है.
मथुरा के जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा, "मथुरा के थाना वृंदावन इलाके़ में आज केशी घाट पर बड़ा हादसा हुआ, जब बोटिंग के दौरान पंजाब से आए श्रद्धालुओं की नाव अचानक पलट गई. इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि क़रीब एक दर्जन लोग घंटों तक लापता रहे."
डीएम चंद्र प्रकाश सिंह के मुताबिक़, नाव में पंजाब से आए क़रीब 30 लोग सवार थे.
इसराइल के साथ बातचीत में हिस्सा लेने को लेकर लेबनान ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, Sally Hayden/SOPA Images/LightRocket via Getty Images
इमेज कैप्शन, बेरूत में मलबे में बड़ा एक खिलौना (तस्वीर 9 अप्रैल)
लेबनान के राष्ट्रपति कार्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बीबीसी को बताया है कि लेबनान अगले हफ़्ते इसराइल के साथ सीधे बातचीत में हिस्सा लेगा. लेकिन यह तभी होगा, जब उससे पहले युद्धविराम लागू हो जाए.
बैठक की तारीख़ और समय अभी तय नहीं किया गया है.
लेबनान और इसराइल के बीच सीधी बातचीत कोई नई बात नहीं है, लेकिन ऐसा कम ही होता है.
आम तौर पर दोनों देश अमेरिका जैसे मध्यस्थों के ज़रिए बातचीत करते हैं.
नवंबर 2024 में हुए युद्धविराम समझौते के बाद से बातचीत की कोशिशें जारी हैं. पहले अमेरिका के दूत दोनों पक्षों के बीच अप्रत्यक्ष बातचीत में मध्यस्थ की भूमिका निभा चुके हैं.
उत्तर प्रदेश में एसआईआर की अंतिम सूची जारी, 84 लाख नए मतदाता जुड़े
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर
उत्तर प्रदेश में मतदाताओं की संख्या में 84 लाख से ज़्यादा की बढ़ोतरी हुई है और अब कुल मतदाता संख्या 13.39 करोड़ हो गई है. यह जानकारी शुक्रवार को जारी अंतिम मतदाता सूची में सामने आई है.
अंतिम मतदाता सूची में 42,27,902 पुरुष और 42,00,778 महिला मतदाताओं को जोड़ा गया है.
6 जनवरी 2026 को जारी मसौदा सूची में 12,55,56,025 मतदाता थे.
न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, लोक भवन मीडिया सेंटर में एक प्रेस कॉन्फ्ऱेंस को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान 27 अक्तूबर 2025 से 10 अप्रैल 2026 तक चलाया गया.
यह अभियान राज्य के सभी 75 ज़िलों, 403 विधानसभा क्षेत्रों और सभी मतदान केंद्रों पर किया गया.
लेबनान में आम लोगों के हताहत होने की ख़बरों पर भारत ने जताई चिंता, जानिए क्या कहा
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल
भारत ने लेबनान में 'नागरिकों के हताहत होने की ख़बरों' पर गहरी चिंता जताई है.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को कहा, "लेबनान में बड़ी संख्या में नागरिकों के हताहत होने की ख़बरों से हम बहुत ज़्यादा चिंतित हैं."
उन्होंने कहा, "भारत हमेशा नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर ज़ोर देता रहा है. अंतरराष्ट्रीय क़ानून का पालन करना और देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान करना बेहद ज़रूरी है."
"लेबनान में हमारा दूतावास वहां मौजूद भारतीय समुदाय की सुरक्षा के लिए लगातार संपर्क में बना हुआ है."
इसराइल ने दक्षिण लेबनान में हमले जारी रखे हैं. इस बीच हिज़्बुल्लाह ने भी इसराइल पर जवाबी हमले किए हैं.
पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए बीजेपी का संकल्प पत्र जारी, ममता बनर्जी ने साधा निशाना, प्रभाकर मणि तिवारी, कोलकाता से बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले बीजेपी पर कई आरोप लगाए हैं (फ़ाइल फ़ोटो)
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर तंज़ कसा है. वो शुक्रवार को नॉर्थ 24-परगना ज़िले के बशीरहाट में पार्टी की एक चुनावी रैली में बोल रही थी.
इस दौरान उन्होंने कहा कि बीजेपी चुनाव से पहले एक तरह से वार करती है, चुनाव के बाद दूसरी तरह से.
इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल के लिए बीजेपी का संकल्प पत्र जारी करते हुए महिलाओं और युवा बेरोज़गारों को हर महीने तीन-तीन हज़ार रुपये की सहायता के अलावा बंगाल के लिए कई अन्य योजनाओं का वादा दिया.
तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने कहा कि इस चुनाव में दिल्ली के ज़मींदारों से मुक़ाबला करना होगा.
उनका आरोप है कि बीजेपी और केंद्र सरकार परिसीमन के ज़रिए बंगाल के तीन टुकड़े करना चाहती है. वह पहले एनआरसी लागू करेगी और उसके बाद परिसीमन के ज़रिए राज्य के तीन टुकड़े करेगी.
ममता ने कहा, "एसआईआर की कवायद सिर्फ़ वोटरों के नाम काटने के लिए की गई थी. केंद्र सरकार लगातार बंगाल और इसके लोगों की उपेक्षा कर रही है."
उन्होंने कहा कि 'अगर बंगाल में सीमा पार से कोई घुसपैठ होती है तो अमित शाह को इस्तीफ़ा दे देना चाहिए, बंगाल घुसपैठियों की शरणस्थली नहीं है.'
वहीं ममता ने बीजेपी पर चुनाव से पहले दूसरे राज्यों से भारी तादाद में लोगों को बंगाल ले आने का आरोप दोहराया.
होर्मुज़ स्ट्रेट से अमेरिकी जहाज़ों की आवाजाही पर ईरान ने रखी ये शर्त
इमेज स्रोत, Shady Alassar/Anadolu via Getty Images
इमेज कैप्शन, दो हफ़्ते के युद्धविराम की घोषणा के बाद होर्मुज़ स्ट्रेट से जहाज़ों को गुज़रते देखा गया (8 अप्रैल की तस्वीर)
ईरान के उप विदेश मंत्री सईद ख़ातिबज़ादेह का कहना है कि अमेरिकी जहाज़ भी होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़र सकते हैं, बशर्ते वे कोई शत्रुतापूर्ण व्यवहार न करें.
बीबीसी पर्शियन के मुताबिक़, ख़ातिबज़ादेह ने ईरानी मीडिया को बताया, "होर्मुज़ स्ट्रेट खुला है, लेकिन तकनीकी कारणों से जहाज़ों के लिए ईरानी सेनाओं के साथ संपर्क बनाए रखना ज़रूरी है."
ईरानी मंत्री ने कहा कि हम होर्मुज़ स्ट्रेट में अपने सुरक्षित मार्गों के माध्यम से उनकी सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करेंगे.
इससे पहले, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान की आलोचना करते हुए कहा था कि वह होर्मुज़ स्ट्रेट से तेल परिवहन में 'बहुत ख़राब व्यवस्था' कर रहा है.
उन्होंने कहा कि 'यह वह समझौता नहीं है जो हमारे बीच हुआ था.'
नीतीश कुमार के राज्यसभा सांसद पद की शपथ लेने पर पीएम मोदी ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, नीतीश कुमार 16 मार्च को बिहार से राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए थे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा सांसद पद की शपथ लेने पर उन्हें बधाई दी है.
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "नीतीश कुमार जी देश के सबसे अनुभवी नेताओं में से एक हैं. सुशासन को लेकर उनकी प्रतिबद्धता की हर तरफ सराहना हुई है."
प्रधानमंत्री ने कहा, "उन्होंने बिहार के विकास में अमिट योगदान दिया है. उन्हें एक बार फिर संसद में देखना बहुत सुखद होगा. सांसद और केंद्रीय मंत्री के रूप में भी उन्होंने कई वर्षों तक अपनी सेवाएं दी हैं. मुझे पूरा विश्वास है कि उनके लंबे राजनीतिक अनुभव से संसद की गरिमा और बढ़ेगी."
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री और एलजेपी (आर) के नेता चिराग पासवान, राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने भी नीतीश कुमार को बधाई दी है.
सम्राट चौधरी ने एक्स पर लिखा, "आदरणीय नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में बिहार ने सुशासन, बेहतर व्यवस्था और हर क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रगति की है. न्याय के साथ विकास के संकल्प ने बिहार को नई पहचान दी है. हमें पूर्ण विश्वास है कि संसद में आपका अनुभव और दूरदर्शिता देशहित में नई दिशा देगा."
चिराग पासवान ने एक्स पर लिखा, "आपका यह नया दायित्व केवल एक संवैधानिक ज़िम्मेदारी नहीं, बल्कि बिहार की आकांक्षाओं और देशहित के व्यापक संकल्प को संसद के उच्च सदन में सशक्त स्वर देने का महत्वपूर्ण अवसर है. आपके दूरदर्शी नेतृत्व, सुशासन के प्रति प्रतिबद्धता और जनकल्याण हेतु अटूट समर्पण ने बिहार को नई दिशा और नई पहचान प्रदान की है."
उपेंद्र कुशवाहा ने एक्स पर लिखा, "बिहार के यशस्वी मुख्यमंत्री आदरणीय नीतीश कुमार जी को राज्यसभा सदस्य के रुप में शपथ ग्रहण करने पर हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं. हमें विश्वास है कि आपका अनुभव बिहार और देश की प्रगति में और अधिक सार्थक होगा."
उन्होंने 30 मार्च को बिहार की विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफ़ा दे दिया था, हालांकि उन्होंने अब तक मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा नहीं दिया है.
नीतीश कुमार के बाद बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, यह अब तक तय नहीं हो पाया है.
इसराइल के तेल अवीव में हमलों की चेतावनियों के बीच सड़कों पर भागते दिखे लोग
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, इसराइल की आपात सेवा ने कहा है कि शेल्टर की ओर भागते वक़्त 'कुछ लोग घायल हुए' हैं
इसराइल के तेल अवीव में गुरुवार और
शुक्रवार की रात के दौरान लेबनान से हिज़्बुल्लाह की ओर से संभावित हमलों की
चेतावनी के बाद लोग सुरक्षित जगहों की ओर भागते नज़र आए.
लोगों के भागने की कुछ
तस्वीरें भी सामने आई हैं.
इसराइल की आपात सेवा मागेन डेविड
अडोम ने स्थानीय समयानुसार क़रीब 01:30 बजे कहा कि हमले की चेतावनी के बाद किसी के
घायल होने की ख़बर नहीं है, लेकिन
"कुछ लोग शेल्टर की ओर जाते वक़्त घायल हुए हैं."
इससे पहले इसराइली मीडिया ने कहा था कि हाइफ़ा में सायरन बजे. वहीं रॉयटर्स के अनुसार, इसराइल के तेल अवीव में एयर रेड सायरन बजे.
इसराइल ने दक्षिण लेबनान में हमले
जारी रखे हैं. इस बीच हिज़्बुल्लाह ने भी इसराइल पर जवाबी हमले किए हैं.
हिज़्बुल्लाह ने एक बयान जारी कर
उत्तरी इसराइल में रॉकेट हमले की पुष्टि की थी.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, रॉयटर्स ने भी इसराइल के तेल अवीव में एयर रेड सायरन बजने के बारे में रिपोर्ट किया
नमस्कार!
अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह
आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.
अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर
लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
आर्मी चीफ़ जनरल द्विवेदी ने कहा, 'ऑपरेशन सिंदूर के दौरान नमाज़ के वक़्त नहीं किया हमला'
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, पहलगाम हमलेे के बाद अपनी सैन्य कार्रवाई को भारत ने 'ऑपरेशन सिंदूर' का नाम दिया था (फ़ाइल फ़ोटो)
भारत के आर्मी चीफ़ जनरल उपेंद्र
द्विवेदी ने कहा है कि 'ऑपरेशन सिंदूर' के वक़्त भारतीय सेना ने 'पाकिस्तान स्थित आतंकवादी शिविरों में उस समय हमला करने का फ़ैसला
किया जब नमाज़ अदा न हो रही हो'.
जनरल द्विवेदी ने यह बयान एक इंटरव्यू के दौरान दिया. यह इंटरव्यू बुधवार, आठ अप्रैल को प्रकाशित हुआ था.
जनरल द्विवेदी से सवाल किया गया था
कि 'ऑपरेशन सिंदूर के दौरान, क्या कभी कोई ऐसा मौक़ा आया जब आपने पीछे मुड़कर
कृष्ण और अर्जुन के बीच हुई बातों को याद किया हो? क्योंकि आपने ही कहा कि कभी-कभी जब आप दूसरों को तकलीफ़ पहुँचा रहे
होते हैं, तो उस वक़्त आपको यह सोचना पड़ता है
कि आप आख़िर कर क्या रहे हैं?'
इस पर आर्मी चीफ़ ने जवाब दिया,
"हाँ, आप सही हैं. मैं एक घटना के बारे में आपको बताता हूँ कि जब हम
टारगेट्स को तबाह करने जा रहे थे, तो उसकी
टाइमिंग दो बजे, चार बजे या किसी भी वक़्त हो सकती
थी."
"लेकिन हमने यह सुनिश्चित किया कि जब
दूसरी तरफ़ (पाकिस्तान) के लोग आतंकवादी शिविरों में नमाज़ अदा कर रहे हों,
हमने कहा कि उस समय हम हमला नहीं करेंगे, क्योंकि सबका मालिक एक है. इसी वजह से हमने ऐसा
समय चुना जब हमें पता था कि नमाज़ नहीं हो रही होगी."
पिछले साल अप्रैल महीने में पहलगाम
हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष हुआ था. भारत ने अपनी सैन्य
कार्रवाई को 'ऑपरेशन सिंदूर' का नाम दिया था.
नीतीश कुमार ने राज्यसभा के सांसद पद की ली शपथ
इमेज स्रोत, Sansad TV
इमेज कैप्शन, नीतीश कुमार ने अब तक बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा नहीं दिया है
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने
शुक्रवार को राज्यसभा के सांसद पद की शपथ ली. वह पिछले महीने 16 मार्च को बिहार से
राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए थे.
उन्होंने 30 मार्च को बिहार की विधान
परिषद की सदस्यता से इस्तीफ़ा दे दिया था, हालांकि
उन्होंने अब तक मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा नहीं दिया है.
नीतीश कुमार के बाद बिहार का अगला
मुख्यमंत्री कौन होगा, यह अब तक तय नहीं हो पाया है.
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने
गुरुवार को कहा था, "नए
मुख्यमंत्री के चयन को लेकर कहीं कोई मतभेद नहीं है. सब कुछ तय कार्यक्रम के
अनुसार चल रहा है. सारी बातें नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही तय हो रही हैं."
पवन खेड़ा को तेलंगाना हाई कोर्ट से मिली अग्रिम ज़मानत, असम के सीएम हिमंत की पत्नी ने कराई थी एफ़आईआर
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, पवन खेड़ा के ख़िलाफ़ हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी ने एफ़आईआर दर्ज कराई थी (फ़ाइल फ़ोटो)
तेलंगाना हाई कोर्ट ने कांग्रेस नेता
पवन खेड़ा को एक हफ़्ते की अग्रिम ज़मानत दी है.
कोर्ट ने यह फ़ैसला असम के
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी की ओर से दायर एफ़आईआर मामले में सुनाया
है.
पवन खेड़ा ने हिमंत बिस्वा सरमा की
पत्नी पर 'तीन पासपोर्ट रखने' का आरोप लगाया था. इसके बाद हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी ने आरोपों को झूठा क़रार दिया था और उनकी शिकायत के आधार पर असम पुलिस ने एफ़आईआर दर्ज की थी.
लाइव लॉ के मुताबिक़, कांग्रेस नेता ने इस मामले में अग्रिम ज़मानत के
लिए तेलंगाना हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी.
शुक्रवार को सुनवाई के दौरान जस्टिस
के. सुजाना ने कहा, "याचिकाकर्ता
को संबंधित अदालत के सामने आवेदन दाखिल करने के लिए एक हफ़्ते का समय दिया जाता
है... याचिकाकर्ता को कुछ शर्तों के साथ एक हफ़्ते की राहत दी जाती है."
उपसभापति हरिवंश नारायण राज्यसभा के लिए फिर हुए नॉमिनेट
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, संविधान के तहत भारत के राष्ट्रपति के पास राज्यसभा में कुछ सदस्यों को नामित करने की शक्ति होती है (फ़ाइल फ़ोटो)
राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण
सिंह को एक बार फिर राज्यसभा के लिए नॉमिनेट किया गया है. केंद्रीय गृह मंत्रालय
ने एक अधिसूचना जारी कर इसकी जानकारी दी है.
अधिसूचना में कहा गया, "भारत के संविधान के अनुच्छेद 80 के खंड (3) के
साथ पठित खंड (1) के उपखंड (क) के तहत मिली शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए
राष्ट्रपति राज्यसभा के लिए हरिवंश को नामित करती हैं."
गृह मंत्रालय के मुताबिक़, राज्यसभा में एक नामित सदस्य की सेवा समाप्त होने
के कारण एक पद खाली हुआ था.
संविधान के अनुच्छेद 80 के खंड 3 के
तहत, भारत के राष्ट्रपति के पास राज्यसभा में 12 सदस्यों को नामित या मनोनीत करने की शक्ति होती है.
इन सदस्यों को साहित्य,
विज्ञान, कला और
समाज सेवा जैसे क्षेत्रों में विशेष ज्ञान या अनुभव के आधार पर नॉमिनेट किया जाता
है.
ओवैसी की पार्टी ने हुमायूं कबीर की पार्टी से तोड़ा गठबंधन, बंगाल में अकेले चुनाव लड़ने का एलान
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, एआईएमआईएम ने कहा है कि वह किसी भी पार्टी से गठबंधन नहीं करेगी (फ़ाइल फ़ोटो)
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल
मुसलिमीन (एआईएमआईएम) ने पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव में हुमायूं कबीर की जनता
उन्नयन पार्टी से गठबंधन तोड़ दिया है और अकेले चुनाव लड़ने का एलान किया है.
हुमायूं कबीर तृणमूल कांग्रेस से
निकाले गए नेता हैं. उन्होंने हाल ही में पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में 'बाबरी मस्जिद' के नाम पर एक मस्जिद की नींव रखी थी. इसके बाद वह देशभर में चर्चा में
आए थे. वह अपने बयानों की वजह से भी चर्चा में बने रहते हैं.
पिछले साल दिसंबर महीने में पार्टी
से निष्कासित होने के बाद उन्होंने एक नई पार्टी बनाने की घोषणा की थी.
चार दिसंबर को तृणमूल कांग्रेस ने
हुमायूं कबीर को पार्टी से निष्कासित कर दिया था. पार्टी का कहना था कि वह 'सांप्रदायिक राजनीति' कर रहे हैं.
एआईएमआईएम ने हुमायूं कबीर की पार्टी
से गठबंधन तोड़ने के पीछे की वजह उनके बयान को बताया है.
एआईएमआईएम की ओर से एक्स पर बयान
जारी कर कहा गया, "हुमायूं कबीर के बयानों से पता चलता
है कि बंगाल के मुसलमान कितने असुरक्षित हैं. एआईएमआईएम किसी भी ऐसे बयान से ख़ुद
को नहीं जोड़ सकती है, जिसमें मुसलमानों की साख पर सवाल
उठाया गया हो."
पार्टी ने कहा, "आज से एआईएमआईएम कबीर की पार्टी से अपना गठबंधन
वापस लेती है. बंगाल के मुसलमान सबसे गरीब, उपेक्षित और दबे हुए समुदायों में से एक हैं. दशकों के धर्मनिरपेक्ष
शासन के बावजूद उनके लिए कुछ नहीं किया गया है."
एआईएमआईएम ने यह भी कहा,
"हम बंगाल चुनाव स्वतंत्र रूप से
लड़ेंगे और आगे किसी भी पार्टी के साथ कोई गठबंधन नहीं होगा."
पश्चिम बंगाल में दो चरणों में 23 और
29 अप्रैल को मतदान होना है. चुनावी नतीजे चार मई को जारी किए जाएंगे.
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, हुमायूं कबीर ने दिसंबर में नई पार्टी बनाई थी (फ़ाइल फ़ोटो)
हुमायूं कबीर से जुड़ा क्या है विवाद
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने गुरुवार
को एक्स पर एक वीडियो साझा किया था, जिसको
लेकर दावा किया गया कि इस वीडियो में 'हुमायूं
कबीर अल्पसंख्यकों को गुमराह करने के लिए बीजेपी से एक हज़ार करोड़ रुपये लेने'
की बात कह रहे हैं.
वहीं, इस पर बीजेपी का कहना है कि उनका इस वीडियो से 'कोई लेना-देना नहीं' है.
केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता
सुकांता मजूमदार ने कहा, "हमें
वीडियो के बारे में कुछ पता नहीं है. हुमायूं कबीर का वीडियो है, वही बताएंगे क्या है क्या नहीं है. हुमायूं कबीर
हमारे लिए चिंता का विषय नहीं है. तृणमूल कांग्रेस और बीजेपी के बीच लड़ाई है,
दोनों को लेकर ही बात होनी चाहिए."
इस वीडियो को लेकर हुमायूं कबीर ने
सफाई भी दी है. उन्होंने कहा, "भारत के
प्रधानमंत्री क्या इतने कमज़ोर आदमी हैं कि हुमायूं कबीर को एक हज़ार करोड़ रुपये
दे देंगे?"
अमेरिकी विदेश मंत्री से विक्रम मिसरी की मुलाक़ात, इन मुद्दों पर हुई चर्चा
इमेज स्रोत, X/@USAmbIndia
इमेज कैप्शन, सर्जियो गोर ने यह तस्वीर एक्स पर शेयर की है
भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से मुलाक़ात की है. भारत में अमेरिका के
राजदूत सर्जियो गोर ने एक्स पर पोस्ट कर इस मुलाक़ात की जानकारी दी.
इस मुलाक़ात के दौरान सर्जियो गोर भी
मौजूद रहे. उन्होंने कहा कि अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ यह बैठक 'सार्थक' रही.
सर्जियो गोर ने एक्स पर लिखा,
"व्हाइस हाउस में विक्रम मिसरी आपका
स्वागत है. सेक्रेटरी रुबियो के साथ एक सार्थक बैठक हुई, जिसमें दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों, ख़ासतौर पर व्यापार, अहम खनिज,
रक्षा और क्वाड पर ध्यान केंद्रित किया
गया."
भारतीय विदेश सचिव अमेरिका दौरे पर
हैं. विदेश मंत्रालय के मुताबिक़, विक्रम
मिसरी के इस दौरे के दौरान भारत-अमेरिका द्विपक्षीय संबंधों और विभिन्न मुद्दों पर
चर्चा होनी है.
विक्रम मिसरी का यह दौरान आठ अप्रैल से दस अप्रैल तक चलेगा.
नेतन्याहू बोले- 'इसराइल का लेबनान के साथ कोई संघर्षविराम लागू नहीं'
इमेज स्रोत, Ronen Zvulun / POOL / AFP via Getty
इमेज कैप्शन, नेतन्याहू ने कहा कि इसराइली सेना पूरी ताक़त से हिज़्बुल्लाह के ठिकानों को निशाना बना रही है (फ़ाइल फ़ोटो)
इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन
नेतन्याहू ने कहा है कि इसराइल का लेबनान के साथ किसी भी तरह का 'संघर्षविराम लागू नहीं' है.
इससे पहले उन्होंने एक बयान में कहा
था कि उन्होंने अपनी कैबिनेट को लेबनान से बातचीत के निर्देश दिए हैं.
इसराइल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने
नेतन्याहू का एक वीडियो एक्स पर पोस्ट किया है. इस वीडियो में नेतन्याहू उत्तरी
इसराइल के निवासियों को संबोधित करते नज़र आ रहे हैं.
उन्होंने कहा, "मैं आपको बताना चाहता हूं कि लेबनान में कोई
संघर्षविराम लागू नहीं है. हम पूरी ताक़त से हिज़्बुल्लाह पर हमले जारी रखे हुए
हैं और हम तब तक नहीं रुकेंगे जब तक आपकी सुरक्षा बहाल नहीं कर देते."
इससे पहले प्रधानमंत्री कार्यालय ने
नेतन्याहू का एक अन्य बयान जारी किया.
नेतन्याहू ने कहा, "लेबनान की ओर से इसराइल के साथ सीधे बातचीत शुरू
करने के बार-बार किए गए अनुरोधों को ध्यान में रखते हुए मैंने कल सरकार की बैठक
में निर्देश दिया कि लेबनान के साथ जल्द से जल्द सीधे बातचीत शुरू की जाए."
उन्होंने लेबनान के प्रधानमंत्री की 'बेरूत के निरस्त्रीकरण' की अपील की तारीफ़ करते हुए यह भी कहा, "यह बातचीत हिज़्बुल्लाह के हथियार छोड़ने और इसराइल और लेबनान के बीच
शांतिपूर्ण संबंध स्थापित करने पर केंद्रित होगी."
लेबनान पर इसराइली हमले जारी, जवाब में हिज़्बुल्लाह ने भी दागीं मिसाइलें
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, इसराइली सेना का कहना है कि उसने 'आतंकवादी ठिकानों' को निशाना बनाया है
दक्षिण लेबनान के शहर चौकिन का एक
गाँव इसराइली हमलों की वजह से मलबे में बदल गया है. वहाँ से कुछ तस्वीरें सामने आई
हैं, जो इसकी पुष्टि करती हैं.
इससे पहले इसराइली एयर फ़ोर्स ने
एक्स पर एक पोस्ट में कहा था कि वह इलाक़े में "आतंकवादी ठिकानों" को
निशाना बनाएगी.
पोस्ट में कहा गया, "एयर फ़ोर्स ने कुछ समय पहले लेबनान में आतंकवादी
संगठन हिज़्बुल्लाह के लॉन्च साइट्स पर हमला शुरू कर दिया है."
लेबनान के सरकारी मीडिया ने सोशल
मीडिया पर बताया कि लड़ाकू विमानों ने कई अन्य शहरों को भी निशाना बनाया है. इन
हमलों में कई लोग घायल हुए हैं और आम लोगों के घर तबाह हो गए हैं.
इस बीच हिज़्बुल्लाह ने भी इसराइल पर जवाबी हमले किए हैं. हिज़्बुल्लाह ने एक बयान जारी कर उत्तरी इसराइल में रॉकेट
हमले की पुष्टि की है.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, इसराइली हमलों में कई घर तबाह हुए हैं
हिज़्बुल्लाह समर्थक टेलीविज़न चैनल अल-मनार की ओर से साझा किए गए एक बयान में हिज़्बुल्लाह ने इस हमले की ज़िम्मेदारी ली है.
इसमें कहा गया है कि हाइफ़ा शहर को "एडवांस्ड मिसाइलों से" निशाना बनाया गया. यह भी कहा गया कि समूह ने ऐसा इसलिए किया क्योंकि उसने "संघर्षविराम का पालन किया", जबकि "दुश्मन ने नहीं किया".
हिज़्बुल्लाह से जुड़े एक अलग बयान में यह भी कहा गया है कि उसने लेबनान के शहर बिंत जबैल में इसराइली सैनिकों पर रॉकेट दागे. इस पर आईडीएफ़ ने कोई टिप्पणी नहीं की है.
उधर, इसराइल की आपात सेवाओं ने कहा था कि वह उत्तरी इसराइल पर किए गए एक हमले का जवाब दे रही हैं. इसराइली मीडिया ने रिपोर्ट किया कि हाइफ़ा इलाक़े में सायरन बजे थे.
रॉयटर्स के अनुसार, इसराइल के तेल अवीव में एयर रेड सायरन बजे.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, इसराइली हमलों में कई लोगों के घायल होने की ख़बर है
ईरानी मीडिया ने बताया, 'अली ख़ामेनेई के सलाहकार रहे पूर्व विदेश मंत्री की मौत', ग़ोंचेह हबीबीज़ाद, बीबीसी पर्शियन
इमेज स्रोत, Ramin Talaie/Corbis via Getty
इमेज कैप्शन, कमाल ख़राज़ी को ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अली ख़ामेनेई के सलाहकार के तौर पर जाना जाता था (फ़ाइल फ़ोटो)
ईरान के मीडिया संस्थानों की
रिपोर्ट्स में कहा गया है कि देश के पूर्व विदेश मंत्री कमाल ख़राज़ी की मौत हो गई
है.
रिपोर्ट्स में कहा गया कि इस महीने की शुरुआत में हुए एक हमले में वो घायल हो गए थे.
ख़राज़ी को ईरान की सियासत में एक
सुधारवादी नेता, देश की स्ट्रैटेजिक काउंसिल ऑन
फ़ॉरेन रिलेशंस के प्रमुख और दिवंगत सुप्रीम लीडर अली ख़ामेनेई के सलाहकार के तौर
पर जाना जाता था.
उन्होंने 1997 से 2005 तक ईरान के
विदेश मंत्री के रूप में काम किया.
ईरान की सुधारवादी समर्थक जामरान
न्यूज़ वेबसाइट ने एक अप्रैल को रिपोर्ट किया था कि कमाल ख़राज़ी एक हमले के बाद
"गंभीर रूप से घायल हो गए थे और अस्पताल में भर्ती थे".
इस रिपोर्ट के अनुसार उस हमले में
उनकी पत्नी की मौत हो गई थी. जामरान ने यह भी बताया था कि तेहरान में ख़राज़ी के
घर को निशाना बनाया गया था.
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, 'होर्मुज़ को लेकर ईरान ये ठीक नहीं कर रहा है'
इमेज स्रोत, Brendan SMIALOWSKI / AFP via Getty
इमेज कैप्शन, ट्रंप ने एक अन्य पोस्ट में होर्मुज़ स्ट्रेट में ईरान के 'शुल्क वसूलने' से जुड़ा भी बयान दिया (फ़ाइल फ़ोटो)
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का
कहना है कि ईरान होर्मुज़ स्ट्रेट से तेल टैंकरों को गुज़रने देने के मामले में 'बहुत ख़राब काम कर रहा' है.
उन्होंने यह भी कहा कि यह अमेरिका और
ईरान के बीच हुए 'समझौते के मुताबिक़ नहीं' है.
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में
लिखा, "ईरान होर्मुज़ स्ट्रेट से तेल को
गुज़रने देने के मामले में बहुत ख़राब काम कर रहा है, कुछ लोग कहेंगे कि यह सम्मानजनक नहीं है. यह वह समझौता नहीं है जो
हमारे बीच हुआ था."
इससे कुछ देर पहले एक अन्य पोस्ट में
ट्रंप ने कुछ रिपोर्ट्स का हवाला देते हुए कहा था कि ईरान को होर्मुज़ से गुज़रने
वाले टैंकरों से 'शुल्क नहीं लेना चाहिए'.
उन्होंने कहा, "रिपोर्ट्स हैं कि ईरान होर्मुज़ स्ट्रेट से
गुज़रने वाले टैंकरों से शुल्क ले रहा है. उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए और अगर वे
ऐसा कर रहे हैं, तो उन्हें तुरंत इसे बंद कर देना
चाहिए."
नमस्कार!
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर
आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम
ख़बरें पहुंचाऊंगा.