पुतिन के साथ मुलाक़ात : ट्रंप बोले- अच्छी शुरुआत

इमेज स्रोत, AFP

अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने कहा है कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के साथ हेलसिंकी में उनकी मुलाक़ात 'एक अच्छी शुरुआत है.'

दोनों नेताओं के बीच बंद दरवाज़ों के पीछे करीब दो घंटे तक बातचीत हुई. इसके बाद दोनों नेता अपने वरिष्ठ सलाहकारों के साथ 'वर्किंग लंच' के लिए रवाना हुए.

इसके पहले पुतिन ने कहा था कि ये वक़्त 'मुश्किल बहुराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा' करने का है.

हेलसिंकी में बातचीत के शुरू होने के पहले दोनों नेताओं ने एक-दूसरे से हाथ मिलाया. ट्रंप ने रूस के राष्ट्रपति पुतिन को वर्ल्ड कप फ़ुटबॉल के सफल आयोजन के लिए भी बधाई दी.

इमेज स्रोत, Reuters

वर्ल्ड कप आयोजन के लिए बधाई

ट्रंप ने कहा, "मैं आपको वाक़ई उम्दा वर्ल्ड कप फ़ुटबॉल, अब तक के सर्वश्रेष्ठ आयोजनों में एक, के लिए बधाई देता हूं."

इस बातचीत के पहले बीते शुक्रवार को अमरीका ने रूस के 12 ख़ुफिया अधिकारियों पर हैकिंग का अभियोग लगाया था. उन पर 2016 के राष्ट्रपति चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन के प्रचार अभियान में साइबर हमला करने का आरोप लगाया गया है.

इसके बाद अमरीका के कई नेताओं ने डोनल्ड ट्रंप से कहा था कि वो पुतिन के साथ शिखर वार्ता रद्द कर दें.

'अमरीकी बेवकूफियों से तनाव'

वहीं, ट्रंप ने शिखर वार्ता के पहले ट्विटर पर लिखा कि उनके देश के रूस के साथ 'संबंध पहले कभी इतने ख़राब नहीं रहे'. उन्होंने इसके लिए अमरीकी नेताओं को जिम्मेदार ठहराया.

अमरीकी राष्ट्रपति ने एक ट्विटर संदेश में अपने पूर्ववर्तियों की "बेवकूफी" और 2016 के चुनावों में रूस के कथित दखल की "धांधलीभरी" जांच की निंदा की.

ट्रंप पर पुतिन के साथ बातचीत में हैकिंग मामले को उठाने का दबाव है लेकिन इस बातचीत के लिए कोई तय एजेंडा नहीं है.

इमेज स्रोत, Reuters

अमरीकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा है कि उनकी बातचीत में व्यापार, सेना और चीन समेत हर मुद्दे पर चर्चा होगी.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)