ट्रंप का यू-टर्न, 'वन चाइना' नीति का किया समर्थन
इमेज स्रोत, Reuters
अमरीका के व्हाइट हाउस के एक प्रवक्ता का कहना है कि राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ टेलीफ़ोन पर हुई बातचीत के दौरान 'वन चाइना' नीति का सम्मान करने का भरोसा दिया है.
20 जनवरी को ट्रंप के पदभार संभालने के बाद दोनों राष्ट्र प्रमुखों के बीच हुई यह पहली बातचीत थी.
इमेज स्रोत, EPA
राष्ट्रपति चुने जाने के बाद ट्रंप ने फ़ोन पर ताइवान की राष्ट्रपति साइ इंग वेन से बातचीत की थी. चीन ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई थी.
ताइवान ख़ुद को चीन से अलग देश मानता है, जबकि बीजिंग उसे चीन का अभिन्न हिस्सा मानता है. 'वन चाइना' नीति के तहत ताइवान को राजनयिक मान्यता नहीं दी जाती है. यह माना जाता है कि एक ही चीन है और उसकी राजधानी बीजिंग है.
इंग वेन से बात करने के बाद ट्रंप ने टेलीविज़न चैनल फ़ॉक्स न्यूज़ को दिए साक्षात्कार में कहा था कि अमरीका को 'वन-चाइना' पॉलिसी से बंधकर नहीं रहना चाहिए.
इमेज स्रोत, AFP
व्हाइट हाउस के प्रवक्ता के अनुसार ट्रंप और जिनपिंग के बीच कई मुद्दों पर बातचीत हुई. उन्होंने इसे 'काफ़ी दोस्ताना भरा' बताया.
दोनों नेताओं ने एक दूसरे को अपने देश आने का न्योता दिया और आगे भी बातचीत करते रहने की उम्मीद जताई.
चीन की सरकार ने एक बयान जारी कर 'एक चीन' नीति का सम्मान करने के लिेए ट्रंप की तारीफ़ की है.
बयान में कहा गया है कि "दोनों देश एक दूसरे का सहयोग करने वाले साझेदार हैं, और साझे प्रयास से हम दोतरफा रिश्तों को नई ऐतिहासिक ऊंचाई दे सकते हैं."
टेलीफ़ोन पर हुई इस बातचीत के पहले ट्रंप ने शी जिनपिंग को एक चिट्ठी लिखी थी.
टॉप स्टोरी
ज़रूर पढ़ें
सबसे अधिक लोकप्रिय
सामग्री् उपलब्ध नहीं है