'अम्मा' से तीन गुना अमीर है एक प्रत्याशी

करुणानीधि

इमेज स्रोत, Reuters

तमिलनाडु विधानसभा के लिए 16 मई को मतदान होगा. राज्य में विधानसभा की कुल 234 सीटें हैं.

इन सीटों पर 3,785 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. इनमें महिला उम्मीदवारों की संख्या 320 है, जबकि दो किन्नर उम्मीदवार भी मैदान में हैं.

तमिलनाडु की राजनीति का फ़िल्मी कनेक्शन इस चुनाव में भी साफ़ नज़र आ रहा है. मुख्यमंत्री जे जयललिता, राधाकृष्णन नगर से चुनाव लड़ रहीं हैं.

ख़ुद फ़िल्मों की अदाकारा रहीं जयललिता तमिल फिल्मों के सुपरस्टार एम जी रामाचंद्रन द्वारा स्थापित राजनीतिक दल की सुप्रीमो हैं. चुनाव आयोग में दायर हलफ़नामे में उन्होंने अपनी चल-अचल संपत्ति 113.73 करोड़ रुपए बताई है.

वहीं डीएमके अध्यक्ष एम करुणानिधि तिरुवरुर से लड़ रहे हैं. करुणानिधि तमिल फ़िल्मों के स्क्रिप्ट राइटर रहे हैं और उनके परिवार के लोग फ़िल्मों में काम करते रहे हैं. उन्होंने हलफ़नामे में 13.42 करोड़ रुपए की संपत्ति की घोषणा की है.

डीएमडीके के संस्थापक विजयकांत उलुंदुरपेट्टई से लड़ रहे हैं. कैप्टन विजयकांत तमिल फ़िल्मों के हीरो रहे हैं. बड़े परदे से राजनीति का रुख़ करने के बाद उन्होंने अपनी पार्टी बना ली.

इमेज स्रोत, Vasantha.tv

विजयकांत ने अपने हलफ़नामे में अपनी संपत्ति का ब्योरा 19.37 करोड़ रुपए घोषित किया है. उन्होंने ख़ुद पर 4.81 करोड़ रुपए का बैंक ऋण भी बताया है.

चुनाव आयोग को दिए गए हलफ़नामे के अनुसार नंगूनेरी विधानसभा सीट से लड़ने वाले कांग्रेस के एच वसंत कुमार सबसे अमीर प्रत्याशी हैं.

उन्होंने अपनी चल-अचल संपत्ति 332.27 करोड़ रुपए बताई है. साथ ही उन्होंने ख़ुद पर 122.53 करोड़ रुपए का बैंक ऋण भी बताया है.

राधाकृष्णन नगर निर्वाचन क्षेत्र से सबसे ज़्यादा 45 उम्मीदवार मैदान में हैं. वहीं पीएमके के अंबुमणि रामदॉस पेन्नागाराम से चुनाव लड़ रहे हैं.

अन्नाद्रमुक का कई छोटी पार्टियों के साथ गठबंधन है. लेकिन सभी, 234 विधानसभा सीटों पर अन्नाद्रमुक के चुनाव चिन्ह 'दो पत्तियां' पर ही लड़ेंगे.

इमेज स्रोत,

द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) ने कांग्रेस, दो मुस्लिम पार्टियों, एक दलित पार्टी और कई छोटी पार्टियों के साथ हाथ मिलाया है.

भाजपा का गठबंधन बड़े क्षेत्रीय दलों से नहीं हो पाया है. कुछ छोटे दलों से उनका गठबंधन ज़रूर हुआ मगर उन दलों का उतना प्रभाव नहीं है.

अंबुमणि रामदॉस की पीएमके अकेले लड़ रही है.

अभिनेता विजयकांत की डीएमडीके ने दो वाम पार्टियों, वीसीके, एमडीएमके और तमिल मनीला कांग्रेस के साथ गठबंधन किया है.

चुनाव के दौरान भ्रष्टाचार बड़ा मुद्दा है जिसे लेकर क्षेत्रीय और राष्ट्रीय दल अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों को घेरने की कोशिश कर रहे हैं.

तमिलनाडु में अमूमन मुफ़्त सौगातों ने कई बार राजनीतिक दलों का चुनावी भविष्य तय किया है. चुनावों के दौरान आम मतदाता की नज़र इन मुफ़्त सौगातों पर रहती है.

इससे पहले के चुनावों में धोती, साड़ी के अलावा राजनीतिक दलों ने ग्राइंडर से लेकर मिक्सी और फ़्रिज तक मतदाताओं को मुफ़्त में बांटा है.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> कर सकते हैं. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)