लाइव, ट्रंप ने बताया ईरान से अमेरिकी वायु सैनिक को कैसे निकाला गया

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान के अंदर पहाड़ी इलाके़ से एक घायल एफ़-15 क्रू सदस्य को सुरक्षित निकाल लिया गया है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह और इफ़्तेख़ार अली

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, ट्रंप ने बताया ईरान से अमेरिकी वायु सैनिक को कैसे निकाला गया

    ट्रंप

    इमेज स्रोत, EPA

    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने बताया है कि यह अधिकारी एक सम्मानित कर्नल हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान के अंदर पहाड़ी इलाके़ से एक घायल एफ़-15 क्रू सदस्य को सुरक्षित निकाल लिया गया है.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, "यह अधिकारी एक सम्मानित कर्नल हैं और उन्हें ऐसे समय में बचाया गया जब ईरानी सेना बड़ी संख्या में उनकी तलाश कर रही थी और क़रीब पहुंच रही थी."

    ट्रंप के मुताबिक़, इस तरह के अभियान काफ़ी जोखिम भरे होते हैं और आमतौर पर कम ही किए जाते हैं.

    उन्होंने कहा, "दूसरा रेस्क्यू मिशन पहले के बाद चलाया गया, जिसमें पायलट को दिन के उजाले में बचाया गया और इसके लिए सात घंटे तक ईरान के ऊपर ऑपरेशन चला."

    अमेरिकी राष्ट्रपति ने इस रेस्क्यू मिशन को 'बहादुरी और कौशल का अद्भुत प्रदर्शन' बताया.

    ट्रंप ने कहा कि वह इस मामले पर सोमवार को ओवल ऑफ़िस में सेना के साथ प्रेस कॉन्फ़्रेंस करेंगे.

  2. ऊर्जा सुविधाओं पर ड्रोन हमलों से कुवैत को 'काफ़ी नुक़सान'

    कु़वैत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन (केपीसी)

    इमेज स्रोत, Stringer/Anadolu via Getty Images

    इमेज कैप्शन, कुवैत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन (केपीसी) के मुख्यालय पर हुए हमले के बाद की तस्वीर

    कुवैत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन ने कहा है कि उसके कुछ ठिकानों को ईरान के ड्रोन हमलों में निशाना बनाया गया है, जिससे आग लग गई और 'भारी नुक़सान' हुआ है.

    सरकारी बयान के मुताबिक़, राहत टीमें आग पर काबू पाने और उसे फैलने से रोकने में जुटी हैं. हालांकि, हमले की सटीक जगह का खुलासा नहीं किया गया है.

    इन हमलों में किसी के हताहत होने की ख़बर नहीं है.

    यह घटना खाड़ी क्षेत्र के अन्य हिस्सों, जैसे बहरीन में पेट्रोकेमिकल और ऊर्जा ठिकानों पर हुए हमलों के बाद सामने आई है.

  3. इसराइल ने लेबनान के इन इलाक़ों पर की बमबारी

    लेबनान

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, लेबनान के घोबेरी में धुएं का ग़ुबार उठता हुआ

    इसराइली सेना का कहना है कि उसने लेबनान की राजधानी बेरूत के दक्षिणी इलाक़ों में हिज़बुल्लाह के ठिकानों पर नए हमले किए हैं.

    इससे पहले वहां के लोगों को तुरंत इलाक़ा खाली करने की चेतावनी दी गई थी.

    वहीं, ईरान समर्थित संगठन हिज़बुल्लाह ने दावा किया है कि उसने उत्तरी इसराइल की ओर मिसाइलें दाग़ी हैं.

    हालांकि इसराइली मीडिया के मुताबिक़, आईडीएफ़ ने दाग़ी गईं मिसाइलों को रोक लिया है.

    यह ताज़ा तनाव उस घटना के कुछ घंटों बाद बढ़ा है, जब हिज़बुल्लाह ने कहा था कि उसने रात में लेबनान के तट के पास एक इसराइली युद्धपोत पर मिसाइल से हमला किया.

    हालांकि, इसराइली मीडिया के मुताबिक़ आईडीएफ़ ने कहा है कि उसे ऐसे किसी हमले की जानकारी नहीं है.

  4. अमेरिकी रेस्क्यू मिशन को ईरान ने बताया 'नाकाम', ट्रंप को लेकर कही ये बात, ग़ोंचेह हबीबीआज़ाद, बीबीसी फ़ारसी

    एफ़-15 लड़ाकू विमान

    इमेज स्रोत, Islamic Revolutionary Guard Corps/Anadolu via Getty Images

    इमेज कैप्शन, 5 अप्रैल को ईरान में क्रैश हुए एफ़-15 लड़ाकू विमान के मलबे और अवशेषों का नज़ारा

    ईरान के अधिकारी और सरकारी मीडिया अमेरिकी रेस्क्यू मिशन को अलग अंदाज़ में पेश कर रहे हैं.

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर दावा किया है कि अमेरिका ने 'इतिहास के सबसे साहसी सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशनों में से एक' को अंजाम दिया है.

    वहीं, ख़ातम अल-अनबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर के प्रवक्ता ने इस मिशन को 'नाकाम' बताया है.

    उन्होंने कहा, "दुश्मन की अपने गिराए गए पायलट को बचाने की कोशिश अल्लाह की मदद और ईरानी बलों की कार्रवाई की वजह से विफल रही."

    रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि इस ऑपरेशन के दौरान अमेरिकी और ईरानी सैनिकों के बीच मुठभेड़ हुई.

    आईआरजीसी ने आरोप लगाया कि ट्रंप 'भारी हार छिपाने' के लिए इस ऑपरेशन को सफलता बता रहे हैं.

    ईरानी सरकारी टीवी ने भी इसी तरह का रुख़ अपनाया और इस घटना की तुलना ऑपरेशन ईगल क्लॉ से की, जो 1980 में ईरान के तबास में हुआ एक असफल अमेरिकी रेस्क्यू मिशन था.

  5. ईरान के इस इलाके़ में हमले से कई लोगों की मौत की ख़बर, ग़ोंचेह हबीबीआज़ाद, बीबीसी फ़ारसी

    28 मार्च की रात शहर में विस्फोटों की ख़बर के बाद तेहरान के ऊपर धुएं का एक बड़ा गुबार उठता हुआ दिखा (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, 28 मार्च की रात शहर में विस्फोटों की ख़बर के बाद तेहरान के ऊपर धुएं का एक बड़ा ग़ुबार उठता हुआ दिखा (फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरान के दक्षिणी कोहगिलुयेह और बोयरअहमद प्रांत में हमलों के बाद कई आम नागरिकों के मारे जाने की ख़बर है.

    स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक़, बोयरअहमद काउंटी के गवर्नर अब्बास बेहेश्ती ने बताया कि कुह सियाह इलाके़ पर हुए हमलों में पांच लोगों की मौत हुई है और आठ लोग घायल हुए हैं.

    बेहेश्ती ने सरकारी समाचार एजेंसी इरना से कहा कि इसी प्रांत के काकान और वेज़ग इलाक़ों पर भी रात में ड्रोन के ज़रिए हमला किया गया.

    उनके अनुसार, काकान में दो लोगों की और वेज़ग में तीन लोगों की जान गई.

  6. एफ़-15 के दूसरे अफ़सर का पता कैसे लगाया गया होगा? अमेरिकी सेना के पूर्व अधिकारी ने बताया

    ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टर

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, 8 मार्च को ली गई ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टर की तस्वीर

    अमेरिकी सेना के पूर्व वरिष्ठ अधिकारी विलियम फ़ालन ने बताया है कि अमेरिका को दूसरे बचाए गए एयरमैन का पता कैसे चला होगा.

    बीबीसी वर्ल्ड सर्विस के वीकेंड कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि आमतौर पर दो सीट वाले लड़ाकू विमान में दोनों पायलट ज़मीन पर गिरने के बाद एक-दूसरे से ज़्यादा दूर नहीं होते.

    उनके मुताबिक़, इसी वजह से अमेरिकी बलों को एयरमैन की लोकेशन का 'काफ़ी अच्छा अंदाज़ा' रहा होगा.

    फ़ालन ने यह भी कहा कि रेस्क्यू मिशन में 'रात का समय' फ़ायदेमंद रहा होगा, क्योंकि अमेरिकी बल रात में ऑपरेशन करने के आदी होते हैं.

    उन्होंने यह भी कहा कि दुश्मन इलाके़ में उड़ान भरते समय हर पायलट को इस बात के लिए तैयार रहना पड़ता है कि वही निशाना बन सकता है.

  7. राहुल गांधी ने हिमंत बिस्वा सरमा को 'सबसे भ्रष्ट और नफ़रत फैलाने वाला मुख्यमंत्री' बताया

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, राहुल गांधी ने असम की रैली में हिमंत बिस्वा सरमा पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं

    लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को 'सबसे भ्रष्ट और नफ़रत फैलाने वाला सीएम' बताया है.

    राहुल गांधी ने यह टिप्पणी असम में एक चुनावी रैली के दौरान की.

    कांग्रेस नेता ने कहा, "हिंदुस्तान का सबसे भ्रष्ट, सबसे ज़्यादा नफ़रत फैलाने वाला, सबसे ज़्यादा उल्टी-सीधी बात करने वाला चीफ़ मिनिस्टर असम का है."

    राहुल गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि हिमंत बिस्वा सरमा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 'कंट्रोल' कर रखा है.

    उन्होंने कहा, "नरेंद्र मोदी को डोनाल्ड ट्रंप ने कंट्रोल कर रखा है और आपके (असम के) मुख्यमंत्री को नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने कंट्रोल कर रखा है. इनके (हिमंत बिस्वा सरमा) भ्रष्टाचार की पूरी जानकारी नरेंद्र मोदी और अमित शाह के पास है."

    राहुल गांधी ने दावा किया, "असम को दिल्ली से चलाया जाता है. जो नरेंद्र मोदी और अमित शाह कहते हैं वही ये (हिमंत बिस्वा सरमा) करते हैं."

    असम में नौ अप्रैल को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होने हैं. इसके नतीजे चार मई को जारी किए जाएंगे.

  8. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  9. राघव चड्ढा ने नया वीडियो जारी करते हुए आम आदमी पार्टी के नेताओं पर अब क्या कहा

    राघव चड्ढा

    इमेज स्रोत, Sonu Mehta/Hindustan Times via Getty

    इमेज कैप्शन, राघव चड्ढा इससे पहले भी दो अलग-अलग वीडियो जारी कर चुके हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    पंजाब से आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने सोशल मीडिया पर एक नया वीडियो शेयर किया है. इसमें उनकी ओर से राज्यसभा में उठाए गए पंजाब से जुड़े मुद्दों का ज़िक्र है.

    दरअसल, आम आदमी पार्टी ने राघव चड्ढा को राज्यसभा में पार्टी के डिप्टी लीडर के पद से हटा दिया है.

    इसके साथ ही आम आदमी पार्टी के कई नेताओं ने वीडियो जारी कर राघव चड्ढा पर आरोप लगाया कि वह राज्यसभा में पंजाब से जुड़े मुद्दे नहीं उठाते.

    उन पर ये आरोप भी लगाए गए हैं कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी सरकार से कोई भी सवाल नहीं करते.

    इस पर राघव चड्ढा ने रविवार को एक वीडियो जारी करते हुए कहा, "(यह वीडियो) मेरे उन सहयोगियों के नाम, जिन्हें यह कहते हुए वीडियो जारी करने के लिए मजबूर किया गया कि 'राघव चड्ढा पंजाब के मुद्दे संसद में उठाने में नाकाम रहे'."

    उन्होंने लिखा, "यह एक छोटा सा ट्रेलर है… पिक्चर अभी बाकी है."

    इससे पहले भी राघव चड्ढा दो अलग-अलग वीडियो जारी कर अपने ऊपर लगे आरोपों पर सफाई दे चुके हैं.

  10. ईरानी ड्रोन ने कुवैत और बहरीन के ऊर्जा ठिकानों को बनाया निशाना

    कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट के फ़्यूल टैंक पर ईरानी ड्रोन से हमला

    इमेज स्रोत, Stringer/Anadolu via Getty

    इमेज कैप्शन, बीते दिनों कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट के फ़्यूल टैंक पर भी ईरानी ड्रोन से हमला हुआ था (1 अप्रैल, 2026 की तस्वीर)

    बीबीसी फ़ारसी सेवा के मुताबिक़, बहरीन की बीएपीसीओ एनर्जी ने रविवार को कहा कि ईरानी हमले के बाद उसके स्टोरेज के एक टैंक में आग लग गई.

    कंपनी के अनुसार, हमले में किसी के हताहत होने की कोई ख़बर नहीं है. कंपनी ने कहा कि आग पर काबू पा लिया गया है और नुक़सान का आकलन किया जा रहा है.

    बीएपीसीओ एनर्जी बहरीन की सबसे बड़ी तेल कंपनियों में से एक है.

    इससे पहले बीबीसी फ़ारसी ने रिपोर्ट किया था कि कुवैत की सरकार ने कहा है कि ईरानी ड्रोन हमले में उसके दो बिजली संयंत्र और एक डिसैलिनेशन प्लांट (पानी साफ़ करने वाला प्लांट) क्षतिग्रस्त हो गया है.

    बयान में यह भी कहा गया है कि ये संयंत्र अब बंद हैं.

    इससे पहले हुए हमलों में कुवैत के एक सरकारी दफ़्तर के परिसर को काफ़ी नुक़सान पहुंचा था और कुवैत के पेट्रोलियम मंत्रालय में आग लग गई थी.

  11. जिस इलाक़े में लापता अमेरिकी एयरमैन के होने की थी आशंका, वहाँ हमलों में चार की मौत- ईरानी मीडिया

    अमेरिकी एफ़-15ई लड़ाकू विमान

    इमेज स्रोत, aviation-images.com/Universal Images Group via Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी एफ़-15ई लड़ाकू विमान को शुक्रवार को ईरान ने मार गिराया था (सांकेतिक तस्वीर)

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एफ़-15ई लड़ाकू विमान के लापता क्रू सदस्य को बचाए जाने की आधिकारिक पुष्टि कर दी है.

    इससे पहले ईरानी सरकारी मीडिया ने रिपोर्ट किया कि जिस इलाक़े में अमेरिकियों के होने की आशंका थी, वहाँ कम से कम चार लोगों की मौत हुई है.

    इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) से जुड़ी तस्नीम न्यूज़ एजेंसी ने पहले एक स्थानीय गवर्नर के हवाले से कहा था कि दक्षिण-पश्चिम ईरान के कोहगिलुयेह और बोयर-अहमद प्रांत के एक पहाड़ी इलाक़े में हुए हमलों में कम से कम तीन लोग मारे गए.

    गवर्नर ने इन हमलों के लिए अमेरिका और इसराइल को ज़िम्मेदार ठहराया.

    इसके बाद प्रांत के उप-गवर्नर फत्ताह मोहम्मदी ने स्थानीय ईरानी मीडिया से कहा कि मरने वालों की संख्या बढ़कर चार हो गई है.

    यह स्पष्ट नहीं है कि ये हमले लापता अमेरिकी एयरमैन के रेस्क्यू अभियान से जुड़े थे या नहीं.

  12. ईरान का दावा, लापता एयरमैन की तलाश के दौरान अमेरिकी ड्रोन मार गिराया गया

    अमेरिकी एफ़-15ई लड़ाकू विमान

    इमेज स्रोत, CHRIS RADBURN/AFP via Getty

    इमेज कैप्शन, ईरान ने शुक्रवार को अमेरिकी एफ़-15ई लड़ाकू विमान को मार गिराया था (सांकेतिक तस्वीर)

    अमेरिका ने दावा किया है उसने ईरान में गिराए गए अमेरिकी एफ़-15ई लड़ाकू विमान के दूसरे क्रू सदस्य को खोज निकाला है.

    सबसे पहले अमेरिकी मीडिया ने यह दावा किया. इसके बाद थोड़ी देर बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी ऐसा ही दावा किया.

    इस बीच ईरानी मीडिया रिपोर्ट्स में इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) के प्रवक्ता के हवाले से कहा गया है कि ईरान की सेना ने लापता एयरमैन की तलाश कर रहे एक अमेरिकी ड्रोन को मार गिराया है.

    आईआरजीसी के जनसंपर्क कार्यालय के हवाले से सरकारी न्यूज़ एजेंसी फ़ार्स और आईआरजीसी से जुड़े तस्नीम न्यूज़ एजेंसी ने कहा कि यह अमेरिकी ड्रोन ईरान के दक्षिणी इस्फ़हान प्रांत में गिरा.

    ईरान के इन दावों पर अब तक अमेरिका की तरफ़ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.

  13. ईरान में एफ़-15 के क्रू सदस्य को निकालने के दौरान अमेरिकी और ईरानी सेना के बीच हुई 'झड़प', बर्न्ड डेबुसमैन जूनियर, व्हाइस हाउस संवाददाता

    अमेरिकी सेना

    इमेज स्रोत, Jung Yeon-je / AFP via Getty

    इमेज कैप्शन, (सांकेतिक तस्वीर)

    अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, ईरान में मार गिराए गए अमेरिकी एफ़-15 लड़ाकू विमान के दूसरे क्रू सदस्य को भी बचा लिया गया है.

    इसके थोड़ी देर बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी एलान किया कि अमेरिकी एफ़-15 लड़ाकू विमान के लापता क्रू सदस्य को रेस्क्यू कर लिया गया है.

    यह रेस्क्यू ऑपरेशन किन परिस्थितियों में हुआ, अभी यह स्पष्ट नहीं है. मगर अभियान से जुड़े एक व्यक्ति ने इसे दक्षिणी ईरान में 'बहुत बड़ा' कॉम्बैट सर्च एंड रेस्क्यू मिशन बताया.

    बीबीसी को मिली जानकारी के मुताबिक़, रेस्क्यू के दौरान अमेरिकी और ईरानी सेना के बीच झड़प हुई थी और यह भी संभावना है कि पायलट विमान से बाहर निकलते समय ही घायल हो गया हो.

  14. इसराइल ने सीरिया-लेबनान सीमा के अहम क्रॉसिंग के पास हमले की चेतावनी दी

    मसना क्रॉसिंग

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, मध्य-पूर्व में संघर्ष शुरू होने के बाद से मसना क्रॉसिंग के ज़रिए 2 लाख से ज़्यादा लोग लेबनान से सीरिया में दाख़िल हुए हैं

    इसराइल ने कहा है कि वह 'निकट भविष्य' में लेबनान और सीरिया के बीच मसना सीमा क्रॉसिंग के पास हमला करने की योजना बना रहा है.

    इसराइल डिफेंस फ़ोर्सेज़ (आईडीएफ़) के प्रवक्ता अविचाय अद्राई ने आरोप लगाया है कि ईरान समर्थित हिज़्बुल्लाह इस क्रॉसिंग का इस्तेमाल 'सैन्य उद्देश्यों' के लिए कर रहा है.

    लेबनान की पूर्वी सीमा पर सीरिया से सटा यह क्रॉसिंग दोनों देशों के बीच यात्रा करने वालों के लिए एक अहम रास्ता है.

    इस हफ़्ते की शुरुआत में संयुक्त राष्ट्र की रिफ़्यूजी एजेंसी ने कहा था कि युद्ध शुरू होने के बाद से 2 लाख से ज़्यादा लोग लेबनान से सीरिया में दाख़िल हुए हैं और मसना सबसे व्यस्त आधिकारिक क्रॉसिंग में से एक के रूप में 'चौबीसों घंटे' काम कर रहा है.

  15. राजस्थान रॉयल्स के तुषार देशपांडे ने गुजरात के ख़िलाफ़ ऐसा क्या किया, जिसकी हो रही है चर्चा

    तुषार देशपांडे

    इमेज स्रोत, BIJU BORO/AFP via Getty

    इमेज कैप्शन, राजस्थान रॉयल्स ने गुजरात टाइटंस के सामने 211 रन का लक्ष्य रखा था (फ़ाइल फ़ोटो)

    इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के नौवें मैच में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) ने गुजरात टाइटंस (जीटी) को छह रन से हरा दिया है.

    मैच के बाद सबसे ज़्यादा चर्चा आरआर के तेज़ गेंदबाज़ तुषार देशपांडे की हो रही है. वह इस समय ट्रेंड भी कर रहे हैं.

    दरअसल, इस मैच में आरआर ने जीटी के सामने जीत के लिए 211 रन का लक्ष्य रखा था. गुजरात की टीम लक्ष्य के क़रीब भी पहुँची लेकिन आख़िरी के दो ओवरों में राजस्थान के गेंदबाज़ों ने बाजी पलट दी.

    गुजरात को मैच जीतने के लिए आख़िर के दो ओवरों में 15 रन की ज़रूरत थी. लेकिन 19वें ओवर में महज़ चार रन देकर मैच में रोमांच ला दिया.

    इसके बाद गुजरात टाइटंस को आख़िर ओवर में जीत के लिए 11 रन बनाने थे. लेकिन राजस्थान के तुषार देशपांडे ने किफ़ायती गेंदबाज़ी करते हुए मैच जिता दिया.

    तुषार ने 20वें ओवर में महज़ चार रन ख़र्चे. इसके बाद से सोशल मीडिया पर उनकी काफ़ी तारीफ़ हो रही है.

    मैच के बाद पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर इरफ़ान पठान ने एक्स पर लिखा, "बहुत बढ़िया तुषार देशपांडे."

    वहीं हरभजन सिंह ने कहा, "जोफ़्रा आर्चर और तुषार देशपांडे के आख़िर के दो ओवर बेहतरीन रहे."

    जतिन सप्रू ने भी तुषार देशपांडे की तारीफ़ की और कहा, "तुषार देशपांडे का आख़िरी ओवर लाजवाब था. डेथ ओवर्स में उन्हें कई बार मुश्किलों का सामना करना पड़ा है, लेकिन उन्होंने कप्तान के भरोसे को सही साबित किया."

    स्कोर:

    राजस्थान रॉयल्स: 210/6 (20 ओवर)

    गुजरात टाइटंस: 204/8 (20 ओवर)

  16. ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने इसराइल की ओर दागी मिसाइल

    यमन से इसराइल की ओर दागी गई मिसाइल

    इमेज स्रोत, Wisam Hashlamoun/Anadolu via Getty

    इमेज कैप्शन, यमन से इसराइल की ओर दागी गई मिसाइल के वेस्ट बैंक के हेब्रोन शहर के ऊपर देखी गई थी (28 मार्च की तस्वीर)

    यमन में ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों का कहना है कि उन्होंने इसराइल की ओर एक मिसाइल हमला किया है.

    इससे पहले इसराइल डिफेंस फ़ोर्सेज़ (आईडीएफ़) ने कहा था कि उसका एयर डिफ़ेंस सिस्टम यमन से उसकी सीमा की ओर दागी गई मिसाइल को रोक रहा है.

    इसके कुछ ही मिनट बाद इसराइली सेना ने घोषणा की कि अब लोगों के लिए शेल्टर से बाहर निकलना सुरक्षित है.

    यह पिछले एक हफ़्ते में हूतियों के इसराइल पर किए गए कई हमलों के बाद हुआ है.

    हूतियों ने कहा था कि उन्होंने 28 मार्च को इसराइल के ख़िलाफ़ कई मिसाइलें दागी थीं. यह ईरान के साथ अमेरिका और इसराइल का युद्ध शुरू होने के बाद हूतियों का पहला हमला था.

  17. डोनाल्ड ट्रंप का दावा- 'तेहरान हमले में ईरानी सेना के कई शीर्ष अधिकारी मारे गए'

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Aaron Schwartz/CNP/Bloomberg via Getty

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि तेहरान में 'और भी बहुत कुछ' तबाह हुआ है (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल प्लेटफ़ॉर्म पर एक वीडियो साझा किया है, जिसके बारे में उनका कहना है कि इसमें ईरान की राजधानी तेहरान पर हुआ 'भीषण हमला' दिखाया गया है.

    उन्होंने दावा किया है कि 'ईरानी सेना के कई शीर्ष अधिकारी, जिन्होंने ग़लत और नासमझी भरे तरीक़े से सेना का नेतृत्व किया, इस हमले के बाद ख़त्म हो गए हैं.'

    ट्रंप ने इसके आगे कहा, "और भी बहुत कुछ तबाह हुआ है."

    वीडियो में रात के समय बड़े धमाके दिखाई दे रहे हैं, हालांकि यह साफ़ नहीं है कि यह वीडियो कहाँ का है और इसे कब रिकॉर्ड किया गया.

    अमेरिका की तरफ़ से इस पर कोई और जानकारी नहीं दी गई है और ट्रंप के दावों पर ईरान की तरफ़ से भी अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.

  18. 'तुम्हारे लिए नरक के दरवाजे खुल जाएंगे', ट्रंप की '48 घंटे' वाली धमकी पर ईरान की कड़ी प्रतिक्रिया

    इब्राहिम ज़ुल्फ़क़ारी

    इमेज स्रोत, IRNA

    इमेज कैप्शन, ख़ातम अल‑अनबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर के प्रवक्ता ने भी एक वीडियो संदेश जारी किया है

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की धमकी के बाद ईरान के ख़ातम अल‑अनबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है.

    ट्रंप ने शनिवार को कहा था, "मैंने ईरान को समझौता करने या होर्मुज़ स्ट्रेट खोलने के लिए 10 दिन का समय दिया था. समय ख़त्म हो रहा है. उन पर क़हर टूटने में बस 48 घंटे बाक़ी हैं."

    बीबीसी फ़ारसी सेवा के मुताबिक़, ट्रंप की टिप्पणी पर ख़ातम अल‑अनबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर के कमांडर मेजर जनरल अली अब्दुल्लाही का बयान आया है.

    उन्होंने कहा, "अमेरिकी हमले की स्थिति में, हम उनकी आतंकवादी सेना से जुड़े सभी इन्फ़्रास्ट्रक्चर और ज़ायोनी शासन से जुड़े इन्फ़्रास्ट्रक्चर पर लगातार हमले करेंगे."

    अब्दुल्लाही ने कहा, "जब से हम पर थोपा हुआ यह युद्ध हमने शुरू किया है, हमने वो सब किया है जो हमने कहा है. इस संदेश का सीधा सा अर्थ यह है कि नरक के द्वार तुम्हारे लिए खुल जाएंगे."

    ख़ातम अल‑अनबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर के प्रवक्ता कर्नल इब्राहिम ज़ुल्फ़ग़ारी ने भी एक वीडियो संदेश जारी किया है. हालांकि, इसमें उन्होंने ट्रंप की धमकी का ज़िक्र नहीं किया है.

    बीबीसी फ़ारसी सेवा के मुताबिक़,ज़ुल्फ़क़ारी ने कहा, "यह मत भूलो कि अगर बुराई फैलती है, तो पूरा क्षेत्र तुम्हारे लिए नरक बन जाएगा. ईरान के इस्लामी गणराज्य की हार का भ्रम तुम्हारे लिए एक दलदल बन गया है जिसमें तुम डूब जाओगे."

  19. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.