You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
विराट कोहली: 20 लाख रुपये से शुरू हुए सफ़र का 18 साल लंबा इंतज़ार
- Author, प्रवीण
- पदनाम, बीबीसी संवाददाता
- पढ़ने का समय: 5 मिनट
इंतज़ार... 18 साल लंबा इंतज़ार.
नंबर वन खिलाड़ी के चैंपियन बनने का इंतज़ार.
साल 2008 में इंडियन प्रीमियर लीग की शुरुआत के साथ शुरू हुए इस इंतज़ार का सिलसिला तीन जून 2025 को थम गया.
आईपीएल 2025 के फ़ाइनल मुकाबले में पंजाब किंग्स के बल्लेबाज शशांक सिंह जब आख़िरी ओवर की दूसरी गेंद पर बाउंड्री लगाने से चूक गए तो आरसीबी की जीत लगभग तय हो गई. और विराट कोहली की नम हुई आंखें अधूरे ख़्वाब के पूरे होने की कहानी को बयां करने लगीं.
इसके बाद हर गुजरती गेंद के साथ आरसीबी की जीत पक्की होती गई और विराट कोहली की भावुकता चरम पर पहुंचती गई.
कभी वो नम आंखों को छुपा रहे थे, तो कभी आसमान की तरफ देख रहे थे. और जैसे ही आरसीबी ने पंजाब किंग्स को छह रन से मात दी तो विराट कोहली की खुशी का ठिकाना नहीं रहा.
कोहली घुटनों के बल मैदान पर बैठ गए और उन्होंने अपने चेहरे को हाथों से ढंक लिया.
जीत से भावुक हुए विराट ने कहा कि उन्होंने सोचा नहीं था कि उन्हें कभी ये दिन देखने को मिलेगा.
आरसीबी ने 2008 में लगाया था विराट पर दांव
आरसीबी ने विराट कोहली पर उस वक्त दांव लगाया था जब उन्होंने टीम इंडिया के लिए डेब्यू भी नहीं किया था.
आरसीबी के पहली बार चैंपियन बनने पर विराट कोहली ने कहा कि यह जीत जितनी टीम की है उतनी है फैन्स की भी है.
विराट कोहली ने कहा, "18 साल का लंबा इंतज़ार रहा है. मैंने अपनी जवानी, अपना प्राइम, अपना अनुभव दिया. मैंने अपना सब कुछ दिया. मैंने सोचा नहीं था कि कभी ये दिन आएगा. जैसे ही आख़िरी गेंद फेंकी गई, मैं भावुक हो गया."
उन्होंने कहा, "जो भी हुआ, मैं इस टीम के साथ जुड़ा रहा. ऐसे लम्हे आए जब मैंने अलग सोचा, लेकिन फिर भी मैं इस टीम के साथ जुड़ा रहा. मेरा दिल बेंगलुरु के साथ है, मेरी आत्मा बेंगलुरु और इस टीम के साथ है और यही वो टीम है जिसके साथ मैं तब तक रहूंगा जब तक मैं आईपीएल खेलूंगा."
विराट कोहली ने कहा कि ये जीत उनके करियर के सर्वश्रेष्ठ लम्हों में से एक है.
विराट ने कहा, "आज मैं एक बच्चे की तरह सोने जा रहा हूं. बहुत सारे लोगों ने ऑक्शन के बाद हम पर सवाल उठाए. लेकिन जो हमारे पास था हम उससे खुश थे. मेरे बारे में पहले ही बहुत कुछ कहा जा चुका है. ये जीत बेंगलुरु के लिए है."
पहले सीजन में विराट को मिले थे 20 लाख रुपये
विराट कोहली उस वक्त चर्चा में आए थे जब 2008 में उनकी अगुवाई में टीम इंडिया अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने में कामयाब रही थी.
चूंकि विराट कोहली के पास इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने का अनुभव नहीं था इसलिए उन्हें आरसीबी ने पहले सीजन में 20 लाख रुपये में खरीदा था.
'इंडियन एक्सप्रेस' को दिए एक इंटरव्यू में विराट कोहली ने पहले सीजन की ऑक्शन का ज़िक्र किया था. उन्होंने कहा था, "जब नीलामी हुई तब हम मलेशिया में थे. हमें फर्स्ट क्लास क्रिकेटर्स के तौर पर खरीदा गया जिन्हें 20 लाख रुपये मिलते थे. हमारी खुशी का ठिकाना नहीं था. हमें 20 लाख रुपये मिले. उसके पीछे इमोशंस थे."
इसके बाद विराट कोहली ने आईपीएल और इंटरनेशनल क्रिकेट में कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा.
पहले सीजन में विराट कोहली के बल्ले से ज्यादा रन नहीं निकले और उन्होंने 13 मैच में 165 रन ही बनाए.
लेकिन 2010 तक आते-आते उनके प्रदर्शन में सुधार हुआ और वो पहली बार एक सीजन में 300 से ज्यादा रन बनाने में कामयाब रहे.
2011 में बने कप्तान
2011 में विराट कोहली को रॉयल चैलेंजर्स का कप्तान नियुक्त किया गया. विराट कोहली ने बल्ले से कमाल करते हुए 16 मैचों में 557 रन बनाए और आरसीबी दूसरी बार आईपीएल के फाइनल में पहुंचने में कामयाब रही.
लेकिन धोनी की चेन्नई सुपर किंग्स ने आरसीबी को खिताब जीतने से रोक दिया.
तमाम सालों की निराशाओं के बीच 2016 में विराट कोहली एक अलग ही जिद लेकर मैदान में उतरे. विराट कोहली ने एक ही सीजन में तमाम नए कीर्तिमान रच दिए.
विराट कोहली ने 16 मैचों में रिकॉर्ड 973 रन बनाए. उनके बल्ले से चार शतक और सात अर्द्धशतक निकले. आरसीबी तीसरी बार फ़ाइनल में पहुंची.
लेकिन महज आठ रन के अंतर से सनराइजर्स हैदराबाद ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को फाइनल में मात दी और विराट कोहली का ख़्वाब एक बार फिर से अधूरा रह गया.
ख़्वाब जो पूरा हुआ
हर गुजरते साल के साथ विराट कोहली के बल्ले से रन तो निकलते रहे, लेकिन खिताब जीतना टीम के लिए बस ख्वाब ही रहा.
चैंपियन नहीं बन पाने की निराशा के बीच 2023 के सीजन की शुरुआत से पहले विराट कोहली ने आरसीबी की कप्तानी छोड़ दी.
लेकिन उन्होंने आरसीबी को चैंपियन बनाने के लिए बल्ले से कमाल करना जारी रखा.
2023 में विराट कोहली के बल्ले से 639 रन निकले और 2024 में वो 741 रन बनाने में कामयाब रहे.
इस बीच विराट कोहली आईपीएल में आठ हजार रन बनाने वाले वो पहले खिलाड़ी बने.
इस साल भी विराट कोहली ने आरसीबी को चैंपियन बनाने के लिए जी जान लगा दी.
विराट कोहली ने 15 मैच में 657 रन बनाए और उन्होंने आख़िरकार अपने 18 साल से अधूरे ख़्वाब को पूरा होते हुए देखा.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)