You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
अनिकेत वर्मा: बचपन में मां का साथ छूटा, चाचा ने संभाला, आईपीएल में कैसे बनाई जगह
आईपीएल का आगाज़ हो चुका है, इस टूर्नामेंट में जहां क्रिकेट के कई मौजूदा स्टार्स अलग-अलग रंग में दिखते हैं, वहीं कई नए सितारे भी यहां अपनी चमक दिखाने में कामयाब हो जाते हैं.
ऐसे ही एक सितारे की चमक शनिवार शाम को देखने को मिली. आईपीएल के 19वें सीज़न के पहले मैच में सनराइज़र्स हैदराबाद की टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के ख़िलाफ़ मैदान में उतरी.
मैच में आरसीबी ने चिन्नास्वामी स्टेडियम में हैदराबाद को आसानी से हरा दिया. इस मुक़ाबले में आरसीबी के विराट कोहली ने सुर्खियाँ बटोरीं और हैदराबाद की तरफ से ईशान किशन की 38 गेंदों में 80 रनों की पारी की भी खूब चर्चा हुई.
जबकि हैदराबाद की तरफ़ से खेलते हुए अनिकेत वर्मा ने 18 गेंदों पर 43 रनों की पारी खेली. उन्होंने 7वें नंबर पर बल्लेबाज़ी की और पारी में तीन चौकों के साथ 4 छक्के भी जड़े. उनकी पारी पर हैदराबाद की टीम ने लिखा, 'बेहतरीन खेल,अनिकेत वर्मा.'
बीबीसी हिंदी के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
अनिकेत वर्मा के बचपन का सफर काफ़ी संघर्षों से भरा रहा है और अब वो एक ऐसे मुकाम पर ज़रूर पहुंच चुके हैं, जहाँ क्रिकेट के फ़ैन्स की नज़र उन पर होती है.
निचले क्रम में उतरकर अनिकेत ने जो पारी खेली उसने हैदराबाद का स्कोर 200 के पार पहुँचाने में अहम भूमिका निभाई.
इस कहानी में हम अनिकेत वर्मा और क्रिकेट खेलने के लिए उनके संघर्ष के बारे में जानेंगे.
जब फ़ोन ख़रीदने के लिए लेना पड़ा कर्ज़
अनिकेत वर्मा का जन्म उत्तर प्रदेश के झांसी में हुआ है. बाद में वो मध्य प्रदेश के भोपाल शिफ़्ट हो गए.
अनिकेत ने महज़ तीन साल की उम्र में अपनी मां को खो दिया था. उनके परिवार की आर्थिक स्थिति काफ़ी कमज़ोर थी.
इन तमाम परेशानियों के बीच अनिकेत का क्रिकेट को लेकर समर्पण बना रहा और वो इसके लिए संघर्ष करते रहे.
अनिकेत वर्मा ख़ुद बताते हैं, "जब हम भोपाल शिफ़्ट हुए थे तो आर्थिक तौर पर बहुत कमज़ोर थे. हमारे चाचा पहले से ही भोपाल में रहते थे. हम उनके साथ रहने आए थे."
उनका कहना है कि भोपाल में उनके परिवार के पास अपना घर नहीं था और वो किराये पर ही रहते थे.
अनिकेत बताते हैं, "याद है कि मुझे अंडर 15 में खेलने के लिए जाना था और मेरे पास कोई फ़ोन नहीं था. उस समय चाचा दो-तीन हज़ार रुपये की नौकरी करते थे. फ़ोन 7 हज़ार रुपये का मिल रहा था तो उन्होंने दो-तीन लोगों से उधार लेकर मेरे लिए फ़ोन ख़रीदा था."
अब अनिकेत ने पिछले साल ही अपना घर ख़रीदा है.
जब अनिकेत वर्मा को आईपीएल 2025 के लिए सनराइज़र्स हैदराबाद की टीम ने ख़रीदा, तब तक उन्होंने टीम इंडिया के लिए कोई मैच नहीं खेला था.
ईएसपीएन क्रिकइन्फ़ो के मुताबिक़, उन्हें 30 लाख रुपये के बेस प्राइस पर ख़रीदा गया था.
तूफ़ानी बल्लेबाज़ के तौर पर मिली पहचान
अनिकेत मिडिल-ऑर्डर के तूफ़ानी बल्लेबाज़ के तौर पर मशहूर हैं. उन्होंने दिसंबर 2024 में अंडर-23 वनडे टूर्नामेंट में कर्नाटक के ख़िलाफ़ मध्य प्रदेश की ओर से खेलते हुए 75 गेंदों में 6 चौकों और 8 छक्कों की मदद से नाबाद 101 रन बनाए.
इस पारी की बदौलत वो सुर्खियों में आए.
उस सिरीज़ में उन्होंने सात मैच खेले, जिसमें 16 छक्कों की मदद से कुल 184 रन बनाए. इस दौरान उनका औसत 46 और स्ट्राइक रेट 152.06 रहा.
इससे पहले जून 2024 में उन्होंने मध्य प्रदेश लीग में भोपाल लेपर्ड्स के लिए खेला था. तब उन्होंने छह पारियों में 195.00 के स्ट्राइक रेट से 273 रन बनाए थे.
लीग में उनकी सबसे बेहतरीन पारी 41 गेंदों पर 123 रनों की थी, जिसमें उन्होंने13 छक्के जड़े थे. इस पारी की मदद से उनकी टीम 278 रनों का विशाल स्कोर खड़ा करने में सफल रही.
उन्होंने सीनियर क्रिकेट में अपना पहला टी20 मैच सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मध्य प्रदेश की ओर से हैदराबाद के ख़िलाफ़ खेला था. हालाँकि उस मैच में वो बिना कोई रन बनाए आउट हो गए थे.
आईपीएल 2025, 23 साल की उम्र में राजस्थान रॉयल्स के ख़िलाफ़ सनराइज़र्स हैदराबाद के लिए अपना पहला मैच खेलने से पहले उन्होंने यही एकमात्र टी-20 मैच खेला था.
आईपीएल में प्रदर्शन
हैदराबाद के लिए अपने दूसरे मैच में अनिकेत ने 13 गेंदों पर 36 रन बनाए, जिसमें पाँच छक्के शामिल थे. इसके बाद के मैच में उन्होंने 41 गेंदों पर छह छक्कों के साथ 74 रन बनाए.
आईपीएल के पिछले सीज़न में उन्होंने टीम के लिए सभी 14 मैच खेले और 166.19 के स्ट्राइक रेट से 236 रन बनाए.
आईपीएल के इस सीज़न में अनिकेत ने जिस तरह की शुरुतात की है, उसके पूरे सीज़न उनके खेल पर क्रिकेट प्रेमियों की नज़र होगी.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.