सचिन अब भी क्रिकेट के भगवान

सचिन तेंदुलकर का अपने प्रशंसकों और अपने साथी खिलाड़ियों के बीच क्रिकेट के भगवान का रुतबा अब भी क़ायम है.
यह कहना है भारतीय टीम के फ़ास्ट बॉलिंग कोच जो डावेस का.
पूर्व आस्ट्रेलियाई खिलाड़ी जो डावेस पिछले नौ महीनों से लगातार तेंदुलकर के साथ हैं.
सिडनी में डावेस ने कहा कि सचिन के साथी खिलाड़ी उनकी हर मुद्रा की नक़ल करते हैं, यहां तक कि लिटिल मास्टर की तरह टीम बस में अपने बैट लेकर सवार होते हैं.
डावेस मज़ाक में कहते हैं कि जब बहुत हो गया तो मैंने पुछल्ले बल्लेबाज़ों को कह दिया कि वो अपने बैट लेकर बस में नहीं आएंगे तो कभी अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाज़ बने नहीं रह सकते.
दबाव में हैं लिटिल मास्टर
ऑस्ट्रेलिया से चार-टेस्ट मैचों की श्रृंखला खेलने जा रहे 39 साल के सचिन ने दो साल से कोई शतक नहीं लगाया है.
ऐसी अफ़वाहें हैं कि आस्ट्रेलिया के साथ होने वाली चार-टेस्ट की श्रृंखला सचिन की आख़िरी टेस्ट श्रृंखला हो सकती है.
डावेस कहते हैं कि सचिन दबाव तो ज़रूर महसूस कर रहे होंगे लेकिन इससे उनकी क्षमताओं पर कोई असर नहीं पड़ा है.
डावेस के अनुसार अभ्यास सत्रों में साफ़ नज़र आता है कि अपनी उम्र के बावजूद तेंदुलकर हर चीज़ पर बारीक नज़र रखते हैं और सर्वश्रेष्ठ की कोशिश करते हैं.
बॉलिंग कोच यह भी कहते हैं कि ड्रेसिंग रूम में तेंदुलकर की उपस्थिति भर से उनके साथी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ जाता है.
































